Thursday, April 26, 2012

इप्टा की तमिलनाडु राज्य इकाई का उद्घाटन

"इप्टा" की तमिलनाडु राज्य इकाई ने एक स्वतंत्र निकाय के रूप में काम करना प्रारंभ कर दिया है। इससे पूर्व वहां पर इप्टा "तमिलनाडु प्रगतिशील लेखक व कलाकार संघ" के एक घटक अंग के रूप में काम करती थी।


विगत् मार्च महीने में तमिलनाडु कला व संस्कृति अकादमी ने तमिलनाडु के तिरूवन्नामलाई में इप्टा की राज्य इकाई का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, तमिलनाडु राज्य इकाई के उप सचिव कामरेड सी. महेन्दिरन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कामरेड डॉ. आर. कामारासु ने तमिलनाडु कला व संस्कृति अकादमी की उपलब्धियों को रेखंकित किया। पदाधिकारियों के रूप में जिन्हें नामित किया गया वे हैं कामरेड कैलाश मूर्ति, अध्यक्ष; कामरेड कोवी सेल्वराज, सचिव व कामरेड एस. सक्तीवेल को कोषाध्यक्ष के रूप में। इस अवसर पर कोवी सेल्वराज द्वारा निर्देशित एक नाटक ‘‘सीथायनम’’ का मंचन भी किया गया।  





Wednesday, April 25, 2012

इप्टा की ‘थियेटर इन एक्टिंग’ कार्यशाला 1 मई से

जयपुर । मई 2012 दिनांक 1 मई से इंडियन पीपुल्स थियेटर एसोसिएशन (इप्टा) जयपुर द्वारा 45 दिवसीय अभिनय कार्यशाला का आयोजन रवीन्द्र मंच पर शुरू होगा, जिसका समय प्रातः 8.30 बजे से 12.30 बजे तक रहेगा। यह कार्यशाला दो चरणों में होगी।

इस बार इस कार्यशाला में ‘लिटिल इप्टा’ द्वारा बच्चों का नाटक भी तैयार किया जायेगा। लिटिल इप्टा कार्यशाला में 10 से 16 वर्ष तक के लडके - लडकियाँ पहले चरण में भाग लेगे। इप्टा के अध्यक्ष संजय विद्रोही ने बताया अभिनय नाट्य कार्यशाला में दूसरे चरण में 17 से उपर वाले आयु वर्ग के लडके - लडकियाँ भाग ले सकेगे। कार्यशाला के कलाकारों को इप्टा जयपुर संस्था के साथ नये नाटकों में अभिनय के लिए एक साल का अनुबंध करार करना अनिवार्य होगा। उन्हें प्राथमिकता दी जायेगी।

इस कार्यशाला में अभिनय, स्पीच, वॉइस एण्ड मोडुलेशन, योगा, करेक्टर एनालाइसिस, ऑब्जरवेशन, इम्परोवाइजेशन, यूज ऑफ प्रॉपरटिज एण्ड स्पेस, बॉडी लेंग्वेज, स्टोरी मेंकिग एण्ड टेलिंग, उर्दू उच्चारण, अशुद्धियाँ उच्चारण-आदि कलाकारों को सिखाया जायेगा। इप्टा की नाट्य कार्यशाला में दो फिल्में ‘‘धरती के लाल’’ एवं ‘‘नीचा नगर’’ भी कार्यशाला के कलाकारों को दिखाई जाऐगी।

इसके अलावा नाटकों में प्रयोग होने वाली तकनीकी विधा में जैसे:- लाईट, सेट, मेकअप, कोस्टयूम डिजाईनिग आदि की जानकरी दी जायेगी। इसके अलावा थियेटर गैम्स, हिस्ट्री एण्ड डवलपमेन्ट ऑफ थियेटर, एक्टिंग आदि के बारे में राजस्थान के जाने माने वरिष्ठ नाट्य एवं लेखक रंगकर्मी रणवीर सिंह द्वारा कलाकारों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह कार्यशाला नवांकुर कलाकारों के पर्सनालिटी डेवलपमेन्ट में कारगर सिद्ध होगी। इस 45 दिन की कार्यशाला के अन्त में कलाकारों द्वारा दो नये नाटकों का मंचन होगा, जिसमें एक नाटक बच्चों के लिए तथा दूसरा नाटक युवा वर्ग के लिए होगा। अधिक जानकारी के लिए प्रशिक्षणार्थी कार्य शाला के बारे में इस नम्बर पर 9413341651, 9001090095, 9784017488 पर सम्पर्क कर सकते हैं। कार्यशाला के समापन के पश्चात् कलाकारों को सर्टिफिकेट दिये जायेंगे। इन्हीं कलाकारों द्वारा साल 2012-13 मार्च तक करीब 4 नये नाटकों (हर तीन माह में एक नया नाटक) का कलाकारों से अनुबन्ध के आधार पर मंचन किया जायेगा। इस पूरी कार्यशाला का निर्देशन संजय विद्रोही एवं केशव गुप्ता करेगें। कार्यशाला में भाग लेने से पूर्व नये कलाकारों का ऑडिशन 30 मई 2012 को लिया जायेगा। कार्यशाला के लिये फार्म रवीन्द्र मंच से प्रातः 9.00 बजे से 12.00 बजे एवं शाय 6.00 बजे से 8.30 बजे तक प्राप्त किये जा सकते हैं।

-संजय विद्रोही (अध्यक्ष)
इप्टा, जयपुर


ज़िन्दगी ख़ामोश हो के रह गयी ... तुम चले गये .... रवि

-अखिलेश दीक्षित

रवि.... 
किस  क़दर  जानलेवा इत्तेफ़ाक है कि अभी कुछ घंटों पहले इकबाल बानो की तीसरी बरसी पर कुछ लिखा ही था कि पता चला   ....तुमने भी 21 अप्रैल ही चुनी ..... भला इन्क़लाब ज़िंदाबाद के बगैर कैसे आसमान तक जाता....
और ये भी कि लखनऊ से लखनऊ  का एक अहम हिस्सा जुदा हो गया ....


मौत ने चुपके से जाने क्या कहा
ज़िन्दगी ख़ामोश हो के रह गयी .....
रात मौत एक गीत गाती थी
ज़िन्दगी झूम-झूम जाती थी .... 


ये  दोनों अश’आर तुम जब तब सुना ही देते थे .....जबसे मोसिक़ी और शायरी, थिएटर,  इश्क़-ओ-मोहब्बत, जिद्दत, संघर्ष,बेबाकी, शैतानियों-शरारतों, लड़ाई झगड़े, प्रेम और चिढ़ ( जो कभी-कभी नफ़रतों के आस-पास भी पहुँचने चने लगती थी ..मगर ज़्यादा देर नहीं ) , जान ले लेने और जान दे देने के जज़्बे, सरोकारों के सैलाब से  नकारने के तूफ़ान तक ...और न जाने ऐसी ही  हज़ारों हज़ार कैफ़ियतों   ने हमें एक दूसरे के क़रीब लाकर आमने सामने  खड़ा कर  दिया.. पिछले  30-32 बरसों   में.... तब से आज तक  मौत के साथ जो तुम्हारी रूमानियत रही है...  ...उसे मुझसे ज़्यादा कौन जानता समझता होगा ....ऐसा मेरा सोचना है ....  कहीं कोई और भी हो सकता है या होगा ही.... ये तुम जानो...!!



 आज... अब जो कल हो गया है ... ये आज भी कितनी जल्दी कल में बदल जाता है कम्बख्त...आज सुबह ही तो तुम्हें राग देस में राशिद खान की  बंदिश..." करम कर दीजै करतार " सुनाने के लिये फोन किया था ..खांसी की वजह से तुम यूँ तो उसे नहीं सुन पाए ...मगर तुमने सुन ही ली ...और करतार का करम हो ही गया.. तुम चले गये ..

     आज... अब जो कल हो गया है ... ये आज भी कितनी जल्दी कल में बदल जाता है कम्बख्त...आज सुबह ही तो तुम्हें राग देस में राशिद खान की  बंदिश..." करम कर दीजै करतार " सुनाने के लिये फोन किया था ... खांसी की वजह से तुम यूँ तो उसे नहीं सुन पाए ...मगर तुमने सुन ही ली ...और करतार का करम हो ही गया....
 
तुम चले गये ....
 
तुम्हारी आख़िरी साँस का खयाल मुझे हज़ारों लाखों मनाज़िर के हुजूम में डुबोता  रहा है ... सच कहूँ तो पिछले कई बरसों से ......मगर हमेशा ये ताज्जुब होता था और अजीब भी लगता रहा  कि ये  ख़याल मुझे इतना विचलित या परेशान  क्यों नहीं करता जितना कि आम तौर पे करना चाहिए... शायद इस लिए कि हम इस आम तौर से ज़रा दूर ही रहे....पर  कौन जानेगा  या जान सका ....किसी को जानने की कोई  ज़रूरत भी नहीं ...और... अब तो कोई सवाल ही नहीं ... कि आधे भरे हुए  मंज़र तुम ले गए और आधे भरे हुए  मेरे पास छोड़ गए जो मेरे साथ जायेंगे....
कि ..जबसे इस जान लेवा बीमारी ने तुम्हें घेरा तब से...


 पिछले बरसों   जब जब लखनऊ आया और तुमसे मिला ...हम कह कुछ और रहे होते और बोल कुछ और रहे होते...मगर जो कह रहे होते थे वही और सिर्फ़ वही सुन भी रहे होते थे. और तुम हमेशा हौले से मुस्करा देते थे ... अपने ख़ास अन्दाज़ में कलाई को दाहिने से बाएं घुमाते हुए कहते ..." अमा सब सही है ...अच्छा ये सुनो ..." और कोई कविता या शे'र सुनाने लगते ....

उस के बाद और यूँ  भी कई बार तुम वर्धा फ़ोन करके  अशआ'र , नज़्में , ग़ज़लें सुनाते थे देर देर तक ....मुझसे कहते ..." मिसरा रिपीट कीजिये   .... आप  तो ख़ामोश हो जाते हैं  ...आपकी ज़िंदा आवाज़ का अहसास होता रहे तभी लुत्फ़ आएगा ..सुकून आएगा ".... ज़िंदा आवाज़ पर तुम्हारा बहुत ज़ोर रहता था...


और इस बार 4 अप्रैल को जब पी.जी.आई. में तुम्हारे पास ..तुम्हारे साथ-साथ  बैठा  ..तुम कुछ बोल कर चुप हो जाते ...थक जाते ...उन दो-ढाई घंटों में 8-10 वाक्यों का आदान प्रदान हुआ होगा...शायद और कम... मेरे चलते-चलते तुम बोले “ मित्र मैं ऐसे पड़ा हूँ ... बेपनाह दर्द झेलते ...सब परेशान  हैं मुझे झेलते...तो वैसे भी क्या फ़र्क पड़ता है यार ..”  जवाब तो ये बनता था  “ क्यों नहीं पड़ता ...” जो तुम्हें बिलकुल पसंद नहीं आता .... और फिर मेरी ख़ामोशी और तुम्हारी आँखों में तैरते मौत के सायों ने कुछ सरगोशियाँ कीं ...!! मैं चला आया ... मगर तुम भी तो ग़ज़ब ही चीज़ हो....6 अप्रैल को फ़ोन करके पूछते हो “कहाँ हो“... मैंने बताया .. तुम बोले “मैंने तुमको फ़ोन ये देखने के लिए किया कि मुझे तुम्हारा लखनऊ वाला मोबाइल नम्बर याद है या नहीं”..मैंने हँसते हुए कहा “अबे तुम कभी कुछ भूलते हो क्या ?” मेरी बात को कोई तवज्जो न देते हुए तुम फिर बोले “परसों तुम वर्धा जा रहे हो..तुम्हारा यहाँ आना तो अब शायद न हो सके मगर ग़ालिब की गज़ल हजारों ख्वाहिशें ऐसी के सारे अश’आर यानी मुकम्मल गज़ल आप हमको फ़ोन पे सुना के तभी वर्धा जायेंगे|” मैंने फिर हँसे हुए ही कहा “हुकुम”.. और तुमने अपने खास अंदाज़ में कहा “अब बस रखता हूँ” .... !! और फिर 8 तारीख़ को सुबह वर्धा निकलने से पहले तुम्हें वो गज़ल पूरी सुनाई.. फ़ोन पे ...और वो ‘कान पर रख के क़लम निकले’ वाला  शे’र तो तुमने कितनी बार सुना...


हाँ तो बात सुकून और लुत्फ़ की  हो रही थी ..   आह.. इस लुत्फ़-ओ-सुकून  की तलाश ने तुम्हें कहाँ-कहाँ नहीं भटकाया.... कितने मनाज़िर परखे  ... कितनी गलियाँ छानी ... कितने शहर घूमे ... कितने देश भी हो आये ..मगर पुरसुकून लुत्फ़ कभी दो चार दिनों से ज़्यादा नहीं रुका ....फिर ये  लगा कि ये दो-चार दिन थे भी या नहीं...कितने  शहरों और गावों की  कितनी रातें...सुबह-ओ-शामें याद दिलाऊँ जब सुबह तक ...छोड़ो यार...  हाँ  ....जिस सुकून  की तलाश तुम्हें चैन से नहीं बैठने देती थी वो क्या सुकरात  से लेकर ग़ालिब और राधा से लेके मीरा ...कबीर ..नज़ीर.. हज़रत-ए-खिज्र ,रूमी,  राहुल सांकृत्यायन और इसी सिलसिले के किसी भी नुमाइंदे को हासिल हुआ है क्या ...दरअस्ल  तलाश बेचैनी की होती है .... और ये तुम ख़ूब जानते थे .... मगर फिर भी तुम क्या करते ... और कोई भी क्या करता ....   वाली आसी साहब की  बात याद है ..जब हम लोगों ने मर्कज़-ए-दीन-ओ-अदब में शिकेब जलाली का ज़िक्र करते हुए कहा था  कि काश हम लोग वहाँ होते ....कितनी जोर से नाराज़ होकर बोले थे .." आप क्या कर लेते .."..तब समझ में नहीं आया था लेकिन बाद में धीरे-धीरे उनकी बात  हम दोनों को समझ में आने लगी थी....शायद...



तुम तुम हो ....इश्क की घिर्री ...मोहब्बत की रस्सी ... सरोकारों का घड़ा .... दुनिया को बेहतर बनाने की जद्द-ओ-जह्द में हमेशा मुब्तिला...जो बोझ तुम अपने सीने में जज़्ब किये चले गये हो  ....ग़म-ए-जाना से ग़म-ए-दौराँ तक फैले तुम्हारे अहसासात के समुन्दर की गहराई को ख़ूब जानता समझता रहा हूँ .... तुम्हारे दर्द के विरसे का वारिस हूँ....तुम्हारी मुस्कराहटों का ख़ैरख़्वाह  भी....  
 
खैर .....तुम तुम हो ....इश्क की घिर्री ...मोहब्बत की रस्सी ... सरोकारों का घड़ा .... दुनिया को बेहतर बनाने की जद्द-ओ-जह्द में हमेशा मुब्तिला...जो बोझ तुम अपने सीने में जज़्ब किये चले गये हो  ....ग़म-ए-जाना से ग़म-ए-दौराँ तक फैले तुम्हारे अहसासात के समुन्दर की गहराई को ख़ूब जानता समझता रहा हूँ .... तुम्हारे दर्द के विरसे का वारिस हूँ....तुम्हारी मुस्कराहटों का ख़ैरख़्वाह  भी....  दोस्त ....कितनी बार हम रक़ीब और रफ़ीक़  एक साथ ही रहे .... और उस वक़्त क्या मज़े होते थे...  क्या उलझने रहती थीं ... क्या सिलसिले रहते थे ... क्या मनाज़िर बनते थे  ....हमारी  इकतरफ़ा आशिक़ी  के क्या कहने.. इधर हम दोनो और उधर कोई एक..किसी के पान खाये दांत तो किसी का अंदाज़, किसी का गर्दन टेढ़ी करके सुर लगाना...किसी के गले की जवारी..किसी का आइना देखने का अंदाज़, किसी की इंटेलीजेंस, किसी की गत... अब कितना बयां करूं.... मुझे याद सब है ज़रा-ज़रा नहीं ..पूरा-पूरा ... तुम्हें भी है ..मैं जानता हूँ ...
 
 तुम्हारा ग़मख़ाना... उसकी धूम..... जाम-ए-मय-ए-तल्ख़..... तुम्हारी बोतल....तुम्हारा साज़... तुम्हारी आवाज़....तुम्हारा ग़ुरूर... तुम्हारा सुरूर...तुम्हारे अक़ीदे.... तुम्हारे वहम..  पुरअसरार ख़यालों के महल.....मय-ए-ग़म का ख़ुमार, तुम्हारा जहान-ए-बेदार...सब कुछ नक़्श है मेरे भीतर...उसी तरह  क़तरा-क़तरा....रेज़ा-रेज़ा....जिस तरह वो बनता बिखरता रहा ....


आये थे बेलिबास ही तेरे जहाँ में हम
बस इक कफ़न के वास्ते इतना बड़ा सफ़र ...
.

फिर कहता हूँ ...कह रहा हूँ ... खुले मंच से ... भरे दरबार से ...नुक्कड़ो की  भीड़ के बीचोबीच से .... स्टूडियो की ख़ामोशी से ..प्रेक्षागृहों के ग्रीन रूम्स से ...हारमोनियम ..ढोलक ..तबले...झांझ और दफ़ की  आवाज़ से ...स्टेशनों की बेंचों से, यात्राओं से, पार्कों से, साईकिलों से  ...ट्रकों के सफ़र के बीच से ....रिक्शों की सवारी से ...मरघटों कब्रिस्तानों से..ग़रज़  ये कि   हर उस जगह से हर उस मकाम से  जो हमारी बेचैनियों में कुछ तलाश करते रहने की गवाह हैं ...   सुनो .. पिछले 30 बरसों में हमने एक दूसरे से  एक ही तो दावा किया है ..बगैर कुछ बोले ....कि  तुम्हारे दर्द के विरसे का वारिस हूँ मैं ....तुम्हारी मुस्कराहटों का ख़ैरख़वाह  भी.....


सारी धरती तुम्हारा आँगन
सबके काजल तुम्हारे पारे
सबकी सांसें तुम्हारे धारे
सबकी बोली तुम्हारी बोली
सारे इंसाँ  तुम्हारे प्यारे .... 


और अब क्या है ... तुम्हारे एकतारे के बोल और उसकी झनझन हद-अनहद में... पूरी कायनात में गूंजती रहेगी ...
अच्छा है ..पहले तुमसे मिलने के लिए तुम्हारे घर, रिहर्सल, मंच, स्टूडियो, बार....अरे हाँ...अच्छा याद आया...  क्रिस्टल की याद है..जहाँ पापड़ फ़्री मिलते थे..उन दिनों ...वहाँ वाले राकेश को पता है या नहीं... पता नहीं... अबकी लखनऊ आया तब जाऊँगा... एक बात साफ़-साफ़ समझ लो..पिछले 25-28 सालों में वहाँ अकेला कभी नहीं गया..अबकी भी नहीं जाऊँगा...क्यों कि अब तो जब चाहूंगा जहां चाहूँगा तुम्हें अपने साथ ले जाऊँगा ...तुम्हारी सोहबत भी हो जायेगी...कि तुमसे चेतना का रिश्ता मेरे चेतना शून्य होने तक तो बना ही रहेगा .... ... हमेशा की तरह सड़क पार करते वक़्त मेरी कलाई थामना मत भूलना..  एक बार उस पार आया तो उसके बाद कौन जाने.....और फ़िक्र भी किसे...
 
 मुईन हसन ' जज़्बी ' की वो नज़्म “तो चलूं”  याद आ रही जो  पहली बार तुम्हीं से सुनी थी ...दिसंबर 1983 की एक शाम..शायद पंजवानी के घर पे...

तुम्हारा हमारा क्या ...!!!
सिर्फ़

दीपू  

Tuesday, April 24, 2012

आगरा में महादेव नारायण टंडन स्मृति व्याख्यान


आगरा। विगत दिनों स्वतंत्रता सेनानी और कम्युनिस्ट नेता कामरेड महादेव नारायण टंडन की नवीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए समाजशास्त्री प्रो. राजीव गुप्ता ने कहा कि वह न केवल स्वाधीनता संघर्ष का प्रतिनिधित्व करते हैं बल्कि उन आकांक्षओं का भी, जिन्हें नेहरू जी ने "नियति के साथ मुठभेड़" में व्यक्त किया। राजस्थान विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के निदेशक प्रो. गुप्ता ‘उभरती सामाजिक-राजनीतिक प्रवृत्तियाँ’ विषय पर स्थानीय माथुर वैश्य सभागार में नवां स्मृति व्याख्यान दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, समानता, मानव अधिकार, न्याय, विकास विलुप्त मूल्यों की श्रेणी में शामिल होते जा रहे हैं। सत्तारूढ़ पार्टियों ने असंतुलित राजनीति को बढ़ावा दिया, जिससे क्षेत्रीय अस्मितायें उभर कर आयी हैं। इस प्रक्रिया ने संवैधानिक नागरिकता को चुनौती दी है। मध्यवर्ग व निम्नवर्ग के बीच दूरी बढ़ी है, नतीजतन श्रमिक-किसान आंदोलनों को नुकसान हुआ है।

उनका कहना था राजनीतिविहीनता अराजकता या फासीवाद की ओर ले जायेगी। सिविल सोसायटी जन-जागरण का काम कर सकती है, लेकिन समस्या का समाधान राजनीतिक संस्थानों के ही माध्यम से होगा। बाजार, अर्थव्यवस्था और सांप्रदायिक-जातिगत संकीर्णताओं के चलते जरूरत सशक्त राजनीतिक विचारधारा से जुड़े व्यापक जन-आंदोलन की है।

प्रारंभिक वक्तव्य में वरिष्ठ बाल रोग चिकित्सक डॉ. जे. एन. टंडन ने कहा कि स्व. टंडन नेताओं की विश्वसनीयता के संकट पर चिंतित थे। विकास की गतियाँ सीधी नहीं सर्पिल होती हैं और एक लंबा वैचारिक आंदोलन अपरिहार्य है। संयोजन करते हुए संस्कृतिकर्मी जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि जनता का एक बड़ा हिस्सा अपनी मूल सांस्कृतिक जड़ों से कटता जा रहा है। इसलिये प्रतिबद्ध कलाकर्म को विकसित करना होगा। धन्यवाद भाषण में भाकपा के जिला मंत्री रामस्वरूप् दीक्षित ने कामरेड टंडन की जनता को जनता के अनन्य सेवक, कम्युनिस्ट आंदोलन के समर्थ नेता व मार्क्सवाद के शिक्षक की संबा दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश मिश्रा, सरला जैन व डॉ. पुन्नीसिंह के अध्यक्षमंडल ने की। डॉ. श्रीभगवान शर्मा, सरोज गौरिहार, डॉ. मुकुल श्रीवास्तव, डॉ. मनुकांत शास्त्री, डॉ. अशोक राना, विजय शर्मा, नवाबुद्दीन कुरैशी, चौ. उदयभाव सिंह ने विषय पर हुई चर्चा में भाग लिया। इस अवसर पर मिर्जा शमीम बेग, डॉ. शशि तिवारी, डॉ. बी. के. खंडेलवाल, डॉ. अरूण चतुर्वेदी, राजवीर सिंह राठौर, डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. अजय कालरा, दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. विद्यासागर, विश्वनाथ शर्मा, कल्याण टंडन आदि उपस्थित थे।

प्रस्तुति: जितेन्द्र रघुवंशी

अपने हक के राशन के लिये घरेलू कामगारों का नाटक


मुंबई। प्रभादेवी स्थित भूपेश गुप्त भवन में घरेलू कामगारों के साथ दिनांक 21 से 23 अप्रैल 2012 को ‘‘थियेटर ऑफ रेलवेंस’’ वर्कशाप आयोजित किया गया। आयोजन में उन सभी घरेलू कामगारों ने हिस्सा लिया जो इस व्यवस्था के खौफनाक पंजों से न केवल स्ययं को बचाये हुए हैं, वरन् उनसे लड़ने का भी माद्दा रखते हैं।


कामगारों ने नाटक ‘‘राशन आमचा हक्काचा’’ (राशन हमारे हक का) का प्रदर्शन किया जो उन्हीं के द्वारा तैयार किया गया था। यह नाटक भ्रष्टाचार, कालाबाजारी व जन वितरण प्रणाली में फरेब की पोल खोलता है। कैसी विडंबना है कि इस लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक ओर तो गरीबों की भूख मिटाने के लिये मुट्ठी भर राशन नहीं है और दूसरी ओर यह सरकारी गोदामों में टनों की मात्रा में सड़ रहा है।


इस वर्कशाप में संपूर्ण महाराष्ट्र से ‘घर कामगार मोलकरनी संगठन’ के 40 सदस्यों ने हिस्सा लिया।



Sunday, April 22, 2012

नहीं रहे जन गायक रवि नागर

-संजय सिन्हा
बिहार इप्टा कार्यकारी दल की ओर से जन संगीतकार रवि नागर के असामयिक निधन पर शोक सभा आयोजन बिहार इप्टा कार्यालय, पटना में किया गया. सभा की अध्यक्षता करे हुए बिहार इप्टा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं वरीय संगीतकार सीताराम सिंह ने रवि नागर के निधन को इप्टा आन्दोलन के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा की इप्टा के छः दशकों के जन संगीत सफ़र में साथी नागर एक सशक्त साथी थें. आज भी उनकी रचना 'आज़ादी ही आज़ादी' तथा 'नफस नफस' इप्टा की तमाम इकाइयों का जुबान पर रहने वाले क्रांतिकारी गीत है. हम रवि की कमी को महसूस करते हैं और ऐसे वक़्त में उनके परिवार के साथ पुरे हिंदुस्तान के कलाकार और जन संस्कृतिकर्मी हैं.


बिहार इप्टा के महासचिव और निर्देशक तनवीर अख्तर ने रवि को इप्टा के पुनर्गठन का प्रतिभाशाली साथी बताते हुए कहा की १९९४ में पटना में आयोजित इप्टा स्वर्ण जयंती समारोह में रवि की आवाज़ ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया था. इतने साल बाद भी आज भी रवि नागर की वह आवाज़ और आज़ादी का संगीत इप्टा के हर नौजवान और जनता के आन्दोलन में विश्वास रखने वाले कलाकारों की सामूहिक अभिव्यक्ति है. यह सच है के रवि हमारे बीच नहीं रहें, लेकिन उनके गीत और वह ज़ोरदार आवाज़ इप्टा के झंडे को बुलंद रखेगे. बिहार इप्टा के सचिव डॉ. फीरोज़ अशरफ खान ने रवि नागर निधन को जन संगीत की दुनिया में अपूर्णीय क्षति बताते हुए जानकारी दी के रवि नागर लम्बे समय से बीमार थें और कैंसर रोग से पीड़ित थें. इप्टा के 13 वे राष्ट्रीय सम्मलेन ने रवि जी के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना की थी किन्तु शायद यह कामना काम ना आई. हम इप्टा के साथी रवि जी को याद करते रहेंगे और बिहार इप्टा की ओर से से जल्द ही जन संगीत के अखिल भारतीय समारोह का आयोजन पटना में किया जाएगा.

शोक सभा में वरिष्ठ गायिका रूपा सिंह, पटना इप्टा के संयुक्त सचिव दीपक कुमार एवं विशाल तिवारी, कोषाध्यक्ष पियूष सिंह, श्वेत प्रीति, निशा यादव, दिनेश शर्मा, विनय कुमार, सौरभ, सुमीत सहित कई साथी उपस्थित थें और सबने रवि नागर को याद करते हुए २ मिनट की मौन श्रद्धांजलि दी.

इप्टा के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि यह सोचना बहुत दु:खद है कि इस दौर के जन संगीत के समर्थ प्रतिनिधि भाई रवि नागर का 21 अप्रैल की शाम निधन हो गया। हम लोगों ने एक बहुआयामी प्रतिभा का कलाकार व अपना प्यारा साथी खो दिया है।





Saturday, April 21, 2012

"दास्ताने-चोर" व "जी, जैसी आपकी मर्जी" का मंचन


सप्रसिद्ध अभिनेता व इप्टा के पूर्व उपाध्यक्ष बलराज साहनी की जन्मशती वर्ष के सिलसिले  में अलवर, राजस्थान के ओसवाल स्कूल प्रांगण में विगत दिनों दो नाटकों का मंचन किया गया। इप्टा, अलवर ने नाटक ‘‘दास्ताने-चोर’’ का तथा आकांक्षा संस्थान, जोधपुर ने नाटक ‘‘जी, जैसी आपकी मर्जी’’ की यादगार प्रस्तुति दी।

जगदीश शर्मा द्वारा लिखित व निर्देशित नाटक ‘दास्ताने चोर’ पूंजीवादी अर्थव्यवस्था पर आधारित है, जहाँ एक ओर तो चंद व्यक्तियों के पास धन का अम्बार है, वहीं दूसरी ओर बेकारी, गरीबी व महंगाई की कभी न खत्म होने वाली समस्यायें हैं। इस व्यवस्था के फलस्वरूप पूँजीवादी विलासी जीवन की चकाचौंध एवं मृगमरीचिका उत्पन्न होती है तो दूसरी ओर पारिवारिक रिश्तों में पूर्ण शिथिलता दिखाई पड़ती है। परिस्थितियों के मारे दो चोर एक घर में प्रवेश करते हैं जहाँ एक वृद्ध दंपत्ति का निवास है... और फिर शुरू होता है संवेदनाओं का जलजला जो यह सिद्ध करता है कि मानवीय मूल्यों से मूल्यवान कुछ नहीं है। नाटक में प्रमुख भूमिकायें महेन्द्र सिंह, मंजू सिंह, राजेश महिवाल, संदीप शर्मा, इंदु शर्मा, नीलम शर्मा व राजहंस शर्मा की थीं।

लेखक नादिरा बब्बर व निर्देशक डॉ. विकास कपूर का नाटक ‘‘जी, जैसी आपकी मर्जी, मूलतः चार नारी पात्रों के जीवन-संघर्ष की व्यथा-कथा को चित्रित करता है। ये चार भारतीय नारियां आयु, पृष्ठभूमि, भाषा, रहन-सहन में एक-दूसरे से नितांत भिन्न होते हुए भी एक स्तर पर समान हैं -उनके जीवन के बुनियादी फैसले लेने के लिये वे स्वतंत्र नहीं हैं। आज भी कमाबेश हर नारी को अपने जीवन में शांति बनाये रखनी है और स्वयं को तकलीफों -परेशानियों से दूर रखना है तो उसे अपने जीवन के पुरूष वर्ग से कहना पड़ता है -‘‘जी, जैसी आपकी मर्जी।’’

नाटक में मुख्य भूमिकायें लीला नागर, अनधा पाध्ये, पद्मिनी गौड़, मृणालिनी सिसोदिया, मो. इमरान, पंकज सिंह तँवर, राजकुमार चौहान व मनोहर सिंह चौहान की थीं। संगीत अनिमेष खण्डेलवाल व अंकित दीक्षित का था व नृत्य संयोजन था अनुपमा वकील का। इप्टा, अलवर द्वारा यह आयोजन राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से किया गया।