Thursday, May 24, 2012

वर्तमान परिदृश्य में संस्कृतिकर्मी की भूमिका


-उषा आठले

वर्तमान समय ऐसा खतरनाक समय है जब मानव समाज में व्याप्त सामुदायिक हित की भावना खंडित होकर परिवारवाद और व्यक्तिवाद  तक जा पहुँची है। यहाँ तक कि व्यक्तिगत लाभ की इच्छा से प्रेरित होकर सामुदायिकता जातिवाद और सम्प्रदायवाद का नया रूप धारण कर रही है। इससे पहले समाज के अन्तर्गत ग्राम की समूची सामाजिक-आर्थिक-सांस्कृतिक संरचना आती थी, जिसमें विभिन्न जाति-धर्म-सम्प्रदाय-उम्र-लिंग के लोग विभिन्न इकाइयाँ बनाते थे और ये इकाइयाँ घनिष्ठ रूप से परस्पर सम्बद्ध होती थी। मनुष्य के व्यवहार का सामाजिक दायरा काफी विस्तृत था। परंतु समूचे समाजों में वैश्वीकरण के बाज़ारवादी अर्थशास्त्र के धीमे ज़हर की तरह  प्रविष्ट होने के कारण मनुष्य एक उपभोक्ता में बदलता जा रहा है। मनुष्य की पारस्परिकता परस्पर सहयोग, प्रेम, दया, करूणा के स्थान पर परस्पर लाभ-हानि के समीकरण में घटती जा रही है। कोई व्यक्ति (चाहे वह परिवार का ही बुजुर्ग, बच्चा या माँ-पिता ही क्यों न हो) कब, किस तरह लाभदायक या सहायक हो सकता है, इस पर परस्पर सम्बन्धों की नींव डाली जा रही है। कम कमाने वाला पुत्र या शारीरिक-आर्थिक रूप से अशक्त माँ-पिता अनुपयोगी कहलाते हुए उपेक्षित किये जा रहे हैं, उसी तरह, जिस तरह किसी पूँजी या राज्य के सत्ताधीश के लिए लाभदायी या चापलूस कर्मचारी ही उपयोगी होता है, अन्य उसके लिए आँख की किरकिरी बन जाते हैं।

मानव समाज के इस अवमूल्यन के दौर में संस्कृतिकर्मी की भूमिका पहले से कहीं अधिक संवेदक और जिम्मेदारी की हो गई है। संस्कृतिकर्मी का आशय उस व्यक्ति से है जो मनुष्य के ऐतिहासिक सामुदायिक विकास की परम्परा के श्रम और ज्ञानमूलक मूल्यों से परिचित है; जो वानर से नर बनने की प्रक्रिया में मनुष्य के हाथ के स्वतंत्र होने से लेकर तमाम कला-साहित्य-संस्कृति के अनगिनत रूपों को गढ़ने और अर्जित करने की जद्दोजहद को महसूस करता है। जिसके लिए संस्कृति सिर्फ नाच-गान-उत्सव-खान-पान तक सीमित नहीं है, वरन् वह विभिन्न मानव समूहों की विभिन्न भूखण्डों पर रहने, परन्तु फिर भी परस्पर सम्बद्ध होने की ऐतिहासिक विकास यात्रा की समझ रखता है। सिर्फ ताल-लय, रंगीन प्रकाश और विचित्र वेशभूषा को अपनाकर स्वतःस्फूर्त शारीरिक-मानसिक उत्तेजनाओं का शमन करने वाला व्यक्ति कभी भी संस्कृतिकर्मी नहीं हो सकता। संस्कृतिकर्मी मानवमात्र के बहुआयामी-बहुरंगी जीवन की छटाओं में निहित भावात्मक और विचारात्मक, संवेदनात्मक और भावनात्मक पक्षों से भी परिचित होता है। वह एक गंभीर, विचारवान, सहृदय, उदार दृष्टिसम्पन्न, व्यक्तिगत और सामूहिक अभिव्यक्ति में संतुलन स्थापित करनेवाला क्रियाशील इंसान होता है।

वर्तमान उपभोक्तावादी, बाज़ारवादी दौर में जब संस्कृतिकर्मीऔर उसकी भूमिका तय करने सम्बन्धी चर्चा की जाती है तो प्रायः संस्कृतिकर्मी को समाज  सुधारनेवाले ठेकेदार या मजबूत कंधोंवाला नेतृत्व-सक्षम व्यक्ति मान लिया जाता है, परंतु यथार्थ इतना आसान नहीं होता। व्यक्ति और समाज के द्वन्द्वात्मक रिश्तों के कारण वर्तमान समाज में व्याप्त सभी तरह के विचलन संस्कृतिकर्मी कहलाने वाले व्यक्ति पर भी प्रभाव डालते हैं, उसे भी कमोबेश विचलित करते हैं। अतः संस्कृतिकर्मी को जागरुक बनाने के लिए प्रतिबद्ध सांस्कृतिक संगठनों की आवश्यकता और भी बढ़ गई है। ये सांस्कृतिक संगठन जब तक मनुष्यकेन्द्रित विचारधारा, व्यावहारिक पारदर्शिता, आलोचना -आत्मालोचना, निरंतर विचार-विमर्श और उदार कार्यप्रणाली नहीं अपनायेंगे, तब तक ये अपने आप में सांस्कृतिक द्वीप बने रह जायेंगे और समाज की वास्तविक स्थिति में सक्रिय हस्तक्षेप करने के स्थान पर समाज को विभिन्न संकुचित दायरों में खींच ले जायेंगे। अतः वर्तमान परिस्थिति में संस्कृतिकर्मी की भूमिका के अंतर्गत निम्नलिखित बिंदुओं पर विचार किया जाना आवश्यक है:-

1. सही सांस्कृतिक संगठन का चयन एवं उसके साथ ईमानदार जुड़ाव - इससे संस्कृतिकर्मी को एक निश्चित उद्देश्य और मंच मिलता है, जिससे वह स्वयं भी अपने कार्य की दिशा तय कर सकता है। संगठन के साथ ईमानदारी से जुड़ने का मतलब है,  स्वयं के विकास और हित-साधन की बनिस्बत संगठन के सामूहिक विकास और उद्देश्य के अंतर्गत कार्य करना।

2. निरंतर अध्ययन-मनन-चिंतन को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करना; खासकर अपने देश की संस्कृति के ऐतिहासिक विकास और बहुआयामी स्वरूप के बारे में वस्तुगत दृष्टि विकसित करना और विद्वान सहकर्मियों से अपनी जिज्ञासाओं, सवालों, भ्रमों का निराकरण करने की कोशिश करना।

3. सामाजिक-आर्थिक सम्बन्धों के परिवर्तनशील वैश्विक संदर्भों की साफ समझ विकसित करना।

4. एक मनुष्य के रूप में स्वयं के पारिवारिक-सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहना और हर संभव संवेदनशीलता के साथ उनका परिपालन करना।

5. साझा सांस्कृतिक मंच की स्थापना के लिए अपने व्यक्तिगत और सामूहिक अहम् को संतुलित रखना ताकि खुली दृष्टि से एकसाथ  मिलकर काम करने की परिस्थितियाँ पैदा हों।

6. छद्म सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों की पहचान के लिए वस्तुगत दृष्टि विकसित करना।

7. अन्य संस्कृतिकर्मियों से दोस्ताना और आत्मीय सहयोगपूर्ण रवैया अपनाना।

8. अवसरवादिता, ढुलमुलपन, दोहरापन, झूठ, पाखंड, आलस्य और कट्टरता से व्यक्तिगत और संगठन के स्तर पर बचना-बचाना।

9. विज्ञान और तकनालॉजी के नित नये अन्वेषणों से परिचित होकर अपने कलाकर्म में इनका भी सकारात्मक उपयोग करना ताकि सामयिकता और कलात्मक उत्कृष्टता बनी रहे।


मेरा दृढ़ विश्वास हे कि यदि मानव संस्कृति की नींव सुदृढ़ करने के संकल्प से प्रेरित संस्कृतिकर्मी आपस में निरंतरसंवाद बनाये रखें,   धीरज और खुलेपन के साथ परस्पर सुने-समझें, विसंगतियों और संकटों का मिलजुलकर प्रतिरोध करें और उसके स्थान पर स्वस्थ, सुदृढ़ और मनुष्यमात्र को महत्व देनेवाली संस्कृति को अपने व्यवहार और कलामाध्यमों से निरंतर सम्प्रेषित करें तो वर्तमान संकट से बाहर निकलने की कई राहें दिखाई देने लगेंगी।

- आठले हाउस, सिविल लाइन्स, रायगढ़ (छ.ग.) 496001

Tuesday, May 22, 2012

डोंगरगढ़ इप्टा द्वारा नाटक ‘‘बापू मुझे बचा लो’’ का मंचन

विगत दिनों भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) की डोंगरगढ़ इकाई द्वारा बैंगलौर के ज्ञान ज्योति सभागार में नाटक ‘‘बापू मुझे बचा लो’’ का मंचन किया गया। राधेश्याम तराने द्वारा निर्देशित व दिनेश चौधरी द्वारा लिखित इस नाटक का संगीत निर्देशन मनोज गुप्ता ने किया था।




नाटक ‘बापू मुझे बचा लो’ मूलतः एक पारंपरिक व्यंग्य कथा पर आधारित है जो भ्रष्टाचारियों व भ्रष्ट व्यवस्था पर सीधी व गहरी चोट करता है। राजनेता किस तरह अपने पाखंड व दुष्कर्मों को छुपाने के लिये गांधीवाद का सहारा लेते हैं व किस तरह निहित स्वार्थों के लिये गांधी के आदर्शों को बार-बार अपमानित किया जाता है इसका बेबाक चित्रण उक्त नाटक के माध्यम से किया गया है। सरंपच की केंद्रीय भूमिका में मतीन अहमद व उनके सहायकों की भूमिका में नुरूद्दीन जीवा व शेखर सोनी ने बेहतरीन अभिनय किया। अन्य भूमिकाओं में अविनाश सोनी, आनंद शांडिल्य, राधेकृष्ण कनोजिया, विकास नामदेव, मनोज गुप्ता व संतोष ने भी उल्लेखनीय अदाकारी की।

इप्टा की टीम ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के 19 वें द्विवार्षिक अधिवेशन के अवसर पर उनके बुलावे पर बैंगलौर गयी थी। अधिवेशन का उद्घाटन सांसद व माकपा संसदीय दल के नेता श्री वासुदेव आचार्या ने किया। अधिवेशन में देशभर से आये हुए प्रतिनिधियों, अतिथियों, विभिन्न केंद्रीय श्रमिक संगठनों के नेताओं व कर्नाटक राज्य के अनेक मजदूर संगठनों के नेताओं ने हिस्सा लिया।

Monday, May 21, 2012

हबीब तनवीर स्मृति नाट्य समारोह 2 जून से


भारतीय जननाट्य संघ (इप्टा) रायपुर द्वारा वर्ष 2010 से प्रतिवर्ष सुप्रसिद्ध विश्वविख्यात रंगकर्मी पद्मभूषण स्वर्गीय हबीब तनवीर की स्मृति में उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर  पिछले दो वर्षों से हबीब तनवीर स्मृति नाट्य समारोह आयोजित किया जा रहा है । इसी श्रृंखला में इप्टा द्वारा 02 से 04 जून 2012 को रायपुर में लोक कलाओं पर आधारित नाट्य समारोह आयोजित किया जा रहा है । इस समारोह में उत्तरप्रदेश की नौटंकी, लोक कलाओं पर आधारित नाटक, प्रसंगों की प्रस्तुति की जायेगी । छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कलाओं को साथ रखकर यह आयोजन होगा । समारोह में लोक कलाओं पर बातचीत भी होगी ।

हबीब तनवीर स्मृति इस नाट्य समारोह में हबीब साहब द्वारा निर्देशित प्रसिद्ध नाटकों के अलग-अलग दृश्यों का कोलाज बनाकर एक समग्र प्रस्तुति स्मृति स्वरूप की जायेगी । यह आयोजन ‘‘मुक्ताकाशी मंच‘‘ संस्कृति विभाग परिसर, रायपुर में होगा । नाट्य समारोह के दौरान 03 जून को प्रातः 10ः30 से वृन्दावन हॉल, सिविल लाईन्स, रायपुर में "मीडिया और रंगमंच‘" विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया है ।

समारोह कर उद्घाटन शनिवार 2 जून को संध्या 07.30 बजे किया जायेगा।  इसके पश्चात लटिया, सेमरिया द्वारा नाचा व विभिन्न संस्थाओं द्वारा हबीब तनवीर के नाटकों के नाट्यशों की प्रस्तुति की जायेगी। 03 जून रविवार को डीग्रेट गुलाब थ्रिटिकल पार्टी, कानपुर द्वारा ‘सत्यवादी महाराजा हरिश्चन्द्र’ की प्रस्तुति की जायेगी, जिसका निर्देशन मधु अग्रवाल ने किया है। 04 जून सोमवार को रंग संगीत व ‘पंचम वेद’ इप्टा, रायपुर द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा।

सौ ग्राम जिंदगी है, जी भर के जी है


-विनोद अनुपम
हिंदी सिनेमा के दस सर्वश्रेष्ठ दृश्य याद करने हो तो उनमें निश्चय ही एक आवारा का स्वप्न दृश्य भी होगा, जिसने राजकपूर को हिंदी सिनेमा का शोमैन बनाने की जमीन तैयार की. कल्पनातीत भव्य सेट और उस पर भारतीय जीवन दर्शन को साकार करते सैकड़ों नर्तक. इस दृश्य को साकार करने में जिस एक व्यक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण थी, वह है जोहरा सहगल.
पद्म विभूषण जोहरा सहगल. वाकई यह जानना एक सुखद अहसास देता है कि हम वर्षों से एक अभिनेत्री के रूप में, एक सक्रि य रंगकर्मी के रूप में जिनका सम्मान करते आ रहे हैं, वास्तव में उन्हें आवारा के उस ऐतिहासिक नृत्य नाटिका के कोरियोग्राफर के रूप में याद किया जाना चाहिए. आवारा ही नहीं, बाजी में भी नृत्य निर्देशन कर जोहरा सहगल ने गुरुदत्त को अपना प्रशंसक बना लिया था. भारत में सिनेमा के साथ जब जोहरा सहगल भी अपनी उम्र की शताब्दी मना रही होती हैं तो बरबस चीनी कम की उस वृद्धा, लेकिन जिंदादिल मां की याद आ जाती है जो अपने प्रौढ़ हो रहे बेटे को जिम भेजने के पीछे पड़ी रहती हैं.
वाकई तय करना मुश्किल है कि जोहरा के किस रूप को याद किया जाय. उसने वह सबकुछ किया जो कर सकती थी और जो करना चाहा. न तो उन्हों ने कभी सफलता की कामना की, न सराहना की. कला के लिए जोहरा थी, कला को उन्होंने कभी साधन नहीं बनाया. कला के अनंत विस्तार में निरंतर उड़ान भरती रहीं शायद सब कुछ जान लेने की जिद में. पड़ाव उनके स्वभाव में नहीं था, शायद अभी भी नहीं है.
कला के प्रति अभी भी वही असीम बेचैनी और संकल्प उनके चेहरे पर अभी भी देखी जा सकती है, जो शायद तब होगी जब 1935 में उन्होंने उदय शंकर की नृत्य मंडली के साथ जापान, मिस्र, यूरोप और अमेरिका की यात्र पर निकलने के निर्णय लिया होगा. 27अप्रैल 1912को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जन्मी साहिबजादी जोहरा बेगम मुमताज उल खान ने क्वींस मेरी कॉलेज, लाहौर से पढ़ाई की और यहीं से एक संबंधी के यहा उन्हें ड्रेसडेन जाने का अवसर मिला.
ड्रेसडेन में ही नृत्य की आरंभिक शिक्षा इन्होंने हासिल की, उसी दौरान इन्होने उदय शंकर की नृत्य नाटिका शिव पार्वती देखी और नृत्य विधा में पूर्णता हासिल करने के लिए उदय शंकर की शिष्या बन गयी. 1940में उदय शंकर जब स्वदेश लौटकर अल्मोड़ा में ‘उदय शंकर इंडिया कल्चर सेंटर की स्थापना की तो जोहरा भी बतौर शिक्षिका वहा जुड़ गयी. इनके बहुआयामी व्यक्तित्व को साथ मिला एक और बहुआयामी व्यक्तित्व का.
14 अगस्त 1942 को इंदौर के एक वैज्ञानिक, चित्रकार और नर्तक कामेश्वर सहगल के साथ ये विवाह बंधन में बंध गयी. उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर पंडित जवाहर लाल नेहरू भी उपस्थित होते यदि ऐन मौके पर उन्हें जेल में नहीं बंद कर दिया गया होता. विवाह के बाद लाहौर में इन्होंने जोहरा डांस इंस्टिटय़ूट की शुरूआत की लेकिन विभाजन के तनाव को देखते हुए उन्हें मुंबई आना पड़ा. यहां 400 रुपये मासिक पर वे पृथ्वी थियेटर से जुड़ गयी.
और 14 साल तक सक्रि य रहीं. इसी समय इप्टा से भी वे जुड़ीं और इप्टा द्वारा निर्मित ख्वाजा अहमद अब्बास द्वारा निर्देशित धरती के लाल में अभिनय किया.
इसके बाद गोर्की की कहानी पर बनी चेतन आनंद की नीचा नगर में भी इन्होंने एक अहम भूमिका निभायी. 1959में पति कामेश्वर सहगल के निधन के बाद वे दिल्ली आ गयी और यहां एक नाट्य अकादमी की स्थापना की. 1962 में एक स्कालरशिप के अंतर्गत इन्हें लंदन जाने का अवसर मिला वहीं बीबीसी के एक धारावाहिक से टेलिविजन पर अभिनय की इन्होंने शुरूआत की.
1982में लंदन में इन्हें पहली फिल्म मिली मर्चेन्ट आइवरी की द कोटसीन ऑफ मुंबई इनके लिए काम की कभी कमी वहां नहीं थी, न तो टेलीविजन पर, न ही फिल्मों में. लेकिन रुकना जोहरा ने सीखा कहां था?
1990में ये भारत लौट आयी. और लाहोर में अपनी बहन उर्जा के साथ एक थी नानी का मंचन किया. इब्राहीम अल्काजी का चर्चित नाटक दिन के अंधेरे जोहरा के लिए अभी भी याद की जाती है. जोहरा विदेश छोड़कर चली आयीं, लेकिन विदेश उनकी प्रतिभा को नहीं भूल सका, ज्वेल इन द क्राउन, तंदूरी नाइट्स, अम्मा एंड फैमली जैसे धारावाहिकों के साथ भाजी ऑन द बीच, बेंड इट लाइक बेकहम, मिस्ट्रेस ऑफ स्पाइसेज जैसी फिल्मों के लिए भी इन्हें आमंत्रित किया जाता रहा.
दिल से, वीर जारा, कल हो न हो, सांवरिया या चलो इश्क लड़ाये जैसी पचासों फिल्में. जोहरा सहगल को कभी फिल्मों के लिए याद नहीं किया जा सकता. जोहरा सहगल की बस एक ही पहचान है, जोहरा सहगल की. कहने को इन्हें संगीत नाटक अकादमी सम्मान, कालिदास सम्मान, पद्मश्री, संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और अब पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया गया. लेकिन जिसे ईश्वर ने ही सम्मानित किया हो उसके लिए इन सम्मानों का क्या अर्थ?
95वर्ष की उम्र में चीनी कम में जब वे युवतम खिलंदड़े उत्साह से भरपूर दिखती हैं तो मानना पड़ता है यह बगैर ईश्वरीय वरदान के तो संभव नहीं. या कह सकते हैं जोहरा के जीवट ने ईश्वर को भी मजबूर कर दिया है उनके लिए अपनी वक्त की रफ्तार थाम लेने को. विश्वास है हमें कायम रहेगा जोहरा का यह जीवट और थमी रहेगी उनके लिए वक्त की रफ्तार.
प्रभात खबर से साभार

अशोकनगर के बच्चे करेंगे "पार्टीशन"

अशोकनगर इप्टा के किशोर एवं बाल नाट्य कार्यशाला में किशोर बच्चों द्वारा  पूर्णकालिक नाटक " पार्टीशन " तैयार करवाया जा रहा हैं | जाने-माने हिन्दी कथाकार स्वयं प्रकाश की इस चर्चित कहानी का नाट्य रूपांतरण सत्येन्द्र रघुवंशी ने किया है | सत्येन्द्र रघुवंशी मूल रूप से कवि हैं , यह खबर आपको भी सुखद लगे कि बीस साल की चुप्पी के बाद सत्येन्द्र लेखन में फिर नए सिरे से सक्रिय हुये हैं | इस नाटक का निर्देशन इप्टा की साथी सीमा कर रही हैं | नाटक का प्रदर्शन 25 मई को स्थानीय माधव भवन में किया जाएगा |



 उधर इप्टा के साथियों और बाल रंग शिविर के बच्चों के बीच वरिष्ठ कथाकार और कवि महेश कटारे " सुगम " ने बुन्देली गज़लों का पाठ भी किया | सुगमजी सबसे पहले ऐसे कवि हैं जिन्होंने बुन्देली में गज़लें लिखना शुरू किया | वे सही मायनों में किसान चेतना के कवि हें | अनेक नामी गजलकारों से वे बहुत आगे के कवि हैं | हिन्दी की इसे बिडम्बना ही कहेंगे की ऐसे सच्चे कवि आज हाशिये पर हैं  जो काम तो करते हैं पर उन्हें नाम बनाना नहीं आता |


इंदौर इकाई द्वारा ग्रीष्मकालीन बाल रंग शिविर


भारतीय जन नाट्य संघ की इंदौर इकाई द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर का उद्घाटन 10 मई 2012 को किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने जनगीत गाये, सफदर की कविता ‘‘ये कैसा घोटाला’’ का लघु नाटक के रूप में मंचन हुआ व बच्चों ने स्वरचित कविताओं का पाठ भी किया। कुछ बच्चों ने कत्थक नृत्य पेश किया तो वाही राज ने टेबल पर ही तीन ताल बजाकर सुनाया।



उद्घाटन के अवसर पर श्री कृष्णकांत निलोसे जी ने बाल मजदूरों पर अपनी लिखी एक कविता बच्चों को सुनाई, कामरेड शैला शिन्त्रे ने नदी की कहानी सुनाई और उस पर नाटक कैसे किया जा सकता है, यह बताया। इस अवसर पर कामरेड वसंत शिन्त्रे, श्री अशोक दुबे, श्री एस. के. दुबे, विनीत, अनुराधा, हेमंत आदि साथी बच्चों की हौसला-अफजा़ई के लिये मौजूद थे। इस मौके पर इप्टा के भिलाई सम्मेलन में शामिल हुये इंदौर इप्टा के सदस्यों को स्मारिका का वितरण भी किया गया।

Sunday, May 20, 2012

दूसरा बनवास: पाठ और सन्दर्भ


"कैफ़ी महकूम (ग़ुलाम) भारत में पैदा हुए, आजाद हिंदुस्तान में बूढ़े हुए. उनका विश्वास था कि वे सोशिलिस्ट हिन्दुस्तान में मरेंगे. जब तक समाजवादी हिंदुस्तान का सपना  इस देश, इस दूनिया में जिंदा है, तब तक कैफ़ी आज़मी हमारे बीच जिंदा रहेगे." कैफ़ी आज़मी की 10 वीं पुण्यतिथि पर पटना इप्टा द्वारा आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ रंगकर्मी डा. जावेद अख्तर खान ने उक्त बातें कहीं. डा० अख्तर ने "दूसरा बनवास: पाठ और सन्दर्भ" विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि वर्त्तमान सन्दर्भ में सामाजिक मर्यादायों और मूल्यों के मायने और उसकी अभिव्यक्ति में परिवर्तन आये हैं. इस सन्दर्भ में हमें आस्था और धर्म से सम्बंधित प्रतीक चिन्हों को भी देखना, समझाना और प्रयोग करना होगा. हमें यह सोचना चाहिए कि क्या धार्मिक प्रतीक सिर्फ नफरत और उन्माद फ़ैलाने वाले लोगो की ही जागीर हैं? जिस प्रकार कैफ़ी आज़मी ने 6 दिसंबर 1992 की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए "दूसरा बनवास" नज़्म की रचना की और राम को अभी अभिव्यक्ति का हीरो बनाया, यह सशक्त उदाहरण है. कैफ़ी ने यह साहस उस समय किया जब बाबरी मस्जिद ढहायी गई थी और पूरा देश और देश की धर्मनिरपेक्ष मर्यादा धूमिल हो चुकी थी. उन्होंने आगे कहा के कैफ़ी को याद करने का मतलब उन सभी सपनों को याद करना हैं, जो कैफ़ी ने देखे थे. वो उस मिटटी से आते थे, जहाँ कृषण-कन्हैया भी हैं और हसन भी. धर्मनिरपेक्ष राजनीति से क्या मतलब है? क्या सारे प्रतीकों, सारे चिन्हों को नष्ट कर देना चाहिए? आज हम भागीरथ के तस्वीर के साथ सहज क्यों नहीं हो पाते हैं; जब कि वह आम आदमी के संघर्ष और लगन का प्रतीक चिन्ह है. हमें भारतीय सभ्यता को समझना होगा. अपनी अभिव्यक्ति का हिस्सा बनाना होगा. डा० जावेद ने कहा कि राम संघर्ष के उदहारण हैं, उनका पूरा जीवन एक संघर्ष रहा और जनता भी इसे स्वीकार करती है. और यह कोई धार्मिक आधार नहीं है. "सबे भूमि गोपाल की' हिंदी की एक लोकौक्ति है, किन्तु इसका यह तात्पर्य नहीं समझना चाहिए कि यह पूरी दुनिया ईश्वर अर्थात भगवन श्री कृष्ण की नहीं है. राम जन्मभूमि - बाबरी मस्जिद विवाद में देश की धर्मनिरपेक्ष राजनीति की केवल इसी कारण हार हुई कि उसने एक एक कर सारे चिन्ह और प्रतीक एक फासीवादी सोंच वाली विचारधारा को सौप दिए. 

अल खैर चरिटेबल ट्रस्ट के अरशद अजमल ने कहा कि बाबरी माजिद के विध्वंस ने देश में इतने घर जलाये और लाखों को बेघर किया कि हिन्दुस्तानी राम को दुबारा वनवास जाना पड़ता है. अयोध्या कि आग ने उन तमाम वेश बदले अलोकतांत्रिक, फासीवादी और मौकापरस्त ताकतों को बेनकाब कर दिया जो राम नाम की राजनीति करते थें. कैफ़ी ने "दूसरा बनवास" नज़्म से वही आग फिर जलाई और हिन्दुस्तानी फासीवाद की कलाई खोल दी. वरिष्ट संस्कृतिकर्मी विनोद कुमार ने चर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि हमें शब्दों के माया जाल से निकल कर समझाना होगा. खुद से सवाल करना होगा. यह जानना होगा कि हिंसा क्या है? एक व्यक्ति का दूसरे व्यक्ति के साथ क्या सम्बन्ध है? हमें अब यह तो समझ ही लेना चाहिए कि परिभाषाएं कोई जीव-जंतु नहीं हम मानव ही बनाते हैं.

संगोष्ठी का संचालन करते हुए इप्टा के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव डा० फीरोज़ अशरफ खान ने कहा कि कैफ़ी आज़मी इप्टा की राजनीति और सामाजिक प्रतिबद्धता के प्रतीक थे. इप्टा की स्वर्ण जयंती के अवसर पर दिए सन्देश में कैफ़ी ने कहा था की "राजनीतिज्ञ अपना हर एक कदम यह सोच कर उठाते हैं कि इस कदम से उनके कितने वोट बढ़ेंगे या घटेंगे". उनकी पुण्यतिथि मनाने के पीछे हमारा ध्येय अपनी जनसान्स्कृतिक अभिव्यक्ति का प्रकटीकरण है. उन्होंने आगे कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ के निर्णय और उसके बाद समाज के एक खेमे में ख़ुशी और एक खेमे में चुप्पी ने हमें परेशां किया था. हम यह समझाना चाह रहे थें कि यह ख़ामोशी, यह चुप्पी क्यों है. हमने इस सवाल को अपने संगठन, सार्वजानिक मंचों पर जानने-समझाने की कोशिश कि. इसी क्रम में हम कैफ़ी कि इस रचना "दूसरा बनवास" में ढूढने की कोशिश की है. आज का आयोजन एक बड़ी चर्चा की तैयारी है जहाँ हम आपसी समझ को समाज के हर एक वर्ग, हर तबके के साथ संवाद स्थापित करने का प्रयास करेंगे. कैफ़ी ने जिस प्रकार सांप्रदायिक ताक़तों को उन्ही के हथियार से जवाब दिया वह ना सिर्फ अद्वतीय है बल्कि असंभव है. बिहार इप्टा के महासचिव तनवीर अख्तर ने कहा कि धर्मनिरपेक्षता और समाज समरसता के अंतर्संबंध को एक पार फिर से समझने और जनता के बीच जाने की ज़रूरत है.

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के स्नातक आसिफ अली ने कहा कि आज जब दुनिया के सारे बाज़ार आपस में जुड़ गए हैं और सारे निर्णय बाज़ार में तय हो रहे हैं, तो हमें धर्म, धार्मिकता और धर्मनिरेपेक्षता को फिर से देखना समझना होगा. संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए वरीय सामाजिक कार्यकर्ता श्री रुपेश जी ने कहा कि बाज़ार ने जहा एक और हमें ग्लोबल बनाया है वही हमें बेड रूम तक भी सीमित कर दिया है. सामजिक सरोकार घटे हैं और मूल्यों का ह्रास हुआ है. संस्कृति की मर्यादाएं तक भंग हुए हैं. ऐसे संदर्भ में "दूसरा बनवास" का पाठ एक साहसिक काम है.

संगोष्ठी में युवा रंगकर्मी रवि कान्त, पटना इप्टा की सचिव डा उषा वर्मा, पियूष सिंह, विशाल तिवारी, राजनन्दन,  राष्ट्रीय नाट्य विधालय के स्नातक वंदना बशिष्ठ, दीपक, विनय कुमार, सहित कई रंगकर्मी, संस्कृतिकर्मी, साहित्यकार उपस्थित थे. संगोष्ठी की शुरुआत में सीताराम सिंह ने "दूसरा बनवास" का गायन किया.

इस अवसर पर बिहार इप्टा की अन्य इकाइयों ने भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किये. आरा इप्टा, मधेपुरा इप्टा, बेगुसराई (बीहट) इप्टा, सिवान इप्टा, पटना सिटी इप्टा, छपरा इप्टा, कटिहार इप्टा सहित अन्य शाखाओं से कार्यक्रम आयोजित करने कि सूचना मिली हैं.

प्रस्तुति : संजय सिन्हा