Thursday, March 22, 2012

आगरा इप्टा द्वारा नाटक "कब तक पुकारूं" का मंचन


"यह कहानी चार पीढ़ियों तक फैली हुई है, जिसमें सामंतीय व्यवस्था का भूत पुकार रहा है, लहू से इसकी नींवें रंगी हुई है ।" 
- डा. रांगेय राघव

"लेखक की अपनी मानवता के कारण, संवेदना की कोमलता और परिष्कृति के कारण इस देश का सामाजिक परिवेश "प्रेत परिवेश" जैसा ही लगता है ।  
-डा. विश्वम्भरनाथ उपाध्याय

"सुखराम अपने को अभिजात्य वर्ग का समझता हुआ, अभिजात्य के संस्कारों को बनाये रखने का प्रयास करता है । परन्तु परिवेश और संस्कारों के संघर्ष में अंतत: परिवेश विजयी होता है ।" 
 - डा. गोविन्द रजनीश 

आगरा, 20 मार्च 2012।  "ताज महोत्सव, 2012" के तहत स्थानीय सूर सदन में भारतीय जन नाट्य संघ की आगरा इकाई द्वारा नाटक "कब तक पुकारूं" का मंचन किया गया। 50वें विश्व रंगमंच दिवस की पूर्वबेला में यह प्रस्तुति आगरा के गौरव-द्वय नाट्य पितामह राजेन्द्र रघुवंशी और मूर्द्धन्य साहित्यकार डा. रांगेय राघव को समर्पित थी । नटों के जीवन पर आधरित रांगेय राघव की यह कृति समाज के वंचित वर्गों के संस्कारों तथा मुक्ति के स्वप्नों को उजागर करती है । नाटक में यथार्थवादी शैली के साथ लोकमंच, फंतासी, गीत-नृत्य आदि के तत्वों का उपयोग किया गया। नाट्य रूपांतर जितेन्द्र रघुवंशी का व निर्देशन दिलीप रघुवंशी का था। आलेख संपादन किया था राजेन्द्र रघुवंशी ने।
नाटक में एक कहानी वर्तमान में चलती है, जो नट सुखराम (अर्जुन गिरी), बाबू भैया (  राजेश सिसौदिया) के इद-गिर्द बुनी हुई है । दूसरी कहानी फ्लैश बैक में है, जहां सुखराम, सोना (नीतू दीक्षित), कजरी (सौम्या रघुवंशी), रुस्तम खॉ (संजय सिंह) और अन्य पात्र हैं । दोनों को जोड़ता है अधूरे किले का रहस्य, जिसके प्रेत इन्हें चैन से नहीं रहने देते । बाबू भैया विवश हैं:  "मैं क्या करूं .. मैं पुकार-पुकार कर कहना चाहता हूं..  सुनो ! सुनो ! दिगन्तों में से अधिकार की तृष्णा चिल्ला रही है । सत्य सूर्य है, वह मेघों से सदैव के लिए घिरा नही रहेगा ।"
असमानता, भेदभाव व कुरीतियों पर प्रहार करने वाले इस नाटक में बॉंके की भूमिका में सूरज सिंह, नरेश  के स्प में सिद्वार्थ रघुवंशी, चन्दा - निहारिका बंसल, इसीला - आशुतोष गौतम, दीनू  -विक्रम सिंह, धूपो -वैशाली पाराशर,खचेरा - अनुज मिश्रा, ठाकुर - आनन्द बंसल, सिपाही - निर्मल सिंह, प्रेत/ग्रामीण- प्रखर सिंह, आमिर खान, तेज प्रकाश मुद्गल, बच्चियॉं - आकांक्षा सिंह, अंशिका और चन्दी,  बनिया- दिलीप रघुवंशी व भागवन्ती  की भूमिका में कुमकुम रघुवंशी ने जीवंत अभिनय किया।
गीत  रचना डा. प्रतिमा अस्थाना व दिनेश संन्यासी की थी। संगीत/स्वर था डिम्पी मिश्रा व आकांक्षी खन्ना का तथा संगत की रोहन सिंह व राजू पांडे ने। संगीत अंकन - संजीव सिंह, नृत्य-रचना - पुरुषोत्तम मयूरा, दृश्य सज्जा - मनोज कुमार व  रूप सज्जा  विशाल रियाज व आनन्द बंसल ने की थी।



Wednesday, March 21, 2012

रांगेय राघव की कविता


("कब तक पुकारूं" नटों के जीवन पर आधारित रांगेय राघव की चर्चित कृति है। इस कृति पर आधारित एक नाटक दिनांक 20 मार्च 12 को आगरा के सूर सदन में दिलीप रघुवंशी के निर्देशन में खेला गया। नाटृय रूपांतर किया है, जितेन्द्र रघुवंशी ने। जब तक इस प्रस्तुति की रपट हम तक पहुंचे, पढिये रांगेय राघव की कवितायें, राजकुमार केसवानी की टिप्पणी के साथ। यह टिप्पणी व कवितायें लेखक के ब्लाग "बाजे वाली गली" से साभार ली गयी हैं।-संपादक)

कुल 39 साल की उम्र आखिर कितनी होती है ? अधिकांश के लिए बहुत कम, मगर कुछ के लिए बहुत. खासकर उनके लिए जो हर दिन अपने होने को एक नए अर्थ में परिभाषित करने की क्षमता रखते हैं.

बहुत लड़कपन में एक लेखक से परिचय हुआ था एक किताब के ज़रिए – ‘पापी’. एक रुपए में हिन्द पाकेट बूक्स की घरेलू लायब्रेरी योजना के तहत वी.पी.पी से आए पैकेट में. इसके बाद इस नाम के साथ कथा,उपन्यास,आलोचना, अनुवाद और न जने क्या-क्या देखा. ढेर हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेज़ी सहित कई सारी भाषाएं भी खूब जानते थे. और तो और शेक्सपीयर के नाटको तक का अनुवाद किया है.

अपनी आस्था से प्रतिबद्ध मार्क्सवादी रांगेय राघव के लेखन को ज़बर्दस्त जन स्वीकृति मिली मगर फिर भी साहित्य जगत ने कभी भी उनको उनका हक़ नहीं दिया. क़्यों ? यह एक पूरी बहस का विषय है, जिसे शुरू करना उदेश्य नहीं है.

इस विलक्षण प्रतिभा का जीवन मात्र 39 साल का था. 17 जनवरी 1923 को जन्म और 12 सितम्बर 1962 को निधन.

रांगेय राघव की यूं तो ढेर सारी किताबें मिलती हैं पर उनकी कविता की न तो चर्चा हुई है और न ही कोई ऐसा संग्रह दिखाई दिया है. मैं उनकी कविता की समीक्षा की गरज़ से नहीं बल्कि महज़ शेयर करने की दृष्टि से किसी वक़्त मेरे हाथ लगे 1947 में‘हिन्दुस्तानी एकेडेमी, संयुक्त प्रांत, इलाहाबाद’ से प्रकाशित उनके प्रबन्ध काव्य ‘मेधावी’से नमूने के तौर पर कुछ छोटे-छोटे टुकड़े हैं.

सर्ग -14
गहन कालिमा के पट ओढ़े
विकल विकल सी रात रो रही
दूर क्षीण तारों में कोई
टिमटिम करती बात हो रही

मैं चुपचाप देखता चलता
महानगर के राजमार्ग पर
जगमग विद्युत प्रखर दीप हैं
रह जाते हैं नयन चौंध कर

सजी सजी इन दूकानो में
रंग बिरंगी ज्योति हो रही
स्निग्ध पिपासा सी तन्द्रालस
करुण स्वरों को संभल ढो रही

स्निग्ध जगमगाती मोटर में
अंध दंभ से भर कर गर्वित
नर नारी जाते हैं हंसते
प्राणॉ तक धन मद से चर्चित


कहीं सैन्यबल की वह पगध्वनि
कंपित पृथ्वी को करती है
कहीं माध्यमिक पुलिस शक्ति ही
अर्थहीन शोषण करती है

भिन्न भिन्न हैं स्तर मानव की
सत्ता के जिसमे सब चलते हैं
एक मार्ग है जिस पर सब को
चलने के अधिकार न मिलते


पूंजीवादी मशीन नृत्य

चग़ चग़
चग़ चग़
से भरता है
अग जग
अग जग

उगल उगल हम
वस्तु निरंतर
पचा पचा कर
उठा उठा कर
कर देती है
प्रति पल सुन्दर

श्रमिक हमरा दास बना है
जिस पर स्वामी वर्ग तना है

धर्म हमारा दंड बना है
जलते वैभव
दीपक
जगमग
जगमग

दीपक के तल अंधकार है
वह मानव का अहंकार है
चिर असाम्य है लोलुप तृष्णा
घुमड़ रही है आंधी कृष्णा
उत्पादन
उत्पादन

लाभ लाभ की प्यास हमे है
कला
दार्शनिक
दास हमारे
सामंतीगण
हम पर निर्भर
हमे पड़ी क्या
कैसा भी हो
वह वितरण
वह वितरण

जो है जग में
वही सत्य है
वर्ग भेद ही
अंत गत्य है
निर्धन-पशु सा
अबल मर्त्य है
करले चाहे
आक्रंदन
आक्रंदन
चग़ चग़
चग़ चग़

Tuesday, March 20, 2012

हमें गोली से उड़ा दिया जाए

20 मार्च 1931  


प्रति,
गवर्नर पंजाब, शिमला 

महोदय, 

उचित सम्मान के साथ हम नीचे लिखी बातें आपकी सेवा में रख रहे हैं- भारत की ब्रिटिश सरकार के सर्वोच्च अधिकारी वाइसराय ने एक विशेष अध्यादेश जारी करके लाहौर षड्यंत्र अभियोग की सुनवाई के लिए एक विशेष न्यायाधिकरण ट्रिब्यूनल स्थापित किया था। जिसने 7 अक्टूबर 1930 को हमें फाँसी का दंड सुनाया। हमारे विरुद्ध सबसे बड़ा आरोप यह लगाया गया है कि हमने सम्राट जॉर्ज पंचम के विरुद्ध युद्ध किया है। न्यायालय के निर्णय से दो बातें स्पष्ट हो जाती हैं-


पहली यह कि अँगरेज जाति और भारतीय जनता के मध्य एक युद्ध चल रहा है। दूसरे यह कि हमने निश्चित रूप से इस युद्ध में भाग लिया है, अतः हम युद्धबंदी हैं...। हम यह कहना चाहते हैं कि युद्ध छिड़ा हुआ है और यह लड़ाई तब तक चलती रहेगी, जब तक कि शक्तिशाली व्यक्तियों ने भारतीय जनता और श्रमिकों की आय के साधनों पर अपना एकाधिकार कर रखा है...। 


निश्चय ही यह युद्ध उस समय तक समाप्त नहीं होगा, जब तक कि समाज का वर्तमान ढाँचा समाप्त नहीं हो जाता। प्रत्येक वस्तु में परिवर्तन या क्रांति समाप्त नहीं हो जाती और मानवीय सृष्टि में एक नवीन युग का सूत्रपात नहीं हो जाता। ...हम आपसे केवल यह प्रार्थना करना चाहते हैं कि आपकी सरकार के ही न्यायालय के निर्णय के अनुसार हमारे विरुद्ध युद्ध जारी रखने का अभियोग है। इस स्थिति में हम युद्धबंदी हैं। अतः इस आधार पर हम आपसे माँग करते हैं कि हमारे प्रति युद्धबंदियों जैसा ही व्यवहार किया जाए और हमें फाँसी देने के बदले गोली से उड़ा दिया जाए...। 



भगतसिंह, राजगुरु, सुखदेव 

सत्ता तंत्र की भाषा नहीं है हिंदी


-यशवंत व्यास
भाषा का सवाल सत्ता के साथ बदलता है. अंग्रेज़ी के साथ सत्ता की मौजूदगी हमेशा से रही है. उसे सुनाई ही अंग्रेज़ी पड़ती है और सत्ता चलाने के लिए उसे ज़रुरत भी अंग्रेज़ी की ही पड़ती है.इसलिए अंग्रेज़ी के अख़बार सत्ता के अख़बार हैं. उनका दबदबा होने की वजह भी वही है.

कुछ चुनिंदा शहरों से प्रकाशित होने वाले अंग्रेज़ी के अख़बार पूरे देश में चाहे न बिकते हों लेकिन वे फिर भी देश के महानतम अख़बार हैं. इसकी वजह साफ़ है कि सत्ता के केंद्र भी उन्हीं शहरों में केंद्रित हैं.लेकिन इतिहास की कई घटनाओं ने यह ज़ाहिर कर दिया है कि जनता को अगर कोई चीज़ सुनानी हो तो अंग्रेज़ी से काम नहीं चलता. तब हिंदी चाहिए होती है या फिर कोई दूसरी स्थानीय भाषा.

हिंदी अख़बारों की बात करें तो वह सत्ता तंत्र की भाषा का अख़बार नहीं है. इसलिए वह सत्ता तंत्र का माध्यम नहीं है.वह स्थानीय तंत्र का अख़बार है. वह किसी पार्टी के सांसद को चुनाव में मदद या नुक़सान कर सकता है. लेकिन सरकार चलाने में उसकी मदद बिल्कुल नहीं चाहिए.

सांसद को अपने क्षेत्र की जनता को यह बताने के लिए हिंदी का अख़बार चाहिए कि उसने संसद में अपने चुनाव क्षेत्र की कौन सी बात उठाई. लेकिन सत्ता के गलियारे में यश कमाने के लिए वह हिंदी के अख़बारों को उपयोगी नहीं मानता.

उदाहरण के तौर पर नीतीश कुमार को चुनाव जीतने के लिए अपनी फ़ोटो स्थानीय अख़बारों में छपवानी पड़ती है. वे जानते हैं कि ये फ़ोटो दिल्ली के किसी बड़े अंग्रेज़ी अख़बार में छप जाए तो बिहार की जनता को कोई फ़र्क नहीं पड़ेगा. लेकिन कुछ चीज़ें वे दिल्ली के अख़बारों में छपवाना चाहते हैं. केंद्र में दबाव बनाना हो तो अंग्रेज़ी के अख़बार चाहिए. संसद में शोर अंग्रेज़ी के अख़बारों से मचता है. हिंदी के अख़बारों को संसद में कोई नहीं पूछता.

बदलाव और उपयोगिता

ऐसा नहीं है कि सत्ता के गलियारों में हिंदी के अख़बारों की कोई पूछ परख ही नहीं है. सत्ता ने उसकी उपयोगिता भी समझ ली है. राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री थे तो पहली बार हुआ कि प्रधानमंत्री के साथ अंग्रेज़ी के नामचीन पत्रकारों के अलावा स्थानीय भाषा के संपादकों को मौक़ा दिया गया. उन संपादकों ने लौटकर अपने अख़बारों के पन्ने रंग दिए.

यह भी सच है कि हिंदी का कोई अख़बार कितना भी बड़ा क्यों न हो गया हो, मर्सिडीज़ कार का विज्ञापन उसे अभी भी नहीं मिल सकता. बाज़ार जानता है कि इन अख़बारों का पाठक मर्सिडीज़ नहीं ख़रीदेगा. मर्सिडीज़ का विज्ञापन किसी ब़डे शहर के अंग्रेज़ी दैनिक को ही मिलता है

चीन से लौटे तो चीन की दीवार के साथ अपनी और प्रधानमंत्री की फ़ोटो छापी. लिखा कि चीन की दीवार कैसी दिखती है, वहाँ प्रधानमंत्री कैसे दिखते हैं, आदि. ये सत्ता के लिए पक्षधर क़िस्म की बात थी. सत्ता को लगा कि इसका इस्तेमाल होना चाहिए. इसलिए उसने हिंदी के अख़बारों को भी महत्व देना शुरु कर दिया.

इससे अख़बारों में गुणात्मक परिवर्तन भले ही न आया हो लेकिन संपादक के चेहरे में चमक आ गई. उसके तौर-तरीक़े बदल गए.इस बीच अख़बारों में भी बहुत कुछ बदला. ख़ासकर तकनीक बहुत बदल गई. उसकी प्रसार संख्या बढ़ गई. इसके पीछे अर्थव्यस्था मे आया बदलाव, शिक्षा और आम लोगों की माली हालत भी रही. लेकिन सच कहें तो इसके पीछे बाज़ार का हाथ सबसे अधिक है.

बाज़ार को लगा कि उपभोक्ता वर्ग बढ़ रहा है और उस तक पहुँचने के लिए उसे माध्यम की ज़रुरत है तो उसने हिंदी के अख़बारों को चुन लिया. अख़बारों का कलेवर बदल गया. वैसे इस परिवर्तन की वजह को हिंदी समाज की इच्छाओं और सपनों में भी देखा जा सकता है.

बाज़ार के हिसाब से तो हिंदी के अख़बार फिर भी बड़े हो गए. लोगों की सूचना की भूख को भी उसने एक हद तक शांत कर दिया. लेकिन हिंदी के अख़बारों ने विश्लेषण और भविष्य की योजनाओं की ओर ध्यान नहीं दिया. जब उसके सामने सवाल आया कि वह अपनी विश्वसनीयता बचा ले या फिर व्यावसायिक रुप से मज़बूत हो जाए तो उसने मज़बूत होने का विकल्प चुना.

इसीलिए उसकी पत्रकारिता भी विकसित नहीं हो सकी और दबदबा अभी भी अंग्रेज़ी के पत्रकारों का है. जहाँ पचास पत्रकार सवाल पूछ रहे हों वहाँ हिंदी के पत्रकार सवाल पूछते हुए भी हिचकते दिखते हैं.हिंदी के पत्रकार अभी भी स्थानीय सरपंच के ख़िलाफ़ लंबे समय तक कुछ नहीं लिख पाते कि कहीं संतुलन न बिगड़ जाए. लेकिन बुश के ख़िलाफ़ वे धड़ल्ले से और कुछ भी छाप लेते हैं.
हिंदी के अख़बारों की दुनिया बदलने में अभी वक़्त लगेगा. कम से कम एक दशक इंतज़ार करना पड़ेगा.

बीबीसी हिंदी से साभार

(यशवंत व्यास 'अमर उजाला' पत्र समूह के सलाहकार संपादक हैं.)

रंगमंच दिवस पर संदेश


इंटरनेशनल थियेटर इंस्टीट्यूट (यूनेस्को), पेरिस
अंतर्राष्ट्रीय रंगमंच दिवस की 50वीं वर्षगाँठ पर सन्देश : 27 मार्च, 2012
-जॉन मायकोविच अभिनेता व निर्देशक सयुंक्त राज्य अमरीका
“ इंटरनेशनल थियेटर इंस्टीट्यूट(आई टी आई) ने मुझसे यूनेस्को में अंतर्राष्ट्रीय रंगमंच की 50वीं वर्षगाँठ पर
बधाई सन्देश देने का आग्रह किया है | मेरे लिए ये बड़े सम्मान का विषय है । मैं साथी रंगकर्मियों ,सहकर्मियों और कामरेड्स के समक्ष अपनी बात संक्षिप्त में कहूँगा |
आपका का काम मौलिक, अकाट्य व विचलित करने वाला हो | संवेदनशील, गहन, विचारशील और विशिष्ट हो | वो  हमें इस प्रश्न पर विचार करने के लिए प्रेरित करे कि मनुष्य होने का तात्पर्य क्या है, और यह विचार निष्कपट हो, स्पष्ट हो, संवेदना व गरिमा से परिपूर्ण हो | आप तंगहाली, सेंसरशिप, ग़रीबी और अंधेरों को पराजित करें – जो आप में बहुत से लोग निश्चित रूप से करना चाहेंगे | आप प्रतिभा संपन्न व दृढ़ निश्चयी हों और हमें अपनी पूरी जटिलता के साथ धड़कते मानव हृदय के बारे बताएं - आपमें वो विनम्रता और उत्सुकता हो जो इस पथ को आपके जीवन का उद्देश्य बनाए | और आप में जो कुछ भी सबसे अच्छा है – क्योंकि वह केवल आप ही का सबसे अच्छा पक्ष होगा - और केवल तब बिरले और सूक्ष्मतम क्षणों में – आप उस मूलभूत प्रश्न को चिन्हित करनें में सफल हों, “हम कैसा जीवन जियें?” आपकी यात्रा सफल हो |” 
हिंदी अनुवाद : अखिलेश दीक्षित

भारतीय जन नाट्य संघ द्वारा प्रसारित

Friday, March 16, 2012

जरूरत एक अदद आधुनिक प्रेक्षागृह की

-सुभाष मिश्र

विश्व की सबसे प्राचीन सरगुजा के रामगढ़ की रंगशाला के गौरव से सीना फुलाने वाले छत्तीसगढ़ के पास आज एक भी ऐसी रंगशाला/ प्रेक्षागृह नहीं है जिसमें नाटकों का/संगीत का या किसी गंभीर विषय पर चर्चाओं, गोष्ठियों का आयोजन किया जा सके। सभी स्थानों पर कहने के लिए कुछ प्रेक्षागृह/हाल बनाए गए हैं, किंतु तकनीकी रूप से ये सभी स्थान गंभीर प्रस्तुतियों के लिए अनुपयुक्त हैं। भरतमुनि ने अपने नाट्य शास्त्र में जिस तरह की रंगशाला की बात की, उसकी चर्चा तो साल में एक बार सरगुजा में उत्सव मनाकर कर ली जाती है, किंतु उसका व्यवहारिक धरातल पर क्रियान्वयन हो, इसकी जहमत कोई नहीं उठाना चाहता ।

पिछले दिनों पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुलकलाम का रायपुर आगमन हुआ। रविशंकर विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में ध्वनि की गूंज के कारण हाल में बैठे बहुत से लोगों को उनकी बातें ठीक से सुनाई नहीं दीं। जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने वहां ध्वनिदोष दूर करने के लिए  काफी पैसे खर्च किये थे। यही स्थिति विधानसभा सभागृह की रही। देश और प्रदेश का कोई भी गंभीर रंगकर्मी ध्वनिदोष के कारण छत्तीसगढ़ में उपलब्ध कथित प्रेक्षागृहों में नाट्य प्रस्तुति करने से हिचकिचाता है ।

यह अपने आप में एक बड़ी विडम्बना ही है कि नाटक के जरिए पूरी दुनिया में पहचान बनाने वाले पद्मभूषण हबीब तनवीर के शहर रायपुर में एक भी सर्वसुविधायुक्त प्रेक्षागृह नहीं है। पिछले दिनों मशहूर शायर-लेखक जावेद अख्तर का जगदलपुर आना हुआ। उनके लिए दो आयोजन अलग-अलग हाल में हुए, लेकिन वे ध्वनिदोष के कारण अपना वह प्रभाव नहीं छोड़ पाए जिसके लायक ये आयोजन थे। इसका मलाल स्वयं जावेद अख्तर को है।

नाटक में हर भाव, विचार, पात्र, स्थिति और वातावरण ऐसा होना आवश्यक है कि वह मूर्त रूपायित हो सके, तभी वह रंगमंच पर काम आ सकता है और दर्शक वर्ग तक पहुंच सकता है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कहने के लिए महाराष्ट्र मंडल का प्रेक्षागृह, कालीबाड़ी का रवीन्द्र मंच, शहीद स्मारक का प्रेक्षागृह, मेडिकल कालेज का प्रेक्षागृह और रंगमंदिर है, किन्तु इनमें से एक भी ऐसी जगह नहीं है, जिसे हम तकनीकी दृष्टि से नाट्य मंचन के लिए उपयुक्त कह सकते हैं।

गैर-व्यावसायिक रंगमंच से जुड़े कलाकार बहुत ही मजबूरी में किसी तरह साउंड सर्विस वालों की मेहरबानी से अपने नाटकों की प्रस्तुति कला के नाम पर बने इन बहुउद्देश्यीय प्रेक्षागृहों में कर पाते हैं। रंगमंदिर शहर के बीच है, किन्तु उसका किराया और प्रबंधकों का व्यावसायिक नजरिया रंगकर्मियों को निराश करता  है ।
प्रतिबद्ध रंगकर्मियों ने प्रेक्षागृहों की अनुपलब्धता और अधिक किराए को देखते हुए नुक्कड़ नाटकों का बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया और आज भी कर रहे हैं, किन्तु एकाग्रता के साथ दर्शक नाटक देखकर उससे अपना तादात्म्य स्थापित कर सके, इसके लिए जरूरी है कि एक ऐसा स्थान हो जो दर्शक को वह सब दिखाए, सुनाए जो नाटक के जरिए कलाकार कहना चाहता है। इसके लिए एक अच्छे प्रेक्षागृह का होना जरूरी है। देश के महानगर मुम्बई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलूर में पहले से बने प्रेक्षागृहों की तरह ये भले ही कम दर्शक के लिए हों, किन्तु यहां साउंड, लाइट, बैठने आदि की पर्याप्त व्यवस्था हो ।

पूर्ववर्ती मध्यप्रदेश में कुछ साल पहले ‘इप्टा‘ के आह्वान पर राज्यभर के कलाकारों, बुद्धिजीवियों, प्रदर्शनकारी कलाओं से जुड़े कलाकारों, नागरिकों ने रैली निकालकर सभी जिला मुख्यालयों पर सर्वसुविधायुक्त प्रेक्षागृह बनाने के लिए ज्ञापन सौंपा था। रायपुर में भी इसको लेकर सब एकजुट हुए थे, उसके बाद लगातार यहां के कलाकार प्रेक्षागृह की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों, प्रशासकों से मिलते रहे, किन्तु आज तक एक भी सर्वसुविधायुक्त प्रेक्षागृह नहीं बन पाया। यदि कहीं कुछ बना भी तो वह ऐसा है, जो कलाकारों की भावना, जरूरत के अनुकूल नहीं   है। मानव संसाधन मंत्रालय से प्राप्त अनुदान से देश की प्रत्येक राजधानी में एक एयरकंडीशंड, सर्वसुविधायुक्त रवीन्द्र सांस्कृतिक भवन बनाने का प्रावधान है। देश के अधिकांश हिस्सों में ऐसे रवीन्द्र सांस्कृतिक भवन बन गए हैं, जहां आए दिन कोई न कोई महत्वपूर्ण आयोजन होते रहते हैं, किंतु रायपुर में आज तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई । संस्कृति विभाग के पुरातत्व संग्रहालय के परिसर में हाल ही में एक मुक्ताकाशी मंच बनाकर कुछ पहल की गयी है, किन्तु अभी भी राजधानी रायपुर सहित राज्य के सभी 16 जिले अच्छे, सर्वसुविधायुक्त प्रेक्षागृह की बाट जोह रहे हैं ।


(लेख कुछ पुराना है पर प्रासंगिक है, इसलिये इसकी पुनरप्रस्तुति की जा रही है।)

Wednesday, March 14, 2012

Message of the 50th anniversary of World Theatre Day

International Theatre Institute (UNESCO), Paris

Message of the 50th anniversary of World Theatre Day: 27 March 2012

-John Malkovich, Actor & Director, USA

"I'm honored to have been asked by the International Theatre Institute ITI at UNESCO to give this greeting commemorating the 50th anniversary of World Theatre Day. I will address my brief remarks to my fellow theatre workers, peers and comrades.

May your work be compelling and original. May it be profound, touching, contemplative, and unique. May it help us to reflect on the question of what it means to be human, and may that reflection be blessed with heart, sincerity, candor, and grace. May you overcome adversity, censorship, poverty and nihilism, as many of you will most certainly be obliged to do. May you be blessed with the talent and rigor to teach us about the beating of the human heart in all its complexity, and the humility and curiosity to make it your life's work. And may the best ofyou - for it will only be the best of you, and even then only in the rarest and briefest moments -succeed in framing that most basic of questions, "how do we live?" Godspeed."

- John Malkovich

*Circulated by Indian People’s Theatre Association (IPTA)