Sunday, March 8, 2015

सारा घर ले गया घर छोड़ के जाने वाला

जितेन्द्र जी का इस तरह अचानक चले जाना स्तब्ध कर देने वाला है। यकीन नहीं हो रहा। लग रहा है कि बस अभी किसी क्षण मोबाइल की घंटी बजेगी और बेहद आत्मीय लहजे में उनका जाना-पहचाना स्वर सुनाई पड़ेगा, ‘भाई माफ करना, मार्च महीने का कार्यक्रम भेजने में थोड़ा विलंब हो गया। इधर व्यस्तता कुछ ज्यादा हो गयी थी...।’’

पर अफसोस कि यह अब न हो सकेगा। इस बार होली के ठीक पहले पहली बार ऐसा हुआ कि देश भर के इप्टा के कार्यक्रमों की सूचना मानस के मेल से मिली। बेहद संक्षिप्त। लग रहा था कि कुछ छूटा हुआ है। भिलाई के कार्यक्रम की सूचना भी नहीं थी, जबकि राजेश भाई ने बताया था कि खबर भेज दी है। भगत सिंह की शहादत व विश्व रगमंच दिवस के कारण आमतौर पर मार्च के महीने में कार्यक्रम कुछ ज्यादा ही रहते हैं।

आभासी दुनिया में भी उनकी उपस्थिति बराबर रहती थी। कहते थे कि यह समय बहुत खाता है पर सांगठनिक सूचनाओं के लिये बहुत जरूरी है। इस एक सप्ताह में न तो वे इंटरनेट पर कहीं दिखाई दिये न फोन किया। ताज महोत्सव के दो-तीन दिनों पहले आखिरी बार बात हुई। विश्व रंगमंच दिवस करीब है सो ‘इप्टानामा’ के नये वार्षिक अंक को लेकर विस्तृत बात हुई। जयपुर की सभा में ‘ इप्टा के पुनर्जागरण के 30 साल’ विषय को लेकर सहमति बनी थी। कहा कि ताज महोत्सव के बाद बहुत सारी सामग्री भेजूंगा। लेकिन 3-4 मार्च तक भी कोई खबर नहीं आयी न कार्यक्रम की सूचना तो थोड़ा खटका लगा। सोचा कि मैसेज भेजकर खैरियत पूछ लूँ। इसी उधेड़बुन में होली आ गयी और दूसरे दिन अचानक जुगलकिशोर जी का फोन आया। इप्टानामा के लिये उनके इंटरव्यू की बात थी और एक सवाल भी भेजा था। सोचा इसी सिलसिले में फोन किया होगा। काश ऐसा होता! जो उन्होंने बताया अप्रत्याशित था: जितेन्द्र जी नहीं रहे !!

नाटककार और संस्कृतिकर्मी के रूप में जन-संस्कृति के हल्के में उनके अवदान की पड़ताल तो अभी निश्चित रूप से होनी है पर मैंने उन्हें एक संगठनकर्ता के रूप में ज्यादा देखा और ट्रेड यूनियन आंदोलन के अपने संक्षिप्त अनुभव के आधार पर कह सकता हूँ कि वे एक बेहतरीन संगठनकर्ता थे। तमाम व्यस्तताओं के बावजूद छोटी-छोटी इकाई के साथ भी उनका जीवंत संपर्क होता था। संभव होता तो उनकी उपस्थिति सशरीर होती थी अन्यथा टेलीफोन, मेल, मोबाइल पत्र-आदि जिस माध्यम से भी संभव हो वे स्वयं को नवीनतम सूचनाओं से अपडेट रखते थे। दक्षिण भारत के संगठनों, जम्मू-कश्मीर व छोटे कस्बों में होने वाली गतिविधियों पर उनकी विशेष नज़र होती और अक्सर फोन पर वे यह निर्देश देते थे कि इन इलाकों से आने कोई भी खबर नहीं छूटनी चाहिये। अगर सूचना टाइप होकर नहीं आयी है तो उनका आग्रह होता था कि फोटो फारमेट में ही खबर लगा दी जाये ताकि उन इकाइयों की हौसला-अफजाई होती रहे।

हाल ही में रायपुर में छत्तीसगढ़ इकाई के प्रांतीय सम्मेलन मे उनसे विभिन्न मुद्दों पर ढेर सारी बातचीत हुई। सांगठनिक गतिविधियों को तीव्रता प्रदान करने के लिये और खासतौर पर नयी पीढ़ी को इप्टा के साथ जोड़ने के लिये नवीनतम टूल्स के प्रयोग उनकी चिंता के केंद्र में थे और इसलिये ही उन्होंने इंटरनेट जैसे माध्यम से परहेज नहीं किया, जबकि उन्हीं की पीढ़ी के कई साथी इससे बचते-बचाते रहे। कहा कि आभासी दुनिया में हिंदी टाइपिंग मैंने आपकी ही वजह से सीखी। मेरा ‘इनबॉक्स’ उनके द्वारा भेजी हुई सूचनाओं से भरा हुआ है। यह सब लिखने से पहले एक बार उन्हें ‘स्क्रोल’ किया तो कितनी बातें, कितनी यादें जेहन में खदबदाने लगीं। यह लिखते हुए मन फटा जा रहा है कि यह इनबॉक्स अब उनके खाते से अपडेट नहीं होगा। नियति ने उनका एकाउंट क्लोज कर दिया है। बकौल शायर, ‘उसको रूखसत तो किया था मुझे मालूम न था/सारा घर ले गया घर छोड़ के जाने वाला।’’

कामरेड जितेन्द्र रघुवंशी को लाल सलाम!
कामरेड जितेन्द्र रघुवंशी अमर रहें!

- दिनेश चौधरी

आभासी दुनिया में जितेन्द्र जी को विनम्र श्रद्धांजलि
(सारे देश से शोक संवेदनाआें का सिलसिला जारी है। यहां कुछ अंशों को ही हम रख पा रहे हैं। प्रयास होगा कि अन्य साथियों की भावनाआें को भी हम आप तक पहुंचा सकें। -संपादक)

भारत में जन संस्कृति के प्रमुख हस्ताक्षर वरिष्ठ रंगकर्मी व कहानीकार , भारतीय जन नाट्य संघ इप्टा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ जितेन्द्र रघुवंशी का आज सुबह 7 मार्च को दिल्ली में सफदरजंग अस्पताल में देहांत हो गया।
रंगकर्म के सकारात्मक युग के प्रणेता कोमरेडरघुवंशी जी का जन्म13 सितम्बर 1951 को आगरा में हुआ और शिक्षा दीक्षा क्रमश आर बी एस इंटर कॉलेज , आगरा कॉलेज , लेनिनग्राद (सेंट पीटर्सबुर्ग) से रुसी भाषा में डिप्लोमा करने के बाद आगरा विश्व विद्यालय के के एम् आई इंस्टिट्यूट में सेवाओं में आयें 1962 से भारतीय जन नाट्य संघ इप्टा से नाटकों में अभिनय लेखन निर्देशन के काम से जुड़े रहे , यह विरासत उन्हें अपने पिता राजेंद्र रघुवंशी और माता अरुणा रघुवंशी जी से मिली जो इप्टा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे . 

जितेन्द्र रघुवंशी जी वर्तमान में इप्टा के राष्ट्रीय महासचिव, आगरा इप्टा के समन्वयक वउत्तर प्रदेश इप्टा के अध्यक्ष भी थे व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के आजीवन सदस्य रहे कामरेड रघुवंशी जी अपने परिवार में अपनी पत्नी श्रीमती भावना रघुवंशी , पुत्र मानस रघुवंशी और पुत्री सौम्या रघुवंशी को छोड़ गए हैं अभिनेता अंजन श्रीवास्तव जी के समधी भी थे बहन डॉ ज्योत्सना रघुवंशी व भाई दिलीप रघुवंशी जी के अतिरिक्तआज उनके शव यात्रा में सिने अभिनेता व् पूर्व सांसद राजबब्बर , एम् एल सी विधायक डॉ अनुराग शुक्ला , यादगारे आगरा के सरपरस्त सैयद अजमल अली शाह ,भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के के वरिष्ठ नेता कामरेड रमेश मिश्र और समस्त पार्टी कार्यकर्ता इप्टा आगरा के प्रमोद सारस्वत डॉ विजय शर्मा विशाल रियाज़ के एन अग्निहोत्री सुबोध गोयल के अलावा मथुरा से हनीफ मदर , गनी मदार, अनीता चौधरी आगरा के समस्त रंगकर्मी श्री अनिल जैन , उमा शंकर मिश्रा , डिम्पी मिश्र , उमेश अमल विश्वनिधि मिश्र आदि शोकसंतप्त थे
विजय शर्मा



उन्हें यूँ तो इप्टा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में जाना जाता है ,लेकिन वे एक थियेटर एक्टिविस्ट के रूप में याद किये जाते रहेंगे | एक प्रतिबद्ध संस्कृति कर्मी जिसने अपनी विचारधारा किसी ग्रांट या समारोह में एंट्री के लिए नहीं छुपायी जितना किया खुलकर किया | बेबाक साफगोई से कहा कि राजनीति निरपेक्ष संस्कृति या तो अराजकता लायेगी या फासिज्म और अंध विश्वास पैदा करने वाले बाबा पैदा करेगी | वे बिना लाग लपेट संस्कृति की राजनीति तय करने वालों में थे | छतीसगढ़ में लोक कलाकारों को एकजुट करने का ऐतिहासिक काम उन्होंने किया |वे प्रोफेशनल रंग-कर्म की तरह शौकिया और नुक्कड़ रंग-कर्म के लिए भी प्रबंधन के विकास पर जोर देते थे | रचना शिविर और कार्यशाला उनका माध्यम था जिसे उन्होंने कस्बो और छोटे शहरों पर केन्द्रित किया | आगरा में बच्चो का नाट्य शिविर बिना नागा लगाते रहे | देश भर में घूम घूम कर वे संस्कृतिकर्मियों का जनमोर्चा बनाने के विराट मिशन में लगे हुए थे कि असमय उनकी मृत्यु ने ...
इप्टा उनके DNA में थी|

इप्टा के जयपुर अधिवेशन में जहाँ उनसे पहला परिचय हुआ ,उन्होंने स्वयं बताया था कि किस तरह माता अरुणा और पिता राजेन्द्र रघुवंशी के चलते इप्टा उनका संस्कार बन गयी | अगली मुलाक़ात पटना अधिवेशन में जहाँ कुछ छिटपुट सम्वाद हुआ| आगे फिर सम्वाद हीनता का एक लंबा अंतराल ... दो साल पहले फेस बुक में जब एकाउंट चालू किया तो उनसे टेक्स्ट सम्वाद दुबारा स्थापित हुआ ...

एक दिन उनका फोन आया “मै जितेन्द्र रघुवंशी बोल रहा हूँ ...” इप्टानामा के लेख “प्रतिरोध का रंगकर्म” पर उन्होंने लम्बी बात की | कई सुझाव दिये | आगे कुछ एक मौकों पर इप्टा की बेब साईट के लिए भी सामग्री भेजने का इसरार किया जिसे मैं अपने स्थायी आलस की वजह से पूरा करने में असफल रहा |
एक बात उनकी बराबर याद आती है जो उन्होंने हर मौके पर कही .. कि क्रांतिकारी नाटक करना पहले की बात थी आज तो नाटक करना ही क्रांतिकारी कार्य है ,,नाटक करते रहो |

“ साथी जितेन्द्र रघुवंशी आपका यूँ बीच में सबकुछ अधूरा छोड़कर चला जाना ... यह तो स्क्रिप्ट में नहीं था ..आप जैसे जीवट और धरतीपकड़ से ऐसी एक्जिट की उम्मीद नहीं थी..... ”लेकिन शायद जीवन के रंगमंच की यही विडम्बना है ..और यही चुनौती भी ..सलाम ... सलाम ..सलाम ||||
हनुमंत किशोर
      • Hamare bade bhai,Dost,Guide hamare beech,ab nahi rahe.Hindustani Jan Natya Aandolan ko ek Apurneeya kshati hui hai iski bharpai ho pana namumkin sa lagta hai.
  • Arshad Mohammad You had been an extraordinary person for me Sir! I and my family found you to be an excellent neighbor at Gopal Kunj. At the University, you had always been an exceptional senior, colleague, and a friend. I remember working with you, learning basic values of life during the Various Youth Festivals at the University. We all love you. We wish Almighty gives your family including Misha, Somia and Bhabi and friends, the strength to endure this irreparable loss!
  • Sanjay Srivastava Vinamra shradhanjali!!Jitendraji ham sabke margdarshak the.unki kami hamesha khalegi.unka jana cultural movement ki bahut badi hani hai!
  • Vishwa Shankar मुझे तो विश्वास नहीं हो रहा..।ह्रदय से श्रद्धांजलि..

  • Sabir Ali Siddiqui Unforgettable personality not only me, everybody will miss you.
  • Nivedita Baunthiyal Very shocking and sad news for all of us at IPTA Mumbai. Jitendraji has been an inspiration for all of us......he will always remain in our hearts.
  • DrGirdhar Sharma Hats off to d great n pious soul
  • Binay Kumar Sharma लाल सलाम, कॉमरेड !
    10 hrs · Like

जितेन्द्र रघुवंशी को लाल सलाम ..... औरइंकलाब जिंदाबाद के उदघोष के साथ शुरू हुई का0 रघुवंशी जी की अंतिम यात्रा .... लेकिन उनका जाना किसी वट वृक्ष का धारासाई होने जैसा है ।

अंधेरा कांप कर रह जायेगा

ललित किशोर सिन्हा पेशे से वकील थे परन्तु बिहार में इप्टा आंदोलन के एक सजग प्रहरी। इनके नेतृत्व में बिहार इप्टा ने वैचारिक और रचनात्मक उपलब्धि की नई उँचाईओं को प्राप्त किया।  इप्टा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंडल के साथी व बिहार इप्टा के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष ललित किशोर सिन्हा ने बिहार इप्टा के 12वें राज्य सम्मेलन पटना के संगठन सत्र का दिनांक 17.06.2000 उदघाटन करते हुए अपने विचार अभिव्यक्त किये जो आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने आज से 14 साल पहले थें. 15वें बिहार इप्टा राज्य सम्मेलन-सह-राष्ट्रीय सांस्कृतिक समारोह (3, 4 एवं 5 अप्रैल, 2015 राहुल सांकृत्यायन महानगर, छपरा) के अवसर पर दस्तावेज़ के रूप में एक प्रस्तुति।     

अंधेरा कांप कर रह जायेगा

बिहार इप्टा के 12वें राज्य सम्मेलन के संगठन सत्र के उद्घाटन का जो सम्मान आपने मुझे दिया है, उसके लिए मैं आभारी हूॅ। इप्टा में काम करते हुए मैनें अपनी जिन्दगी का दो-तिहाई से भी अधिक हिस्सा बिता दिया है। इस दौरान बहुत उतार चढ़ाव आये, नये लोग और नये विचार आये, कई तरह के प्रयोग हुए और बिहार इप्टा ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की। इन सारे परिवर्तनों का मैं मूक साक्षी बना रहा क्योंकि व्यक्तिगत रूप से इसमें मेरा कोई खास योगदान नहीं था। मैं तो भीड़ के आखिरी छोर पर खड़ा रहा और अपने लोगों से सीखता रहा। अधिक से अधिक मेरी पहचान एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में हो सकती थी, लेकिन आज यह देखकर मैं काफी गर्व का अनुभव कर रहा हूॅं कि आपने ऐतिहासिक सांस्कृतिक अभियान में आपलोगों ने मुझे भी अपना सहयोगी माना है।

 यह 12वां राज्य सम्मेलन अपने आप में बहुत ही महत्वपूर्ण है। इतना महत्वपूर्ण शायद इसका कोई भी पिछला सम्मेलन नहीं था।
ऐसा कहने के पीछे एक खास मकसद है! इसका महत्व इसलिए नहीं कि पिछले दिनों बिहार इप्टा का सांगठनिक ढ़ाचा बिखर गया था और इस सम्मेलन में अपना बिखराव समेट कर आप नया संगठन बना लेंगे। संगठन में बिखराव आना और नया संगठन बना लेना कोई खास या नयी बात नहीं है। बिहार इप्टा का सांगठनिक ढ़ांचा कई बार पहले भी टूटा है और बना है। नोट करने  वाली बात यह है कि जब जब इसका संगठन एकजुट होकर फिर से बना, यह एक नये तेवर के साथ उभरा और संस्कृति के आकाश में एक जगमगाते हुए नक्षत्र की तरह स्थापित हो गया।
ऐसा इसलिए हुआ कि इप्टा का आन्दोलन जन-जीवन से जुड़ा हुआ है और इसका विश्वास जनता की संस्कृति में है। ऐसा इसलिए हुआ है कि यह जनता का रंगमंच है और इसने जनता को अपना नायक स्वीकार किया है। यह महज एक संस्था नहीं, स्वयं में एक आन्दोलन है जिसे जनता से उर्जा मिलती है। इसलिए मैनें कहा कि सिर्फ सांगठनिक ढांचा बनाने के नजरिये से यह सम्मेलन महत्वपूर्ण नहीं है। सांगठनिक ढांचा नहीं रहने के बावजूद इसकी लगभग सारी इकाईयां पिछले दिनों सक्रिय रहीं।

यह सम्मेलन महत्वपूर्ण इसलिए है कि इसका आयोजन अत्यंत चुनौतीपूर्ण स्थिति में हुआ है। आज जनवादी संस्कृति की पूरी अवधारणा और संस्कृतिकर्म की उपयोगिता पर ही सवालिया निशान लगाये जा रहें हैं और इन सवालिया निशानों की भीड़ में जनता आपकी भूमिका और आपके हस्तेक्षेप की तलाश कर रही है। उनकी सारी उम्मीदें आप पर टिकीं हैं, क्योंकि आज उसकी गंगा-जमुनी साझी संस्कृति पर, जीवन मृल्यों पर लगातार हमले हो रहे हैं।

मैं आपका ध्यान स्थिति की गंभीरता और चुनौतियों की ओर आकृष्ट करना चाहता हूॅ। हमारी एतिहासिक और सांस्कृतिक अवधारणाओं को अपडेट करने नाम पर, वर्त्तमान परिप्रेक्ष्य में उन्हें प्रासंगिक बनाने के नाम पर, जबरन ऐसी अवधारणाएं थोपी जा रही हैं जो हमारी सांस्कृतिक मान्यताओं और मूल्यों को नष्ट कर रही हैं। इसका सबसे दिलचस्प पहलू तो यह है कि यह सारा कुकर्म भारतीय संस्कृति की रक्षा के नाम पर ही किया जा रहा है। संस्कृति के इन तथाकथित ठेकेदारों की नजर में सामाजिक और धार्मिक रूढि़यों को और जन असंतोष को उजागर करना और पोषण देना गौरवपूर्ण परम्परा का निर्वाह है।

यह कोई अनायास घटना नहीं है, बल्कि एक सुनियोजित और सोची समझी राजनीतिक कार्रवाई है, जिस पर धर्म और संस्कृति का मुखौटा लगा हुआ है। अगर यह बात सच नहीं होती तो कुष्ठ रोगियों की चिकित्सा करने और सेवा करने वाले विदेशी अतिथियों को जिन्दा जला देना और दूसरे धर्मों के उपासना स्थलों को ध्वस्त करना उनके तथाकथित सांस्कृतिक नवजागरण अभियान का हिस्सा नहीं होता और इसे महिमा मंडित करने की कोशिशें नहीं होतीं।

हमारी राष्ट्रीय एकजुटता, सांस्कृतिक अस्मिता और देष की सार्वभौमिकता पर ऐसा खतरा संभवतः पहले कभी नहीं मंडराया था। इसलिए 12वें राज्य सम्मेलन को मैनें आज तक का सर्वाधिक महत्वपूर्ण सम्मेलन कहा है।

मित्रों,
संगठन न केवल पदाधिकारियों से बनता है और न केवल सदस्यों की संख्या से। इसके लिए दो बुनियादी शर्तें हैं - अपने सामाजिक दायित्व का अहसास और विकृतियों के खिलाफ लड़ने का संकल्प! अगर आप इन बुनियादी शर्तों को पूरा नहीं करते, अगर आप पिछले 50 वर्षो की अपनी सांस्कृतिक लड़ाई की प्रवृतियों और उपलब्धियों को नही समझते और जनजीवन से जुड़ी अपनी जड़ों को नहीं पहचानते जो यह सम्मेलन बेमानी हो कर रह जायेगा और आप चुनौतियों का सामना नहीं कर सकते!

संस्कृतिकर्म का संबंध किसी अमूर्त कल्पना लोक से नहीं है। इसका वास्तविक आधार सामाजिक और राजनीतिक यथार्थ की कठोर धरती है, जहां संस्कृतिकर्मियों को भी दुसरों की तरह जीवन की सारी त्रासदी भोगनी पड़ती है। इसे नजरअंदाज कर आप वस्तुस्थिति का सही आकलन नहीं कर सकतें हैं।
संस्कृति आज माधुर्य और प्रकाश की दुनिया नहीं रह गयी है, बल्कि युद्ध का एक क्षेत्र बन गयी है। इस युद्ध क्षेत्र में एक ओर हमारी तमाम सांस्कृतिक विरासत और स्वस्थ मूल्यों को नष्ट करने के लिए साम्राज्यवादी ताकते और संस्कृति की रक्षा के नाम पर जनवादी विचारधारा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने वाले उनके समर्थक योजनाबद्ध तरीके से चौतरफा हमलें कर रहें हैं। वहीं दुसरी ओर आपसी द्वन्द्व और पूर्वाग्रहों में जकड़ें जनवादी संस्कृति के तथाकथित पक्षधर एक - दूसरे पर कीचड़ उठाल रहे हैं।

बिहार इप्टा का आज यह आकलन होना चाहिए कि यह वक्त एक-दूसरे पर कीचड़ उठालने का नहीं, बल्कि मिलजुल कर इस हमले का मुकाबला करने का है। इस लड़ाई को एक संस्था या एक संगठन मे सीमित करने का नहीं, बल्कि एक व्यापक मंच बना कर वहां से संचालित करने का नजरिया हमें अपनाना चाहिए। अकेले एक संगठन या एक संस्था की सक्रियता किसी सांस्कृतिक आन्दोलन का विकल्प नहीं बन सकती ह।। परस्पर सहमत सवालों पर जबतक दूसरे संगठन और लोग एकजुट नहीं होते और अपनी रचनात्मक गतिविधियों के साथ इस संघर्ष में एक साथ खड़े नहीं होते, तब तक संस्कृतिकर्म आन्दोलन का आकार नहीं हो सकता।
मित्रों,
अपसंस्कृति या उपभोक्तावादी संस्कृति का नाम देकर हम जिसका विरोध करते आये हैं, वह अपने मौलिक स्वरूप में स्वयं एक राजनीति है। इसका कारगर विरोध संस्कृति के मंच पर संस्कृतिकर्मियों की राजनीतिक कार्रवाई द्वारा ही संभव है।

राजनीति शब्द की आप दलगत राजनीति के सीमित अर्थ में नहीं लें। राजनीति आज मानव समाज की नियति निर्धारित करने वाली एक निर्णायक शक्ति बन गयई है। इसकी विस्तृत परिधि में हमारे सामाजिक जीवन की तमाम गतिविधियां सिमट कर रह गयी हैं। यह राजनीति आज बहुत तेजी से एक ध्रुवीय बनती जा रही है और पश्चिमी औद्योगिक समाज के विकृत कलारूपों का मुखौटा लगा कर हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में स्वयं को एक विकल्प के रूप में स्थापित कर रही है। इसने हमारी मानसिकता का बुरी तरह विकृत कर दिया है। यह एक ध्रुवीय राजनीति अमानवीयकरण और शोषण के विरोध में उठने वाली हर आवाज को खामोश या मौत के रूप में बदलने वाला एक दर्शन है।
अपनी प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक गतिविधियों में इस सत्य को उजागर कर जन चेतना को आन्दोलित करने की हर कोशिश संस्कृतिकर्मियों द्वारा की गई राजनीतिक कार्रवाई होगी और यही कार्रवाई आगे चल कर सक्षम सांस्कृतिक प्रतिकार का रूप धारण करेगी। यह एक एतिहासिक सत्य है कि जिन देशों में सांस्कृतिक प्रतिरोध जन आन्दोलनों की संभावनाओं को अपने भीतर समेट सका, वहां कला, साहित्य और मनोरंजन के दुसरे साधन भी जन प्रतिरोध के वाहक बन गये। जीवन के सत्य और अनुभव का अनुसंधान साहित्य और संस्कृतिकर्म द्वारा ही किया जा सकता है।
अपने नायक को - अपनी जनता को आपसे यही अपेक्षा है!

मित्रों,
संस्कृतिकर्म की उपयोगिता पर लगे सवालिया निशानों और चुनौतियों को आज इसी परिप्रेक्ष्य में देखने और समझने की जरूरत है। आज की स्थिति में संस्कृतिकर्म को न केवल नये रूप में परिभाषित करना होगा, बल्कि स्वयं संस्कृतिकर्मियों को भी अपने सामाजिक दायित्व की कसौटी पर सांस्कृतिक सर्जनात्मकता के माध्यम से अपनी भूमिका हस्क्षेपकारी बनानी होगी। संस्कृतिकर्म राजनीतिक और सामाजिक बदलाव का सबसे कारगर हथियार है। इसकी धार में पैनापन होना जरूरी है, क्योंकि कुंद हथियार से जन चेतना को आन्दोलित किया ही नहीं जा सकता है।

इप्टा एक अनुशासित संगठन है। आपके पीछे पचास वर्षों की लम्बी सांस्कृतिक लड़ाई का गौरवपूर्ण इतिहास है। मुझे ऐसी कोई खास वजह नहीं दिखाई देती कि अपनी उपलब्धियों की लम्बी फेहरिस्त में इस बार भी अपनी शानदार जीत दर्ज नहीं कर सकें।

संस्कृतिकर्म की इस महत्वपूर्ण भूमिका अगर आप फिर से विश्वास उत्पन्न करने में सफल हो गये तो सारे सवालिया निशान भी मिट जायेंगे और आपका यही विश्वास इस संघर्ष का मार्ग प्रशस्त करेगा।
जिस तरह अंधेरे की घनी परत को रौशनी की हल्की सी किरण चीरकर रख देती है, उसी तरह विकृतियों का यह अंधेरा भी संस्कृति की जरा-सी चमक से दुर हो जाएगा। हां, यह अंधेरा भी।

एक बार पुनः अपना आभार व्यक्त करते हुए मैं बिहार इप्टा के 12वें राज्य सम्मेलन का अभिनन्दन करता हूॅ और सह कहते हुए इस संगठन सत्र का उद्घाटन करता हूॅ -

‘‘एक हरकत से अंधेरा कांप कर रह जायेगा
आप एक माचिस की तिल्ली जला कर तो देखिए!’’

Monday, March 2, 2015

संस्कृति का बजट आैर बजट की संस्कृति : समाचार व टिप्पणी

नई दिल्ली, 28 फरवरी । वित्त वर्ष 2015-16 के लिए संस्कृति मंत्रालय के बजट में पिछले वर्ष की तुलना में मामूली बढ़त की गई है। वित्त मंत्री ने संस्कृति मंत्रालय का बजट आवंटन 0.46 फीसदी बढ़ाया है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को लोकसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि 2015-2016 के लिए योजना व्यय आवंटन 2,169 करोड़ किया गया है, जबकि पिछले वर्ष यह 2,159 करोड़ था। 

इस बजट में हालांकि साहित्य अकादमी और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) बुरी तरह प्रभावित हुए हैं, क्योंकि उनके बजट में क्रमश: 54 और 44 फीसदी की कटौती की गई है। साहित्या अकादमी का आवंटन 21.23 फीसदी से घटाकर 9.76 फीसदी कर दिया गया है और एनएसडी का आवंटन 43.03 फीसदी से घटाकर 13.45 फीसदी कर दिया गया है। कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय सहायता योजना के लिए आवंटित धन में बहुत बड़ी कटौती की गई है। पहले इसका बजट 59.33 फीसदी था जो कि घटाकर 3.20 फीसदी कर दिया गया है। 

भारतीय पुरात्तव सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) के लिए हालांकि 656.77 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है, पिछले वर्ष यह राशि 607.30 करोड़ रुपये थी।अपने बजट भाषण में जेटली ने कहा कि भारत में यूनेस्को विश्व धरोहरों में सुविधाएं बढ़ाने की अत्यधिक आवश्यकता है और इसके लिए सरकार आठ स्थलों पर जीर्णोद्धार का काम शुरू करेगी।उन्होनें कहा, "सुरक्षा और शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और धरोहर स्थल के आसपास के समुदाय के लिए लाभ की योजनाओं सहित भू-सौन्दर्यकरण, द्विभाषीय केंद्रों, पार्किं ग, निशक्तजनों और आगन्तुकों के लिए सुविधाओं जैसे कार्यो का जीर्णोद्धार किया जाएगा।"

अरुण जेटली ने हम्पी (कर्नाटक), कुम्भलगढ़ और राजस्थान के अन्य किले, रानी का वाव और पाटन (गुजरात), वाराणसी मंदिर शहर (उत्तर प्रदेश), जलियांवाला बाग (अमृतसर) और कुतुब शाही मकबरा (हैदराबाद) जैले स्थलों पर काम शुरू करने के लिए संसाधन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव किया है।भारत में 32 वैश्विक धरोहर हैं, जिनमें से 25 सांस्कृतिक संपत्ति शामिल हैं और सात प्राकृतिक संपत्ति हैं।

(इंडो-एशियन न्यूज सर्विसद)




कला, कलाकार और संस्कृति विरोधी है यह बजट
यह बात केवल इसलिए नहीं कही जा रही है कि इस बजट में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के बजट में 44% और साहित्य अकादमी के बजट में 54% की कटौती की गई है बल्कि यह बात इसलिए कह रहा हूँ कि“अच्छे दिन" का वादा करके सत्ता में आई वर्तमान सरकार ने कला और संस्कृति को बढ़ावा देनेवाली बजट में क्रूरता पूर्ण कटौती करते हुए 59.33 करोड़ से घटाकर 3.20 करोड़ कर दिया है । मैं इस बात से भी भली-भांति परिचित हूँ कि कला और संस्कृति के नाम पर दिए जा रहे आर्थिक सहयोगों में घनघोर अराजकता है । यह अराजकता कलाकारों के नैतिक पतन की निशानी तो है लेकिन इससे ज़्यादा सरकारी महकमे की नाकामी भी है । जिसका उपाय उस अराजकता को ज़िम्मेदारी पूर्वक खत्म करके भी किया जा सकता था ।

समाज या सरकार का कोई अंग यदि बीमार हो जाता है तो उसका इलाज किया जाना चाहिए न कि उसकी निर्मम हत्या । इतिहास गवाह है कि बिना किसी आश्रय (जनता, सरकार व कारपोरेट आदि) के कला और कलाकार ज़्यादा समय तक ज़िंदा नहीं रह सकते । जो सरकार कला और संस्कृति के प्रति इतना निर्मम हो वह समाज के प्रति संवेदनशील होगी, इस बात पर मुझे संदेह है । सनद रहे, इस विषय पर कला संस्थानों और कलाकारों की यह शर्मनाक चुप्पी एक दिन कला और कलाकार दोनों के पतन का कारण बनेगीं । याद रखिए वो यह सब सोच समझकर, एक मुहीम के तहत कर रहें हैं, मासूमियत और अनजाने में नहीं।
-पुंजप्रकाश