Tuesday, December 27, 2016

‘हमारे समय में’ का मंचन 28 दिसम्बर को

इप्टा रायगढ़ के तेइसवें नाट्य समारोह के चौथे दिन बहरूप आर्ट ग्रुप दिल्ली द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘हमारे समय में’ का मंचन किया जाएगा। इस नाटक के लेखक हैं शाहिद अनवर और निर्देशक हैं के. एस. राजेन्द्रन।

‘हमारे समय में’ एक आधुनिक त्रासदी है। ‘हमारा समय’ आज बहुदलीय मिलीजुली राजनीति की अनिश्चितताओं, वैचारिक खोखलापन, सैटेलाइट चैनल्स जो आज खबरों का उत्पादन कर रहे हैं उदारीकरण/बाज़ारकेन्द्रित अर्थव्यवस्था और करोड़ो डॉलर के आध्यात्मिक उद्योगों का साक्षी है। इस राजनैतिक पृष्ठभूमि पर एक युवा उग्र मार्क्सवादी के अस्तित्ववादी असमंजस को नाटक में चित्रित किया गया है। इसतरह का नाटक अपने अभिनेताओं से विचारों की तीव्रता एवं स्पष्टता की अपेक्षा रखता है। यह नाटक आज के एकरेखीय विश्व के पतन को रेखांकित करता है। इसतरह के विश्व में वैकल्पिक अस्तित्व के लिए सभी संभावनापूर्ण दृष्टियाँ खो जाती हैं। जब प्रतिरोध की परम्परा छीजती जा रही हैं, ऐसे समय में सपनों और आशाओं को किसतरह बचाकर रखने की कोशिश की जाती है।

उल्लेखनीय है कि बहरूप आर्ट ग्रुप प्रसिद्ध लेखक शाहिद अनवर की ही नाट्य संस्था है। इप्टा रायगढ़ के लोकप्रिय नाटक ‘बी थ्री’ के लेखक शाहिद अनवर ही हैं। शाहिद अनवर के दुखद निधन के बाद 17 से 20 नवम्बर 2016 को उनकी स्मृति में दिल्ली में बहरूप आर्ट ग्रुप द्वारा उनके लिख हुए चार नाटकों का समारोह आयोजित किया था, जिसमें इप्टा रायगढ़ ने भी ‘बी थ्री’ का मंचन किया था।

नाटक पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शाम सात बजे से आरम्भ होगा। प्रवेश निःशुल्क है।



चर्च पंसद हैं मुझे

-राजकुमार सोनी 

यह तब लिखा था जब बंसत तिमोथी जिंदा थे। बंसत तिमोथी कौन है क्या है इसका जिक्र आगे करूंगा।
फिलहाल यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि मुझे चर्च पंसद है। बहुत ज्यादा पंसद है। देवदार और पलाश के बड़े-बड़े पेड़ों की वजह से चर्च मुझे हमेशा से आकर्षित करते रहे हैं।


चर्चों के प्रति मेरे आकर्षण की एक वजह यह भी रही है कि भिलाई सेक्टर छह की एक चर्च में मेरा दोस्त अलीवर जैकब हर संडे कांगो बजाने जाया करता था। अलीवर की वजह से मैं यह जान पाया था कि कैसे आरडी बर्मन बिस्किट के खाली डिब्बे, खाली बोतलें और कंघी के उपयोग से संगीत पैदा कर दिया करते थे। अपने पिता के रिकार्ड प्लेयर से गाना सुन-सुनकर मैं थोड़ा बहुत गाने लगा था। संगीत में आरडी का प्रभाव पैदा करने के लिए मैने और अलीवर ने स्कूल की लगभग हर टेबल और कुर्सी को ठोंक-बजाकर कांगों में तब्दील कर दिया था। हम दोनों ऐसी टेबल पर बैठते थे जिसमें बूम-बूम-धूम-धूम की आवाज निकलती थी। जैसे ही आधी छुट्टी होती मैं और अलीवर चालू हो जाते थे। मुझे अलीवर की दोस्ती इसलिए भी पंसद थीं क्योंकि पूरे स्कूल में वहीं एक था जो हर रोज बोरोलीन लगाकर आता था और मैं बोरोलीन की खूशबू के पीछे पागल था। अलीवर अपने टिफिन बाक्स में मेरे लिए कुछ न कुछ तो लाता ही था। कई बार कागज में छिपाकर बोरोलीन भी ले आता था।

चर्च के प्रति एक आकर्षण की दूसरी वजह हिंदी फिल्म देवता भी थीं। संजीव कुमार, शबाना आजमी और डैनी के अभिनय से सजी इस फिल्म का एक गीत- चांद चुराके लाया हूं... मुझे बेहद पंसद था। अब भी है। मुझे लगता था शबाना से मिलने-जुलने का संजीव कुमार ने बढिय़ा ठिकाना खोजा है। बाग-बगीचों में प्रेम की बात करने वाले नौजवान लड़के-लडकियों को डरा-धमकाकर पैसे वसूलने वाली पुलिस चर्च के पीछे तो जा ही नहीं सकती क्योंकि सामने ईशु खड़े होंगे जो उन्हें रोक लेंगे।

एक रोज मैंने अलीवर से कहा कि चर्च देखना है। हमने एक योजना बनाई। हम स्कूल जाने के लिए साथ निकले लेकिन स्कूल न जाकर विजय और बंसत टाकीज में फिल्मों के पोस्टर देखने चले गए। हमारी योजना थीं कि हम फिल्मों के पोस्टरों को देखने के बाद चर्च आएंगे और फिर घर जाकर कह देंगे स्कूल से आ गए।

हम चर्च पहुंचे। चर्च में प्रवेश करते ही मैं ठीक वैसे ही चिल्लाने लगा जैसे फिल्म मधुमति में दिलीप कुमार- सुहाना सफर ये मौसम हंसी... गाने के पहले हे.. हो.. हो करके चिल्लाता है। मैं चिल्लाता रहा और आवाज टकराकर मुझ तक पहुंचती रही, लेकिन थोड़े ही देर में मेरी यह खुशी काफूर हो गई। फिल्म अमर-अकबर-अंथोनी में अभिताभ बच्चन को समझाने वाला एक फादर जैसा फादर हमारे सामने खड़ा था। फादर ने हमें समझाया कि जब कोई प्रार्थना में लीन हो तो उसे डिस्टर्ब नहीं करना चाहिए।

मैं और अलीवर उस जगह पहुंच गए, जहां बड़ी सी मोमबत्ती जल रही थी। वहां गहरे कत्थे रंग का स्कार्फ पहने हुए एक बूढ़ी औरत और हल्का गुलाबी फ्राक पहनी हुई एक खूबसूरत लड़की प्रार्थना कर रही थी। अलीवर और मैं उस बूढ़ी औरत के बगल में घुटनों के बल बैठ गए। अलीवर ने तो प्रार्थना की मुद्रा अख्तियार कर ली, लेकिन मैं यह सोचकर हाथ नहीं जोड़ पा रहा था कि घर में पता चलेगा तो क्या होगा? मां ने हर फोटो के सामने अगरबत्ती घुमाना सिखाया था तो मन मोमबत्ती देखकर थोड़ा हिचक रहा था। इसी हिचक के चलते मैं कभी सुलभा देशपांडे के समान दिखने वाली बूढ़ी औरत को देखता रहा तो कभी निरमा वाशिंग पाउडर के चित्र जैसी नजर आने वाली लड़की को। लड़की कुछ बुदबुदा रही थी। मैंने अलीवर से पूछा- लड़की क्या बोल रही है। उसने बताया- ईशु से कुछ मांग रही है। मैंने चर्च में अपने देवी-देवताओं का आह्वावान किया। जितने भगवानों को अगरबत्ती लगाने के दौरान जानता था उन सबसे मैंने कहा- बुढिय़ा और ये लड़की ईशु से जो कुछ मांग रहे हैं तुम उन्हें दे देना।

इसके बाद जब कभी भी मुझे अवसर मिलता मैं चर्च जरूर जाता रहा। यहीं पर मैंने कांगो-बांगो, मरकस, एकार्डियन, सेक्सोफोन और वायलिन के साथ समूह में 'प्रभु ईशु आया मेरा जीवन बदला.. यहां पाप नहीं यहां पुण्य नहीं जैसा गीत सुना था। एक रोज मुझे - जो क्रूस पे कुरबां है वह मेरा मसीहा है, हर जख्म जो उसका है वह मेरे गुनाहों का है। इस गीत ने परेशान कर दिया। काफी दिनों तक मैं यह सोचता रहा कि क्या ईशु सचमुच हमारे गुनाहों की वजह से क्रूस पर चढ़े थे? काफी खोजबीन के बाद यह पता चला कि गीत की धुन को छत्तीसगढ़ के बंसत तिमोथी नामक शख्स ने तैयार किया था। तिमोथी जी जबरदस्त वायलिन बजाते थे। छत्तीसगढ़ में आने से पहले तिमोथी जी जबलपुर की प्रसिद्ध मसीही संस्था स्वर संगम प्रभात में काम किया करते थे। यह संस्था रेडियो सीलोन के लिए कार्यक्रम बनाया करती थी। देश- दुनिया के चर्चों में आज भी तिमोथी जी के संगीतबद्ध किए गए गीत बज रहे हैं।

दोस्तों चर्च जाता हूं तो बहुत कुछ याद आता है। बचपन याद आता है। अलीवर जो अब इस दुनिया में नहीं है.. वह याद आता है। तिमोथी जी भी नहीं है लेकिन वंदना करते हैं हम... रेडियों सीलोन में सुबह-सुबह बजने वाली प्रार्थना याद आती है। हर साल २५ दिसम्बर को चर्च जरूर जाता हूं। पिछले साल अपने एक अजीज दोस्त के साथ रायपुर से बाहर जंगल में था तब हमने एक कैंडल जलाकर ईशु को याद किया था। चर्च में मोमबत्ती लगाते हुए लोग मुझे अच्छे लगते हैं। वहां दिखने वाले बच्चों को देखकर लगता है देश- दुनिया में बहुत सी चीजें खराब है, लेकिन उम्मीद अब भी खूबसूरत ही है और वह बच्चों के रुप में हमारे आसपास मौजूद हैं। चर्च जाकर मैं बचपन में लौट जाता हूं। एक अजीज दोस्त का कहना है कि मैं अब भी बच्चा हूं। दोस्त को क्या मालूम कि मैं अपने भीतर के बच्चे को बचाकर रखने के लिए भी हर रोज जानबूझकर चर्च के सामने से गुजरता हूं


Saturday, October 8, 2016

इप्टा पर फ़ासिस्ट हमला, अधिनायकवादी प्रवृति, गुंडागर्दी है: अरुण कमल

"आज देश में इस तरह का माहौल बनाया जा रहा है कि जैसे हम सोच रहे हैं, जैसे हम खा रहे हैं, पी रहे हैं वैसे ही आप सोचें। ये अधिनायकवादी प्रवृति है, गुंडागर्दी है। जिस मध्य प्रदेश के इंदौर में इप्टा के राष्ट्रीय सम्मलेन पर फ़ासिस्ट हमला हुआ, उसी मध्यप्रदेश में हरिशंकर परसाई को भी पीटा गया था। यह हमारे लिए चुनौती है कि हमें वर्गसंघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए। RSS इस देश का सबसे ख़तरनाक फ़ासीवादी गिरोह है और यह देश की सरकार को नियंत्रित करने का काम कर रहा है."

ये बातें सुप्रसिद्ध कवि अरुण कमल ने इंदौर में हुए भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) के 14वें राष्ट्रीय सम्मेलन पर हुए फासीवादी हमले के खिलाफ  कालिदास रंगालय में आयोजित प्रतिरोध सभा में बोलते हुए कहा।

प्रख्यात कवि आलोक धन्वा ने अपने सम्बोधन में कहा "जब हमने दूसरे विश्वयुद्ध में फासीवादी ताकतों को लड़कर पराजित किया तो अब भी क्यों नहीं लड़ सकते। इंदौर में इप्टा के राष्ट्रीय सम्मेलन पर हमला करने वाले आर.एस.एस और उसके अनुषांगिक संगठनो की  आजादी के आंदोलन में कोई भूमिका नहीं थी, इससे जुड़े लोगों ने महात्मा गांधी की उस समय हत्या की जब वे प्रार्थना करने जा रहे थे।ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है ऐसे लोग हमारी साझी विरासत पर हमला करने जा रहे हैं।"
चर्चित डाक्टर डा सत्यजीत  ने कहा "आर.एस. इस बजरंग दल जैसे  धर्म व् देश विरोधी लोग आज देशभक्ति की बात कर रहे हैं।जिनका देश की साझी सांस्कृतिक विरासत और परम्परा का न तो कोई ज्ञान है और ना ही सदियों पुरानी इस विशिष्ट पहचान पर कोई आस्था।"

कार्यक्रम की शुरुआत में इंदौर के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल प्रतिनिधियों की ऒर से तनवीर अख्तर ने पूरे घटना का विस्तार से ब्यौरा देते हुए बताया कि "सबके लिए एक सुन्दर दुनिया के संकल्प के साथ भारतीय जननाट्य संघ (इप्टा) का 14वां राष्ट्रीय सम्मेलन 02 अक्टूबर, 2016 से 04 अक्टूबर, 2016 तक इंदौर में आयोजित किया गया था, जिसमें देश के 22 राज्यों से 800 से अधिक प्रतिनिधि/कलाकारों ने भाग लिया। राष्ट्रीय सम्मेलन के अंतिम दिन 04 अक्टूबर, 2016 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर. एस. एस.) समर्थित भारत स्वाभिमान संगठन के कार्यकर्ताओं ने आनंद मोहन माथुर सभागृह (ए. के. हंगल रंग परिसर) में चल रहे संगठन-सत्र पर हमला कर सम्मेलन को बाधित करने का प्रयास किया। सभागृह में उपस्थित इप्टाकर्मियों के सशक्त प्रतिरोध की वजह से फ़ासिस्ट ताक़तों को वहां से भागना पड़ा।"

इस अवसर पर पूरे घटना की वीडियो क्लिपिंग भी दिखाई गयी।

वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी अनिल अंशुमन ने अपने  संबोधन में कहा " आज पुरे देश में लिखने पढ़ने वालों पर हमला काफी बढ़ गया है।हमे इसके विरुद्ध एकजुटता की आवश्यकता  है।" 

चर्चित साहित्यकार तैय्यब हुसैन पीड़ित ने कहा "आज देश में साम्प्रदायिक ताकतें हिटलर और मुसोलिनी की विचारधारा से प्रेरणा ले रहे हैं. इसलिए ज़रूरी हो गया है कि नाटक करने, गीत गाने , सांस्कृतिक कार्यो के अलावा हम प्रतिरोध को संगठित करें।"

लोक नर्तक विश्वबंधु जी ने इंदौर की घटना की घोर निंदा करते हुए कहा "मैं 1954 से ही इप्टा के जुड़ा हुआ हूँ; लेकिन इंदौर जैसी घटना जिसमे नाटक करने वालो को दबाया जाए ना कभी ऐसा देखा और ना सुना।"

वरिष्ठ रंगकर्मी जावेद अख्तर ने इंदौर के समाचार पत्र "प्रभात किरण" में प्रकाशित ख़बर "इस इप्टा से कैसे निपटा जाए" का पाठ किया और प्रतिरोध सभा में एकजुटता सम्बंधी प्रस्ताव पेश करते  हुए  कहा "हमें फासिस्स्ट ख़तरे के ख़िलाफ़ एकजुट होकर बड़ी गोलबंदी करनी होगी"।

वरीय नाटककार व निर्देशक हसन इमाम ने कहा कि यह हमला देश के प्रजातान्त्रिक मूल्यों पर हमला है। यह हमला दलितों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों, किसानों, मजदूरों पर हो रहे हमलों से अलग नहीं है. इसीलिये लेखकों , रंगकर्मियों को दलितों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों, किसानों, मजदूरों के साथ कंधा से कंधा मिला कर फासिस्ट हमलों की मुख़ालफत करनी चाहिए।
सभा को वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी कुमार अनुपम, सामजिक कार्यकर्ता रूपेश, युवा रंगकर्मी अजीत कुमार, युवा अभिनेता सुमन कुमार, सामजिक कार्यकर्ता रवींद्र नाथ राय आदि ने सम्बोधित किया।

प्रतिरोध सभा में बड़ी संख्या में रंगकर्मी, कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे। प्रमुख लोगों में अनीश अंकुर, राजन कुमार सिंह, फ़ीरोज़ अशरफ खां, मोना झा, विनोद कुमार, कुमुद कुंदन, विशाल तिवारी, रंजीत, गठन गुलाल, सरफ़राज़, उषा वर्मा, दीपक कुमार,  कथाकार  शेखर, विनय, दीपक, गुलशन, विक्रांत, अभिषेक शर्मा शामिल थें. सभा की अध्यक्षता विश्वबंधु, समी अहमद, आलोक धन्वा और अरुण कमल की अध्यक्ष मंडली ने की.

प्रतिरोध सभा में बिहार आर्ट थिएटर, नटमंडप, प्रेरणा, हिरावल, किसलय, जन सांस्कृतिक मंच, सुरांगन, अभियान, विहान सांस्कृतिक मंच, अक्षरा आर्ट्स, जनविकल्प, बिहार एप्सो,अल खैर, पुनश्च, पटना सिटी इप्टा, पटना इप्टा से जुड़े संस्कृतिकर्मियों, कलाकारों ने भाग लिया। सभा का संचालन युवा रंगकर्मी जयप्रकाश ने किया।

प्रतिरोध सभा में जावेद अख़्तर खां ने पटना के संस्कृतिकर्मियों की ओर से एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया कि 
"इंदौर में विगत 2 अक्टूबर को शुरू हुए इप्टा के 14वें राष्ट्रीय सम्मेलन के अंतिम दिन यानी 4 अक्टूबर 2016 को भारत स्वाभिमान मंच नाम के एक संगठन जिसका किसी ने नाम भी न सुना होगा, के 10-12 उपद्रवी तत्वों ने हमले की कोशिश की। ये मंच पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। आयोजकों द्वारा इन्हें बाहर का रास्ता दिखाए जाने के बाद इन्होंने सम्मेलन स्थल पर पत्थरबाजी की जिसमें एक इप्टा कार्यकर्ता घायल हो गया। बाद में इन्होंने स्थानीय विजय नगर थाने पर पहुँच कर उलटे इप्टा के लोगों पर फर्जी प्राथमिकी दर्ज कराने का दबाव बनाया। स्थानीय आर.एस.एस. इकाई ने भी इप्टा सम्मेलन में कथित देश-विरोधी वक्तव्य दिए जाने का फर्जी आरोप लगाते हुए विज्ञप्ति जारी की। अनुमान लगाना कठिन नहीं है कि कायराना हमला करनेवाले एक नामालूम से, लगभग रातों-रात खड़े हो गए इस संगठन का संबंध किस से है? 

यह घटना संघ समर्थक ताकतों द्वारा लेखकों, कलाकारों, बुद्धिजीवियों पर लगातार हो रहे हमलों की शृंखला की ताजी कड़ी है। केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा शासित राज्य सरकारों के शासन में गाय, देश और धर्म का नाम लेकर अभिव्यक्ति की आजादी, विवेक, समता और सांप्रदायिक सौहार्द्र की संस्कृति पर तथा दलितों और अल्पसंख्यकों पर हमले करनेवाले उन्मादी तत्वों के हौसले बढ़े हुए हैं। लेकिन इन हमलों का प्रतिरोध भी हर कहीं हो रहा है। इप्टा के सम्मेलन पर हमला देश की सांस्कृतिक विरासत के प्रगतिशील पहलुओं पर बढ़ते फासिस्ट हमलों का ही एक और बदतरीन उदाहरण है। 

इप्टा के आंदोलन को जिन महान कलाकारों, फिल्मकारों, चित्रकारों, लेखकों-बुद्धिजीवियों ने खून-पसीना एक कर खड़ा किया, उन्होंने देश ही नहीं दुनिया की मानवतावादी और प्रगतिशील संस्कृति को आगे बढ़ाया है। हम पटना के कलाकार, संस्कृतिकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक इप्टा के राष्ट्रीय सम्मेलन पर हुए हमले की कठोर भर्त्सना  करते हुए हमलावरों और साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी और घटना में मध्य प्रदेश की राज्य सरकार की भूमिका की न्यायिक जाँच की मांग करतें हैं."

Friday, October 7, 2016

श्रद्धांजलि : रंग गुरु एच कन्हाईलाल

नई दिल्‍ली: भारतीय रंगमंच के अप्रतिम निर्देशक ओझा हेस्नाम कन्हाईलाल का गुरुवार दोपहर निधन हो गया. वे फेफड़े के कैंसर से पीड़ित थे. इसी वर्ष उन्हें पद्म भूषण सम्मान दिया गया था. उन्हें पद्म श्री (2003) और संगीत नाटक अकादमी अवार्ड (1985) भी मिल चुका है. वे संगीत नाटक अकादमी के फेलो भी थे.

सावित्री हेस्नाम उनकी पत्नी हैं जो विख्यात रंगमंच अभिनेत्री हैं और उनके पुत्र हेस्नाम तोम्बा उभरते हुए निर्देशक हैं. मणिपुर के कन्हाईलाल ने भारतीय रंगमंच की विविधता को समृद्ध किया. उनकी रंगभाषा में पुर्वोत्तर का शरीर, मानस और वहां की लोक परंपराओं के साथ वहां की जनता का संघर्ष और प्रतिरोध भी शामिल है.

उनकी रंगभाषा में पूर्वोत्तर की ध्वनियों का खेल भी था जो उसे गहराई देता था. उनकी प्रस्तुतियां देश विदेश में मंचित हुईं और सराही गईं. कन्हाईलाल ने मणिपुर में कलाक्षेत्र रंगमंडल की स्थापना की थी और इसके साथ वे काम करते रहे. उन्होंने देश विदेश की विभिन्न संस्थाओं में अभिनेतों को प्रशिक्षण भी दिया. ‘मेमायर्स आफ अफ्रीका’, ‘कर्ण’, ‘पेबेट’, ‘डाकघर’, ‘अचिन गायनेर गाथा’, ‘द्रोपदी’ इत्यादि उनकी चर्चित नाट्य प्रस्तुतियां हैं.

महाश्वेता देवी की कहानी पर आधीरित उनकी प्रस्तुति 'द्रौपदी' अत्यंत प्रशंसित और विवादित रही. इसमें उनकी पत्नी सावित्री का बेमिसाल अभिनय था. प्रस्तुति के बीच एक ऐसा क्षण आता है जब वे मंच पर अनावृत होती हैं. कहा जाता है कि मनोरमा देवी के रेप और अपहरण के खिलाफ महिलाओं ने नंगे होकर आसाम राइफल्स के विरोध में जो प्रदर्शन किया था उसकी प्रेरणा इस प्रस्तुति से ही मिली थी. उनका निधन से भारतीय रंगमंच का एक युगांत हो गया है.

एनडीटीवी इंडिया से साभार

श्रद्धांजलि : रंग गुरु एच कन्हाईलाल

जीवन और रंगमंच में मेरे लिए यह आदर्श जोड़ी रही है - एच कन्हाईलाल और सावित्री माँ। चाहे वो रंगमंच का मंच हो या जीवन की तपती ज़मीन - ये दोनों हमेशा ही एक दूसरे के कंधे से कन्धा मिलाकर मजबूती के साथ खड़े दिखे। मैंने जहाँ भी इन्हें देखा (चाहे वो क्लास हो या जीवन)- साथ में ही देखा; और सदा मनीषी मुद्रा में ही देखा।

दोनों एक दूसरे के पूरक - हर ख़ुशी, ग़म, कला, जीवन संघर्ष, स्नेह, फटकार सब एक साथ। एक थियरी हैं तो दूसरा प्रैक्टिकल, एक जिस्म तो दूसरा दिमाग, एक दिल तो दूसरा धड़कन। ऐसी आदर्श जोड़ी विरले ही होती हैं। ऐसे ही स्नेह के लिए तो जीता है - एक इंसान। कन्हाईलाल और सावित्री माँ ने भारत के न जाने कितने कलाकारों को प्रेरित किया, उन कइयों में से एक मैं भी हूँ। उनकी सादगी और कला का कुछ अंश हम जैसों के भीतर सदा साँस लेती रहेंगीं।

अपने कर्मों के आधार पर एक पीढ़ी दूसरे पीढ़ी के भीतर जीवित रहती हैं। कन्हाईलाल जी का देहावसान की पीड़ा विशाल है लेकिन उनकी विरासत की ज़िम्मेवारी भी तो है, इसे सहेजना ज़रूरी है।

पुंज प्रकाश

Call for resistance against attack on freedom of expression

Call for resistance against attack on freedom of expression on 13th October 2016

Indian Peoples Theatre Association has given a call for resistance against attack on freedom of expression in relation to the attack on IPTA conference by some youths connected with the right wing who tried to disrupt the concluding session of 14th National Conference of IPTA on 4th October 2016 at Anand Mohan Mathur Sabhagrah, Indore.

The General Secretary of IPTA, Rakesh said in a statement that this attack is in the continuation of attacks on freedom of expression by RSS and its allies. He further stated that IPTA was born during freedom struggle in 1943 in the period of ongoing Second World War and IPTA since its inception not only stood against the war but also as a crusader in defense of national sovereignty and integrity and various of its activists throughout the country went to jails fighting the colonial rule. He reiterated that IPTA is firmly against war and terrorism as well since both are the manifestation of imperialist crisis. We observe that it is notorious design of ruling class that those who have been working for the peace of the mankind are portrayed as anti-nationals. It is our patriotism and our nationalist commitment which impels us to talk against war which will destroy human lives in both the countries. People of India have nothing to gain by sacrificing the lives of our soldiers. He has appealed to all IPTA units and to all like-minded writer’s, cultural and other social organizations to observe 13th October 2016 as a day of resistance and rally the people in the fight against communal fascism, terrorism, war mongering and continuous attacks on freedom of expression.

Rakesh Veda
General Secretary
Indian Peoples Theatre Association (IPTA)

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमले के खिलाफ़ देशव्यापी प्रतिरोध का आह्वान

13 अक्टूबर 2016 को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमले के खिलाफ़ देशव्यापी प्रतिरोध का आह्वान


इंदौर में 02 से 04 अक्टूबर तक आयोजित इप्टा के 14वें राष्ट्रीय सम्मेलन के अंतिम दिन आनंद मोहन माथुर सभागृह में समापन सत्र के दौरान दक्षिणपंथी संगठनों से संबद्ध कुछ युवाओं ने सत्र की कार्यवाही को रोकने का प्रयास किया, जिसके परिप्रेक्ष्य में भारतीय जन नाट्य संघ ने अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हो रहे हमलों के विरोध में 13 अक्टूबर का दिन प्रतिरोध दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया है।

इप्टा के राष्ट्रीय महासचिव राकेश ने कहा कि इप्टा के सम्मेलन के दौरान हुआ यह हमला राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और उसके अनुषांगिक संगठनों द्वारा अभिव्यक्ति की आज़ादी पर लगातार किये जा रहे हमलों की कड़ी का ही एक हिस्सा है। इप्टा का जन्म 1943 में भारत के स्वतत्रंता संग्राम में 1943 में हुआ है। यह द्वित्तीय विष्वयुद्ध का समय भी था और अपनी शुरुआत से ही इप्टा न केवल युद्ध के विरोध में खड़ी हुई है बल्कि देश की संप्रभुता और एकता को बचाने के लिए भी मजबूती से खड़ी रही है और इसके लिए इप्टा के तमाम कार्यकर्ता ब्रिटिश शासन के दौरान जेल भी गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि इप्टा युद्ध और आतंकवाद दोनों का ही कड़ा विरोध करती है क्योंकि दोनों ही नवउदारवादी संकट का परिणाम हैं। हम देखते हैं कि यह शासक वर्ग की वही जनविरोधी व्यवस्था है जिसमें जनता की शांति के लिए काम करने वालों की छवि देशविरोधी की छवि बनाकर प्रस्तुत की जाती है। यह हमारी  देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता ही है कि हम उस युद्ध का विरोध करते हैं जो दोनों ही देशों में इंसानी जिंदगियों को खत्म कर देगा। भारत के लोगों के पास अपने सैनिकों की जान दांव पर लगाकर भी पाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने इप्टा की तमाम इकाइयों के साथ अन्य समानधर्मा लेखक, सांस्कृतिक व सामाजिक संगठनों से यह अपील की है कि सभी 13 अक्टूबर 2016 का दिन अभिव्यक्ति की आजादी पर हमलों के खिलाफ प्रतिरोध दिवस के रूप् में मनाएं और साम्प्रदायिक फासीवाद, आतंकवाद, युद्धोन्माद और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हो रहे हमलों के विरुद्ध लोगों को एकजुट करें।


राकेश वेदा
महासचिव
भारतीय जन नाट्य संघ

Thursday, October 6, 2016

अभिव्यक्ति की आज़ादी पर जारी हमलों के ख़िलाफ़ एकजुट हों!

अभिव्यक्ति की आज़ादी और आलोचनात्मक विवेक पर जारी हमलों के ख़िलाफ़ एकजुट हों!


हरियाणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय में ‘द्रौपदी’ के मंचन को लेकर खड़ा किया गया हंगामा और इंदौर में इप्टा के राष्ट्रीय सम्मलेन में तोड़-फोड़ की कोशिश — हाल की ये दोनों घटनाएं बताती हैं कि राष्ट्रवादी उन्माद फैलाकर आलोचनात्मक आवाजों को दबा देने की नीति पर आरएसएस और उससे जुड़े अनगिनत संगठन लगातार, अपनी पूरी आक्रामकता के साथ सक्रिय हैं.

हरियाणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय में विगत 21 सितम्बर को महाश्वेता देवी को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी विश्व-प्रसिद्ध कहानी ‘द्रौपदी’ का मंचन किया गया. यह कहानी कई विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में है और इसका नाट्य-रूपांतरण/मंचन भी अनेक समूहों द्वारा अनेक रूपों में किया जा चुका है. ‘महाभारत’ की द्रौपदी की याद दिलाती इस कहानी की मुख्य पात्र, दोपदी मांझी नामक आदिवासी स्त्री, सेना के जवानों के हाथों बलात्कार का शिकार होने के बाद उनके दिए कपड़े पहनने से इनकार कर देती है जो वस्तुतः अपनी देह को लेकर शर्मिन्दा और अपमानित होने से इनकार करना है. उसकी नग्नता उसके आत्मसम्मान का उद्घोष बनकर पूरे राज्यतंत्र को शर्मिन्दा करती है. जुलाई में दिवंगत हुईं महाश्वेता देवी को याद करते हुए इसी कहानी का मंचन हरियाणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय में किया गया. मंचन के दौरान शान्ति रही और नाटक को भरपूर सराहना मिली, लेकिन उसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के लोगों ने भारतीय सेना को बदनाम करने की साज़िश बताकर इस मंचन के विरोध में हंगामा शुरू किया. आस-पास के इलाकों में अफवाहें फैलाकर समर्थन जुटाया गया, महाश्वेता देवी को राष्ट्रविरोधी लेखिका के रूप में प्रचारित किया गया, कुलपति के पुतले फूंके गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने यह मांग रखी गयी कि नाट्य-मंचन की इस ‘देशद्रोही’ गतिविधि के लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. असर यह हुआ विश्वविद्यालय ने नाटक के मंचन से जुड़े शिक्षकों पर एक जांच कमेटी बिठा दी, जबकि इस मंचन के लिए न सिर्फ विश्वविद्यालय प्रशासन से पूर्व-अनुमति ली गयी थी बल्कि वहाँ मौजूद अधिकारियों ने मंचन की भूरि-भूरि प्रशंसा भी की थी. अब अंग्रेज़ी विभाग के प्राध्यापक, सुश्री सनेहसता और श्री मनोज कुमार कार्रवाई के निशाने पर हैं और आरएसएस के आतंक का असर विश्वविद्यालय प्रशासन से लेकर शिक्षक समुदाय तक की किनाराकशी के रूप में दिख रहा है. दोनों शिक्षकों के खिलाफ आरएसएस का दुष्प्रचार-अभियान पूरे जोर-शोर से जारी है. ज़ाहिर है, उनकी कोशिश है कि इनके ख़िलाफ़ लोगों की भावनाएं भड़का कर इन पर दंडात्मक कारवाई के लिए विश्वविद्यालय को मजबूर किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि विश्वविद्यालय में आलोचनात्मक विवेक के लिए कोई जगह न बचे.

इसी कड़ी में 4 अक्टूबर को इंदौर में इप्टा के राष्ट्रीय सम्मलेन के तीसरे दिन हिन्दुत्ववादियों ने मंच पर चढ़कर हंगामा किया और इस पूरे आयोजन को राष्ट्रविरोधी देशद्रोही गतिविधि बताते हुए नारे लगाए. आयोजन-स्थल से खदेड़े जाने के बाद उन्होंने पत्थर भी फेंके जिससे इप्टा के एक कार्यकर्ता का सर फट गया. उनका आरोप यह था कि प्रसिद्ध फिल्मकार एम एस सथ्यू (‘गरम हवा’ के निर्देशक) ने अपने उदघाटन भाषण में पाकिस्तान में भारतीय सेना के घुसने की आलोचना करके राष्ट्र के खिलाफ काम किया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वहाँ पिछले दो दिनों से चल रही नाट्य-प्रस्तुतियां राष्ट्रविरोधी और जातिवादी हैं. आरएसएस के मालवा प्रान्त के प्रचार प्रमुख प्रवीण काबरा ने यह बयान दिया कि ‘वे (इप्टा वाले) जन्मजात राष्ट्रविरोधी हैं.’ यह आयोजन-स्थल पर किये गए आपराधिक हंगामे का औचित्य साबित करने का तर्क था.

ये दोनों घटनाएं राष्ट्रवादी उन्माद फैलाकर आलोचनात्मक आवाजों का दमन करने की हिन्दुत्ववादी साज़िशों की ताज़ा कड़ियाँ हैं. जनवादी लेखक संघ इनकी भर्त्सना करता है और हरियाणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षकों तथा इप्टा के साथियों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करता है. पिछले साल अक्टूबर और नवम्बर के महीनों में लेखकों-संस्कृतिकर्मियों ने असहिष्णुता के इस माहौल के खिलाफ अपने सृजन-कर्म से बाहर जाकर अभिव्यक्ति के अन्य रूपों का भी सहारा लिया था. पुरस्कार वापस किये गए थे, सड़कों पर उतर कर नारे लगाए गए थे, अकादमियों पर सरकारी धमकियों के बरखिलाफ अपनी स्वात्तता बहाल करने/रखने का दबाव बनाया गया था. लेखकों, संस्कृतिकर्मियों, इतिहासकारों, वैज्ञानिकों और फ़िल्मकारों की उस मुहिम का सन्देश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फलक पर प्रसारित हुआ था. ऐसी ही मुहिम की ज़रूरत दुबारा सामने है. हम लेखकों-संस्कृतिकर्मियों से अपील करते हैं कि इस माहौल के विरोध में अपनी आवाज़ बुलंद करें और अभिव्यक्ति की आज़ादी पर होने वाले हमलों का सीधा प्रतिकार करने के लिए एकजुट हों.

मुरली मनोहर प्रसाद सिंह (महासचिव)
संजीव कुमार (उप-महासचिव)