Tuesday, May 8, 2012

‘बकासुर’ के मंचन के साथ नाट्य समारोह का समापन


बलराज साहनी स्मृति 8 वां राष्ट्रीय नाट्य समारोह 

रायगढ़ इप्टा का नाटक ‘बकासुर’ समारोह की अंतिम प्रस्तुति थी। प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त करने में कुछ समय लग रहा था। इससे पहले कि नाटक प्रारंभ होता तेज बारिश की आशंका के साथ बूंदा-बांदी शुरू हो गयी, लेकिन नाटक देखने की ललक में लोग कुर्सियों पर जमे रहे। हिंदी पट्टी में जहाँ नाटकों के दर्शकों की कमी का रोना रोया जाता हो वहाँ भीषण गर्मियों में पंखों के बगैर पूरे तीन दिनों तक सभागार का खचाखच भरा रहना यह संकेत देता है कि नाटक मंडली केवल कलाकर्म के प्रति नहीं बल्कि सरोकारों के लिये भी प्रतिबद्ध हो तो उसके समक्ष  खाली कुर्सियों का वह संकट उत्पन्न नहीं हो सकता जो शहरी थियेटर में आम प्रवृत्ति है। समारोह की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ‘‘ऑल्टरनेटिव लिविंग थियेटर’’, कोलकाता द्वारा नाटक ‘‘घर वापसी का गीत’’ के मंचन के बाद सुविख्यात निर्देशक व रंगकर्मी प्रोबीर गुहा ने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘ आप लोग धन्य हैं जो देर रात तक इतनी शांति से बैठकर इतना गंभीर नाटक देख रहे हैं।’’

नाटक - बकासुर, इप्टा, रायगढ़
नाट्य संस्था ‘इप्टा’ व ‘सामाजिक संस्था ‘विकल्प’ द्वारा आयोजित बलराज साहनी स्मृति 8 वें राष्ट्रीय नाट्य समारोह का समापन रायगढ़ ‘इप्टा’ के नाटक ‘बकासुर’ के मंचन के साथ हुआ। लोक व आधुनिक शैली के मिश्रण के साथ तकनीक के विवेकपूर्ण इस्तेमाल ने इस उद्देश्यपूर्ण नाटक को अत्यंत रोचक भी बना दिया। मूलतः मराठी में यह नाटक ‘निर्भय बनो आंदोलन’ के लिये रत्नाकर मटकरी द्वारा लिखा गया था। महाभारत की एक कथा भीम-बकासुर युद्ध के एक प्रसंग को लेकर इसे वर्तमान परिस्थितियों में देखने की कोशिश की गयी व इसमें पंडवानी का प्रयोग करते हुए लोक शैली के तत्वों का रोचक इस्तेमाल किया गया। नाटक का छत्तीसगढ़ी में अनुवाद उषा आठले ने किया है तथा निर्देशन व प्रकाश अजय आठले का था।

इससे पूर्व भिलाई इप्टा द्वारा स्वर्गीय शरीफ अहमद के नाटक ‘‘मंथन’’ का मंचन किया, जिसमें केवल दो ही पात्र थे जो पाप व पुण्य को अपने-अपने ढंग से परिभाषित करते हैं। अस्तित्ववाद से लेकर सदियों से समाज में उपस्थित जटिल समस्याओं व विसंगतियों पर ये पात्र आपसी संवाद के जरिये गहन ‘मंथन’ करते हैं और दर्शक के जेहन में कुछ गंभीर सवाल छोड़ जाते हैं। ‘मंथन’ साथी शरीफ अहमद की रंगयात्रा का भी मंथन है। शरीफ ने नाटक लेखन की शुरूआत ‘परिंदे’ नाटक से की और यह यात्रा आगे चलकर ‘समर’, ‘परत दर परत‘ व ‘पंचलैट’ से होती हुई और ‘मंथन’ पर आकर असमय थम गयी। शरीफ भाई अपने इस नाटक में संवादों की सरलता के साथ पूरे दृश्य की जीवंत उपस्थिति दर्ज कराते हैं। पात्रों के आपसी संवाद के बीच सदियों से समाज में उपस्थित जटिल समस्याओं को रेखांकित करते हुए दर्शकों के मानस पटल पर अंकित करते हैं..क्या? क्यों? और कब तक? दो पात्रों के इस नाटक में केवट के रूप में संजीव मुखर्जी व पंडित की भूमिका में राजेश श्रीवास्तव ने बेहतरीन अदाकारी की। निर्देशन त्रिलोक तिवारी का था व सह-निर्देशक थे अशफाक खान व  रणदीप अधिकारी।
‘‘मुझे लगता है कि भाग्य और भगवान किसी बहुत ही चालाक व्यक्ति के मन की उपज है। उसने दुनिया को अपने ढंग से चलाने के लिये ही इन शब्दों को जन्म दिया है। लेकिन तभी मन के किसी कोने से आवाज आती है कि कोई तो है जो सबको देख रहा है, सबके कर्मो का हिसाब -किताब कर रहा है। उससे कुछ भी छिपा नहीं है।’’
नाटक- मंथन, इप्टा, भिलाई
 समारोह के दूसरे दिन हरिशंकर परसाई की रचनाओं पर आधारित अरूण पाण्डेय के कोलाज ‘निठल्ले की डायरी’ को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। नाटक देखते हुए परसाई जी का रचना संसार ‘फ्लैशबैक’ की तरह परत दर परत खुलता चला जाता है और लगता है कि नाटक के केंद्रीय पात्र अपने ही मोहल्ले के ‘कक्काजी’ हैं जो हर जरूरी-गैर जरूरी बात पर अपनी राय देना आवश्यक समझते हैं। नाटक की प्रस्तुति बेहद चुस्त व कसी हुई थी तथा यह समारोह के सबसे उम्दा नाटकों में से एक था। नाटक की परिकल्पना व निर्देशन अरूण पाण्डेय का है।

नाटक- निठल्ले की डायरी, विवेचना रंगमंडल, जबलपुर
इस नाटक के पश्चात मेजबान इकाई ‘इप्टा’ डोंगरगढ़ ने भारतेंदु के कालजयी नाटक ‘‘अंधेर नगरी, चौपट राजा’’ पर आधारित एक प्रस्तुति छत्तीसगढ़ी में दी। संगीतप्रधान नाटक होने के कारण यह प्रस्तुति वैसे ही काफी सरस थी और छतीसगढ़ी बोली में देशज तत्वों के सम्मिलन के साथ इसका आनंद दूना हो गया, पर कलाकारों की देहभाषा आयोजन की व्यस्तता व थकान की चुगली कर रही थी। नाटक का निर्देशन किया था राधेश्याम तराने ने व संगीत निर्देशन मनोज गुप्ता का था।

नाटक- अंधेरनगरी, इप्टा, डोंगरगढ़
समारोह के प्रथम दिन दो नाटकों का मंचन किया गया। भिलाई इप्टा का नाटक फांसी के बाद जहां हास्य व व्यंग्य के बेजोड़ शिल्प में एक कारखाने के बेकार हो गये कामगार की दस्तान बयान करता है। नाटक सिर्फ एक घटना को लेकर आगे बढता है। ईश्वर प्रसाद ने अपनी बीबी का खून किया है। अदालत उसे दोषी मानती है, लेकिन नाटककार और निर्देशक उसे खूनी नहीं मानते और यह सवाल अंततः दर्शक के पाले में डाल दिया जाता है, जिसकी पूरी सहानुभूति हालात के मद्देनजर ईश्वर प्रसाद के साथ होती है। नाटक हँसते-हँसाते हुए भी कुछ बेहद गंभीर सवाल छोड़ जाता है। निर्देशन पंकज सुधीर मिश्र का था और संगीत दिया था भारत भूषण परगनिहा व सुनील मिश्रा ने। भूमिकायें मणिमय मुखर्जी , राजेश  श्रीवास्तव, अशफाक खान , रणदीप अधिकारी संदीप कृष्ण गोखले,  मनोज जोशी, अत्ताउर रहमान, श्याम  वानखेड़े, जगनाथ साहू व शेलेश  कोडापे की थीं।

नाटक- फांसी के बाद, इप्टा, भिलाई
 नाटक ‘‘घर वापसी का गीत’’ गांवों के उन असंख्य लोगों की कहानी है जो आजादी के इतने सालों बाद भी विस्थापन के लिये व शहरों की ओर पलायन के लिये अभिशप्त हैं। नाट्य परिकल्पना व निर्देशन प्रोबीर गुहा का था।सहायक निर्देशक  तपन दास का था। संगीत व प्रकाश था शुभादीप गुहा का व भूमिकायें थीं तपन, पन्ना, अफ्तर, अवि, शिल्पी, प्रतीक, तनिमा, मोहन, अरूण, साग्निक, अरूप व अन्य की।

"दो देशों के विभाजन के साथ केवल स्वतंत्रता नहीं आती है,बल्कि वह हाशिये पर पड़े करोड़ों लोगों के लिये बेघर हो जाने का पैगाम भी लेकर आती है। इसके पीछे बहुत से कारण हो सकते हैं - सांप्रदायिक दंगे, भय, असुरक्षित भविष्य, बेरोजगारी व अंततः भूमंडलीकरण के साथ औद्योगीकरण। बेशुमार लोग शहरों की ओर भागने लगते हैं। वे मनुष्यों की तरह दिखते तो हैं पर कभी भी सामान्य मनुष्य की तरह जी नहीं पाते।  अपनी जड़ों से उखड़े व बिखरे इन लोगों का भटकाव कभी खत्म नहीं होता। वे एक नये पते के लिये, एक नयी नियति के लिये आजादी के 63 साल बाद भी भटकने के लिये अभिशप्त हैं।"
नाटक - घर वापसी का गीत, आल्टरनेटिव लिविंग थियेटर, कोलकाता
इससे पूर्व नाट्य समारोह का उद्घाटन करते हुए इंदिरा कला व संगीत विश्वविद्याल की कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर माण्डवी सिह ने कहा कि यह हर्ष व गौरव की बात है कि डोंगरगढ़ इप्टा इतने कम संसाधनों के साथ लगातार इतने अच्छे कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे भविष्य में भी डोंगरगढ़ इप्टा के आयोजनों में शामिल होंगी। निर्देशन के लिये राष्ट्रपति द्वारा संगीत नाटक अकादमी सम्मान से विभूषित अंतरराष्ट्रीय ख्याति के निर्देशक श्री प्रोबीर गुहा ने कहा कि ‘विकल्प’ व ‘इप्टा’ का बेहतीन आयोजन कलाकारों व आयोजकों की प्रतिब़द्वता का परिणाम है। नाटकों का उद्देश्य केवल दर्शकों का मनोरंजन करना नहीं है बल्कि सामाजिक विसंगतियों को दूर करने के लिये एक औजार की तरह काम करता है। उन्होंने कहा कि नाटकों के इस सामाजिक पहलू को ध्यान में रखते हुए इस आंदोलन को और भी ज्यादा विकेंद्रित करते हुए गांव-गांव तक फैलाया जाना चाहिये। कहीं ऐसा न हो कि यह आंदोलन केवल शहरी क्षेत्रों में सिमट कर रह जाये।
प्रेम साइमन की किताब का विमोचन करते अतिथि

 अतिथिद्वय ने छत्तीसगढ के मशहूर नाटककार प्रेम साइमन के लोकप्रिय नाटकों की एक किताब का विमोचन भी किया। किताब का संपादन दिनेश चौधरी ने किया है। इस अवसर पर  शालेय छात्रों के लिये एक चित्रकला स्पर्धा भी आयोजित की गयी थी व छात्रों द्वारा बनायी गयी कृतियों को समारोह-स्थल पर प्रदर्शित किया गया है।

Monday, May 7, 2012

कैफी आजमी : आखिरी सांस तक इन्क़लाबी

(कैफी आजमी : 19 जनवरी 1919-10 मई 2002)
- जयप्रकाश धूमकेतु 
शादी से पहले जब 1947 में औरंगाबाद हमारे घर पर आए हुए थे, तो मैंने एक पेपर पर यह लिखकर उनके सामने बढ़ा दिया कि ‘काश जिंदगी में तुम मेरे हमसफर होते तो जिंदगी इस गुजर जाती जैसे फूलों पर से नीमसहर का झौंका’ और फिर 23 मई 1947 को कैफी आजमी की शादी शौकत आजमी के साथ संपन्न हुई। एक बेटी मुन्नी और एक बेटा बाबा आजमी के पिता बने कैफी आजमी। ग्यारह वर्ष तक बेटी मुन्नी बनी रही और फिर अली सरदार जाफरी ने मुन्नी को शबाना आजमी नाम दिया। कैफी के बेटे को ‘आया’ बाबा कहकर पुकारती थी, जिन्हें बाद में अहमर आजमी नाम दिया गया। परंतु आज भी व्यवहार में अहमर आजमी की अपेक्षा बाबा आजमी नाम ज्यादा प्रचलित है। कैफी आजमी की बेटी शबाना आजमी की शादी ख्यात शायर एवं गीतकार जावेद अख्तर के साथ तथा बेटे बाबा आजमी की शादी तन्वी के साथ संपन्न हुई।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की फूलपुर तहसील से 5-6 किमी की दूरी पर स्थित एक छोटा गांव मिजवां। मिजवां गांव के एक प्रतिष्ठित जमींदार परिवार में 19 जनवरी 1919 को सैयद फतह हुसैन रिज्वी और कनिज फातमा के चौथे बेटे के रूप में अतहर हुसैन रिज्वी का जन्म हुआ। अतहर हुसैन रिज्वी ने आगे चल कर अदब की दुनिया में कैफी आजमी नाम से बेमिसाल शोहरत हासिल की। कैफी के तीन बड़े भाइयों की तालीम लखनऊ और अलीगढ़ में आधुनिक ढंग से हुई। कैफी की चार बहनों की असासमयिक मृत्यु टीबी रोग से हुई, जिसका असर कैफी के दिल व दिमाग पर पड़ा। कैफी बहुत दुखी हुए। कैफी साहब के पिता को आने वाले समय का अहसास हो चुका था। उन्होंने अपनी जमींदारी की देखभाल करने के बजाय गांव से बाहर निकल कर नौकरी करने का मन बना लिया। उन दिनों किसी जमींदार परिवार के किसी आदमी का नौकरी-पेशे में जाना सम्मान के खिलाफ माना जाता था। कैफी के पिता का निर्णय घर के सदस्यों को भी अच्छा नहीं लगा। वो लखनऊ चले आए और जल्द ही उन्हें अवध के बलहरी प्रान्त में तहसीलदारी की नौकरी मिल गई। कुछ ही दिनों बाद अपने बीवी बच्चों के साथ लखनऊ में एक किराये के मकान में रहने लगे। कैफी के पिता नौकरी करते हुए अपने गांव मिजवां से संपर्क बनाए हुए थे और गांव में एक मकान भी बनाया। जो उन दिनों हवेली कही जाती थी। कैफी की चार बहनों की असामयिक मृत्यु ने न केवल कैफी को विचलित किया, बल्कि उनके पिता का मन भी बहुत भारी हुआ। उन्हें इस बात की आशंका हुई कि लड़कों को आधुनिक तालीम देने के कारण हमारे घर पर विपत्ति आ पड़ी है। कैफी के माता-पिता ने निर्णय लिया कि कैफी को दीनी तालीम (धार्मिक शिक्षा) दिलाई जाए। कैफी का दाखिला लखनऊ के एक शिया मदरसा सुल्तानुल मदारीस में करा दिया गया। आयशा सिद्दीकी ने एक जगह लिखा है कि ‘कैफी साहब को उनके बुजुर्गों ने एक दीनी शिक्षा गृह में इसलिए दाखिल किया था कि वहां पर फातिहा पढ़ना सीख जाएंगे। कैफी साहब इस शिक्षा गृह में मजहब का फातिहा पढ़कर निकल गए’।

सुल्तानुल मदारीस में पढ़ते हुए कैफी साहब 1933 ने प्रकाशित और ब्रिटिश हुकूमत द्वारा प्रतिबंधित कहानी संग्रह ‘अंगारे’ पढ़ लिया था, जिसका संपादन सज्जाद जहीर ने किया था। उन्हीं दिनों मदरसे की अव्यवस्था को लेकर कैफी साहब ने छात्रों की यूनियन बना कर अपनी मांगों के साथ हड़ताल शुरू कर दी। डेढ़ वर्ष तक सुल्तानुल मदारीस बंद कर दिया गया। परंतु गेट पर हड़ताल व धरना चलता रहा। धरना स्थल पर कैफी रोज एक नज्म सुनाते। धरना स्थल से गुजरते हुए अली अब्बास हुसैनी ने कैफी की प्रतिभा को पहचान कर कैफी और उनके साथियों को अपने घर आने की दावत दे डाली। वहीं पर कैफी साहब की मुलाकात एहतिशाम साहब से हुई, जो उन दिनों सरफराज के संपादक थे। एहतिशाम साहब ने कैफी की मुलाकात अली सरदार जाफरी से करायी। सुल्तानुल मदारीस से कैफी साहब और उनके कुछ साथी निकाल दिए गए। 1932 से 1942 तक लखनऊ में रहने के बाद कैफी साहब कानपुर चले गए और वहां मजदूर सभा में काम करने लगे। मजदूर सभा में काम करते हुए कैफी ने कम्यूनिस्ट लिट्रेचर का गंभीरता से अध्ययन किया। 1943 में जब बंबई में कम्यूनिस्ट पार्टी का आफिस खुला तो कैफी साहब बंबई चले गए और वहीं कम्यून में रहते हुए काम करने लगे।

सुल्तानुल मदारीस से निकाले जाने के बाद कैफी ने पढ़ना बंद नहीं किया। प्राइवेट परीक्षा में बैठते हुए उन्होंने दबीर माहिर (फारसी), दबीर कामिल (फारसी), आलिम (अरबी), आला काबिल (उर्दू), मुंशी (फारसी), मुंशी कामिल (फारसी) की डिग्री हासिल कर ली। कैफी साहब के घर का माहौल बहुत अच्छा था। शायरी का हुनर खानदानी था। उनके तीनों बड़े भाई शायर थे। आठ वर्ष की उम्र से ही कैफी साहब ने लिखना शुरू कर दिया था। 11 वर्ष की उम्र में पहली बार कैफी साहब ने बहराइच के मुशायरे में गजल पढ़ी। उस मुशायरे की अध्यक्षता मानी जयासी साहब कर रहे थे। कैफी साहब की गजल मानी साहब को बहुत पसंद आयी और उन्होंने कैफी को बहुत दाद दी। मंच पर बैठे बुजुर्ग शायरों को कैफी की प्रशंसा अच्छी नहीं लगी और फिर उनकी गजल पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया गया कि क्या यह उन्हीं की गजल है? कैफी साहब को इम्तिहान से गुजरना पड़ा। मिसरा दिया गया- ‘इतना हंसो कि आंख से आंसू निकल पड़े’ फिर क्या कैफी साहब ने इस मिसरे पर जो गजल कही वह सारे हिंदुस्तान और पाकिस्तान में मशहूर हुई। लोगों का शक दूर हुआ। कैफी साहब का पहला कविता संग्रह ‘झनकार’ 1943 में प्रकाशित हुआ। ‘आखिरे शब’  (1947), ‘आवारा सज्दे’ (1963) में प्रकाशित हुआ। 1992 में उनके पूर्व प्रकाशित संग्रहों की चुनी हुई कविताएं ‘सरमाया’ नाम से प्रकाशित हुर्इं। कैफी साहब ने फिल्मों में बहुत से गीत लिखे। उनके फिल्मी गीतों पर उनकी शायरी का रंग बदस्तूर रहा। 


1974 में ‘मेरी आवाज सुनो’ का प्रकाशन हुआ, जिसमें कैफी साहब के 240 फिल्मी नग्मे संग्रहीत हैं। ‘इब्लीस की मजलिस-ए-शूरा दूसरा इजलास’ का प्रकाशन 1983 में किया गया। कैफी आजमी बंबई से निकलने वाले  अखबार ‘ब्लिट्ज’ में करीब एक दशक तक व्यंग्य कॉलम लिखते रहे। कैफी का यह एक तरह से गद्य लेखन था, जिसका प्रकाशन 2001 में ‘नई गुलिस्तां’ के नाम से दो खंडों में किया गया। शौकत आजमी के चलते कैफी थियेटर से भी जुड़ गए। 1943 में बंबई में इप्टा का गठन हुआ। कैफी बंबई इप्टा के अध्यक्ष बने। बाद में कैफी को पूरे देश में इप्टा के गठन और फैलाव की जिम्मेदारी दी गई। लंबे समय तक इप्टा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। 1985 में वह इप्टा के पुनर्गठन के बाद इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए और आजीवन इस पद पर रहे। कैफी ने इप्टा के लिए बहुत गीत और नाटक लिखे। बाल इप्टा के लिए भी नाटक व गीत लिखे। कैफी के दो नाटक ‘हीर-रांझा’ और ‘जहर-ए-इश्क’ प्रकाशित हो चुके हैं। ‘आखिरी शमा’ का प्रकाशन किया जाना बाकी है। 

कैफी आजमी बहुआयामी प्रतिभा से संपन्न थे। शायर, गद्यकार (तंज), नाटककार, फिल्मकार (गीत, कहानी, पटकथा, संवाद, अभिनय) के साथ ही साथ कैफी मजदूर सभा, ट्रेड यूनियन में काम करते हुए कम्यूनिस्ट पार्टी के एक कुशल संगठनकर्ता थे। कैफी एक पुख्ता कामरेड थे और जीवन के अंतिम समय तक कम्यूनिस्ट पार्टी के कार्ड होल्डर बने रहे। कैफी लाल कार्ड को हमेशा सीने से लगाकर रखते थे। बंबई में कैफी के घर ख्वाजा अहमद अब्बास, भीष्म साहनी, बेगम अख्तर, मजरूह सुल्तानपुरी, जोश मलीहाबादी, फैज अहमद फैज, फिराक गोरखपुरी जैसी तमाम बड़ी हस्तियों का आना-जाना रहता था। मजे की बात तो यह है कि अली सरदार जाफरी का पहला संग्रह, परवाज मखदूम मोहीउद्दीन का पहला संग्रह ‘सुर्ख सबेरा’, जज्बी का पहला संग्रह ‘फरोजां’ और कैफी आजमी का पहला संग्रह ‘झनकार’ 1943  में लगभग एक साथ प्रकाशित हुए।
भारत-पाकिस्तान के बंटवारे को लेकर जितनी फिल्में आज तक बनी हैं, उनमें ‘गरम हवा’ को आज भी सर्वोत्कृष्ट फिल्म का दर्जा हासिल है। ‘गरम हवा’ फिल्म की कहानी, पटकथा, संवाद कैफी आजमी ने लिखे। सबसे बड़ी बात तो यह थी कि ‘गरम हवा’ पर कैफी आजमी को तीन-तीन फिल्म फेयर अवार्ड दिए गए।  पटकथा, संवाद पर बेस्ट फिल्म फेयर अवार्ड के साथ ही कैफी को ‘गरम हवा’ पर राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला। पद्म श्री के साथ ही कैफी आजमी को ‘आवारा सज्दे’ कविता संग्रह पर उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी और साहित्य अकादमी पुरस्कार, सोवियत भूमि नेहरू पुरस्कार, अफ्रो-एशियाई लेखक संघ का लोटस पुरस्कार, गालिब पुरस्कार, हिंदी अकादमी दिल्ली का शताब्दी सम्मान, महाराष्ट्र उर्दू अकादमी सम्मान मिला। विश्व भारती विश्वविद्यालय ने कैफी साहब को डी लिट. की मानद उपाधि से सम्मानित किया।

जानकी कुटीर, बंबई में रहते हुए कैफी साहब को वह सब कुछ हासिल हुआ, जो अदब की दुनिया में किसी बड़ी से बड़ी हस्ती को हासिल हो सकता है। 1973 में फालिज के शिकार कैफी आजमी ने मिजवां की राह पकड़ ली। शौकत आजमी को तो साथ-साथ चलना ही था। कैफी बंबई महानगर (जानकी कुटीर) से निकल कर अपने पिछड़े साधनहीन गांव मिजवां (फतेह मंजिल) के हो गए। अपनी धरती अपने लोग का भावनात्मक लगाव और मिजवां के विकास का सपना कैफी के मन में बैठ गया। लकवाग्रस्त कैफी अपनी व्हील चेयर के साथ हर छोटे-बड़े कार्यक्रम में उपस्थित होते रहे। चाहे कोई साहित्यिक आयोजन हो, इप्टा की प्रस्तुति हो, कम्यूनिस्ट पार्टी की सभा हो, किसानों मजदूरों की सभा हो, या सांप्रदायिकता विरोधी कोई मार्च हो या सांस्कृतिक जागरण के लिए निकाली पदचीन्ह कबीर यात्रा हो, कैफी हर किसी कार्यक्रम के आमंत्रण को स्वीकार करते थे। फूलपुर (खुरासन रोड) रेलवे स्टेशन के बंद किए जाने के निर्णय के विरुद्ध कैफी आजमी अपनी व्हील चेयर के साथ रेल की पटरियों के बीच बैठकर जनता की अगुवाई करने से पीछे नहीं हटे। शाहगंज-मऊ रेलवे लाइन का ब्राडगेज में परिवर्तन और देश के प्रमुख नगरों से जोड़ने वाली ट्रेनों का संचालन हर कहीं कैफी संघर्ष में खड़े मिले।
जब कुछ लोगों ने कैफी पर यह इल्जाम लगाया कि अपने फायदे के लिए सड़क बनवा रहे हैं, तो उन्हें बहुत दुख हुआ। लखनऊ के एक होटल में कैफी गिर पड़े और कूल्हे की हड्डी में तीन जगह फै्रक्चर हो गया। चार महीने तक उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भरती होना पड़ा।

अजीब आदमी था वो, एक ऐसा आदमी जिसके शरीर का पूरा बायां अंग फालिज से प्रभावित हो चुका हो। कूल्हे की हड्डी में तीन-तीन फ्रैक्चर हो चुके हों, व्हील चेयर के बिना न चल पाने की स्थिति में हो फिर भी जिंदगी की आखिरी सांस तक जूझता रहा हो। अपने गांव को मॉडल विलेज बनाने के लिए, सड़कें, अस्पताल, डाकघर, टेलीफोन, प्रशिक्षण केंद्र, कम्यूनिटी सेंटर, लड़कियों का प्राथमिक, जूनियर, हायर सैकेंड्री स्कूल, जो कुछ भी मिजवां में दिख रहा है, कैफी के संकल्प और सपनों का प्रतिफल नहीं तो और क्या है? इतना ही नहीं मृत्यु के 2-3 वर्ष पूर्व कैफी मिजवां की एक जनसभा में अपनी बेटी शबाना से एक वादा भी करा लेते हैं कि मेरे न होने की स्थिति में मेरी लड़ाई को आगे बढ़ाती रहोगी और अधूरा काम पूरा करोगी। अदब की दुनिया का यह रोशन ख्याल शायर 10 मई  2002 को जसलोक अस्पताल बंबई में सब को अलविदा कर इस दुनिया से चल दिया।



मैसूर में होगा "हानूश" का मंचन


दिनांक 26, 27 व 28 मई को प्रस्तावित इप्टा की कर्नाटक राज्य इकाई का सम्मेलन स्थगित कर दिया गया है। राज्य इकाई के अनुसार नयी तारीखों की घोषणा शीघ्र ही की जायेगी। 

यह भी खबर है कि मैसूर इप्टा भीष्म साहनी के "हानूश" पर आधारित एक कन्नड़ नाटक के मंचन की तैयारी में लगी हुई है। बताया गया है कि मैसूर इप्टा कारखानों के कामगारों के लिये एक वार्षिक क्रीड़ा व सांस्कृतिक स्पर्धा का आयोजन मई महीने में कर रही है जिसका समापन "हानूश" के मंचन के साथ संपन्न होगा। यह एक विशाल आयोजन होता है जिसमें भारी संख्या में स्थानीय लोग भाग लेते हैं।

बलराज साहनी जन्मशती वर्ष-3 : कला और विचार का मेल


बलराज साहनी:कला और विचार का मेल

-सचिन श्रीवास्तव 
बलराज साहनी! जेहन में नाम आते ही, काले पेंट और सफेद शर्ट में बोलते चेहरे वाला एक डॉक्टर याद आता है, या फिर ओ मेरी ज़ोहराज़बीं ... गाता हुआ रौबीली मूंछों वाला कलाकार, या फिर अपने बाजुओं की ताकत की घोषणा करता मेहनतकश, या जमीन छिनने के दर्द के साथ रिक्शा खींचता शंभू महतो... या.... या...। ऐसे कितने ही ‘या’ हो सकते हैं, उस बेमिसाल कलाकार और संवेदनशील इंसान को याद करने के, जिसके लिए कला अभिव्यक्ति का साधन थी और अभिव्यक्ति थी, हिंदुस्तान ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की गरीब जनता की कराह। याद कीजिए कि बलराज साहनी के संबंध में ऊपर जितनी भी दृश्यनुमा घटनाओं का जिक्र किया गया है, उनमें  एक कलाकार कहां खड़ा हुआ है? डॉक्टर गरीबों का मुफ्त इलाज कर रहा है, प्रेम की अभिव्यक्ति का खूबसूरत गीत गाते हुए सौंदर्य की अमरता का बखान किया जा रहा है, या फिर कर्म को किस्मत से बड़ा बताते हुए मेहनत पर भरोसा किया जा रहा है। फिल्म इंडस्ट्री की दौड़ में वैचारिक निस्तेजता के बीच बलराज साहनी का कद अपने समय के तमाम कलाकारों से बड़ा दिखाई देता है, तो इसकी वजह उनका वह जीवन है, जो फिल्मी चकाचौंध में कम दिखाई देता है। 

1 मई 1913... रावलपिंडी! बलराज साहनी का जन्म और 1973 में उनकी आखिरी फिल्म आई, ‘गरम हवा’। इस फिल्म के आखिरी सीन में बलराज साहनी अपने परिवार के साथ पाकिस्तान जा रहे होते हैं, लेकिन बिल्कुल अंत में आशावादी नजरों से भारत में ही रहने का फैसला करते हैं।"रोजी दो, रोटी दो" के नारे लगते नौजवानों के जुलूस में शामिल हो जाते हैं. रावलपिंडी के गुलाम हिंदुस्तान और 1973 के उथल-पुथल भरे भारत के बीच बलराज साहनी का जीवन अपने कई रंगों में बिखरा पड़ा है। एक लेखक, अभिनेता, रंगकर्मी, रेडियोकर्मी, शिक्षक और बेहतरीन इंसान जैसे संबोधन बलराज साहनी की शख्सियत को पूरी तरह समझने के लिए नाकाफी हैं। लेकिन एक इकलौते सिरे से अगर इस बहुमुखी इंसान को समझना हो, तो वह है, उनका थियेटर से जुड़ाव। बलराज साहनी भारतीय जन नाट्य संघ से गहरे जुड़े थे। 1943 में मुंबई में इप्टा की स्थापना से लेकर आजीवन वे रंगकर्म के इस महत्वपूर्ण आंदोलन का हिस्सा रहे। उनके छोटे भाई भीष्म साहनी भी इप्टा और प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़े थे। साम्यवादी विचारों का प्रभाव और जीवन जीने का सामूहिक तरीका बलराज साहनी के रंगकर्म और फिर उनकी सर्वश्रेष्ठ कलात्मक अभिव्यक्तियों में देखा जा सकता है। फिल्मी परदे पर बलराज जी ने जो पात्र अपने जादूई अभिनय से अमर बनाए है, यह अनायास नहीं है कि वे सभी इंसान की बराबरी, दुनिया की बेहतरी और मजलूम के हक की बात करते हैं। आज के दौर में जब पैसे के लिए कलाकार कोई भी रोल अभिनीत करने के लिए तैयार हो जाते हैं, तब समझना थोड़ा मुश्किल है कि कैसे अपने पात्रों के चयन में बलराज जी इतने गंभीर और साफ थे। इस चयन की ऊर्जा उन्हें विचार से मिलती थी। 

बलराज जी ने रावलपिंडी के बाद लाहौर का जीवन जिया। वहां उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में एमए करने के बाद पिता के व्यवसाय में कुछ हाथ आजमाया। लेकिन यह उनकी उस अभिव्यक्ति को रास नहीं आ रहा था, जो दबी पड़ी थी, और जिसे बमार्फत थियेटर, फिल्म और लेखन बाहर आना था। उन्होंने शांति निकेतन का रुख किया। महात्मा गांधी के प्रभाव में भी आए, और फिर लंदन चले गए, बीबीसी में बतौर रेडियो अनाउंसर। वापस लौटे तो बलराज बदले-बदले थे। इस बीच उनकी कहानियां ‘हंस’ में छपने लगी थीं। लंदन से लौटने के बाद बलराज साहनी ने एक कहानी लिखी। चार साल की लेखन से दूरी उस प्रतिभा पर भारी पड़ी, जो एक लेखक को जन्मजात मिलती है, लेकिन उसे अभ्यास से अर्जित और परिष्कृत किया जाता है। कहानी 'हंस' में रिजेक्ट हो गई। यह चोट थी बलराज जी के लिए। उन्होंने कहानी लिखना बंद कर दिया। इससे पहले वह  इप्टा की फिल्म"धरती के लाल" में अभिनय कर चुके थे। फिल्मों की छुट-पुट शुरुआत को मुकम्मल तार देने का वक्त आ चुका था और ‘काबुलीवाला’, ‘लाजवंती’, ‘हकीकत’, ‘दो बीघा जमीन’, ‘वक्त’, ‘दो रास्ते’ और ‘गरम हवा’ उनका इंतजार कर रही थीं। बलराज जी ने ऐसे कई यादगार रोल्स तो किए ही, उन्होंने पाकिस्तान और रूस की सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सच्चाइयों की परतें भेदने वाले यात्रा वृतांतों को भी किताब की शक्ल दी। 

‘बाजी’ की पटकथा और "गरम हवा" में अभिनय  के दौरान बलराज जी की काम में डूबने की घटनाओं की लंबी श्रृंखला है, जिसे आज भी ए के हंगल याद करते हुए मुस्कुरा उठते हैं। 13 अप्रैल 1973 को बलराज जी का निधन हो गया। इससे पहले "गरम हवा" बन चुकी थी। बलराज जी अब नहीं है, और हवा सिनेमा से लेकर थियेटर और साहित्य से लेकर समाज तक में गर्म है। क्या उनका अभिनय इस गर्म हवा में ठंडा और सकूनदेह है? साथ ही इंसान की कामयाबी और उसकी सच्चाई से भरा-पूरा? यकीनन, हां।

(सचिनजी  द्वारा प्रदत्त अधिकार से किंचित संपादन के लिए क्षमा सहित -जितेन्द्र  रघुवंशी) 

Friday, May 4, 2012

अशोकनगर की कार्यशाला में “ आदमखोर “ का प्रदर्शन


अशोकनगर , दिनांक 1 मई 2012 को भारतीय जन नाट्य संघ ( इप्टा ) की अशोकनागर इकाई ने बच्चों  में  सृजनात्मक और कलात्मक क्षमता के विकास की दिशा में एक नई पहल की | आज  बाल एवं किशोर नाट्य कार्यशाला का उद्घाटन यहाँ स्थानीय जयप्रकाश पुस्तकालय में वरिष्ठ पत्रकार श्री अतुल लुम्बा ( गुना )  द्वारा किया गया | इस आठवीं नाट्य कार्यशाला का उद्घाटन करते हुये श्री लुम्बा ने कहा कि – “ आशोनगर में बच्चों के थेएटर  पर जो काम हो रहा है उसकी पहचान प्रदेश स्तर पर ही नहीं वरन राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित की  गयी है |” 

 चित्रकार पंकज दीक्षित ने कहा –“ बच्चों की इस तरह की नाट्य कार्यशालाएं  उनकी सोच और विवेक को एक दिशा देतीं हैं जिससे बच्चों में सामाजिक दृष्टि का विकास होता है “| उन्होंने  आगे बोलते हुये कहा – “ इस तरह की कार्यशालाएं बच्चों को अकेला कलाकार ही नहीं उन्हें एक बेहतर इंसान बनाने में भी  एक बड़ी  भूमिका का निर्वाह करती हैं “ |  श्री सत्येन्द्र रघुवंशी का कहना था कि – “ आज 125 वाँ मज़दूर दिवस है और यह दिन मेहनतकश अवाम के संघर्ष का प्रतीक है , बच्चों के रंग शिविर की शुरुआत के लिए इससे वेहतर दिन नहीं हो सकता था “| 

म. प्र . इप्टा के महासचिव हरिओम राजोरिया ने पच्चीस दिन  तक चलने वाली इस नाट्य कार्यशाला की विस्तृत रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुये बताया कि इस कार्यशाला में बच्चे  व्यायाम , संगीत , नाटक , थियेटर गेम ,नृत्य , क्राफ्ट ( मंचीय उपकरण निर्माण ) आदि का पच्चीस दिन तक नियमित सतत अभ्यास करेंगे | नाट्य कार्यशाला का समापन इप्टा के स्थापना दिवस 25 मई को किया जाएगा जिसमें  कार्यशाला के दरम्यान तैयार प्रस्तुतियों का प्रदर्शन बच्चे करेंगे | इस सत्र में बीना से आए लेखक श्री महेश कटारे “ सुगम ‘ तथा स्थानीय नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री महेंद्र भारद्वाज ने भी अपने विचार व्यक्त किए | इप्टा की परम्परानुसार सत्र की  शुरुआत में सुश्री सीमा राजोरिया और निवोदिता शर्मा द्वारा जनगीतों की प्रभावी प्रस्तुति की गयी |

 इस उद्घाटन सत्र के दूसरे हिस्से में पूर्ववर्ती नाट्य शिविरों में भागीदारी कर चुके बच्चों द्वारा महान कथाकार विजयदान देथा की कहानी “ आदमखोर “ ( रोहित झा द्वारा रूपांतरित ) का प्रभावी प्रदर्शन किया | इस नाटक के कथ्य में देवी मंदिर के एक पुजारी का एक पूरा जीवन चक्र है जो मनुष्य की आदिम लोभी वृत्ति को रेखांकित करता  है | लोकशैली के प्रयोग और बच्चों के प्रभावशाली अभिनय ने कहानी को मंच पर जीवंत कर दिया |  

इस नाटक का निर्देशन सुश्री सत्यभामा ने किया तथा सर्वश्री अविनाश तिवारी ,सत्यभामा, विनय खान , ऋषव श्रीवास्तव , सारांश पूरी और कबीर राजोरिया का अभिनय सराहनीय था | नाट्य स्थल छोटा होने से  और हाल के ठसाठस  भर जाने से अनेक दर्शकों को वापिस घर लौटना पड़ा | इप्टा अशोकनगर की नाट्य प्रस्तुतियों ने शहर में नाटक देखने वालों का एक स्थायी दर्शक वर्ग तैयार किया है |  इप्टा इस तरह की  सात नाट्य कार्यशालाएँ कर चुका है जिसमें बच्चों के एक दर्जन नाटकों पर बच्चों ने काम  किया है | शहर में 1988 से काम कर रही इस इकाई ने 1998 से बच्चों के थेयेटर पर काम शुरू किया था | इन नाटकों की कार्यशालायों ने अनेक युवा कलाकारों को तैयार किया है |   

             अशोकनगर  इप्टा की यह आठवीं किशोर एवं बाल नाट्य कार्यशाला फिल्म अभिनेता , रंगकर्मी और लेखक बलराज साहनी ( 1मई 1913- 13 अप्रैल 1973 ) की स्मृति को समर्पित की जा रही है | 1मई 2012 से उनका जन्म शताब्धी वर्ष शुरू हो रहा है | इप्टा के इस आयोजन में सभी वक्ता साथियों ने उन्हे याद किया

राकेश विश्वकर्मा,
सचिव, इप्टा,
अशोकनगर
Ads – Why this ad?
Listen to famous singers. Get to know the stories behind their songs

Thursday, May 3, 2012

आगरा में मई दिवस

आल इंडिया ट्रेड यूनियन काउन्सिल (एटक) की मई दिवस सभा मजदूर भवन,रामबाग पर रमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई.सभा को संबोधित करते हुए जगदीश प्रसाद,जितेन्द्र रघुवंशी,रामसिंह सलूजा,बलवंत सिंह, चन्दन सिंह,रमेश गुप्ता, मिंटू शर्मा,रमेशबाबू कुशवाहा आदि ने कहा की श्रमिकों का शोषण दिनोंदिन बढ़ रहा है,महंगाई से आम जनता परेशान है. इसलिए संगठित आन्दोलन चलाने की ज़रुरत है.संचालन सुखराम ने किया.

सभा में भारतीय जननाट्य संघ(इप्टा) के कलाकारों ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस,बलराज साहनी की जन्मशती और आगरा इप्टा की 70 वीं वर्षगांठ को समर्पित गीत प्रस्तुत किये.इनमें डिम्पी मिश्रा,अर्जुन गिरि,निर्मल सिंह,विक्रम सिंह,सिद्धार्थ रघुवंशी शामिल थे.विशेष रूप से रवि नागर द्वारा संगीतबद्ध गीत 'नफ़स- नफ़स,क़दम-क़दम ...' गाया गाया.जनगायक रवि का पिछले दिनों निधन हो गया था.  

Wednesday, May 2, 2012

डोंगरगढ़ में बलराज साहनी स्मृति नाट्य समारोह 2 मई से


डोंगरगढ़। नाट्य संस्था ‘इप्टा’ व सामाजिक संस्था ‘विकल्प’ द्वारा आयोजित किये जा रहे 8 वें राष्ट्रीय नाट्य समारोह का उद्घाटन इंदिरा कला व संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर माण्डवी सिंह व अंतरख्याति ख्याति के निर्देशक प्रोबीर गुहा के संक्षिप्त वक्तव्यों के साथ होगा। बलराज साहनी जन्मशती वर्ष में यह नाट्य समारोह उनकी स्मृति को समर्पित किया गया है। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ के मशहूर नाटककार प्रेम साइमन के नाटकों की एक किताब का विमोचन भी किया जायेगा, जिसका संपादन  दिनेश चौधरी ने किया है।


तीन दिवसीय समारोह के प्रथम दिवस पहला नाटक ‘‘फांसी के बाद’’ भिलाई इप्टा द्वारा खेला जायेगा । विमल बंदोपाध्याय द्वारा मूलतः बांग्ला में लिखे गये नाटक का हिंदी अनुवाद मणिमय मुखर्जी ने किया है। प्रस्तुति नियंत्रण राजेश श्रीवास्तव का व संगीत भारत भूषण तथा सुनील मिश्रा का है। अदालत द्वारा दोषी ठहराये गये पात्र को नाटककार दोषी नहीं मानते और बहुत ही रोचक ढंग से एक अवास्तविक घटना आगे बढ़ती है व दर्शकों को अपने साथ बाँधती चली जाती है।

दूसरा नाटक ‘‘घर वापसी का गीत’’ ऑल्टरनेटिव लिविंग थियेटर कोलकाता द्वारा खेला जायेगा। यह नाटक अपने किस्म के एक अलग शिल्प के माध्यम से यह बयान करता है कि देशों के विभाजन के साथ केवल स्वतंत्रता नहीं आती है, बल्कि वह हाशिये पर पड़े करोड़ों लोगों के लिये बेघर हो जाने का पैगाम भी लेकर आती है। बेशुमार लोग शहरों की ओर भागने लगते हैं। वे मनुष्यों की तरह दिखते तो हैं पर कभी भी सामान्य मनुष्य की तरह जी नहीं पाते। उनका भटकाव कभी खत्म नहीं होता। वे एक नये पते के लिये, एक नयी नियति के लिये आजादी के 63 साल बाद भी भटकने के लिये अभिशप्त हैं। नाटक का निर्देशन राष्ट्रपति द्वारा संगीत नाटक अकादमी सम्मान से विभूषित सुविख्यात निर्देशक प्रोबीर गुहा ने किया है।