Monday, May 28, 2012

झांसी में जन संस्कृति दिवस


झाँसी- 25.05.2012- ‘‘इप्टा का आन्दोलन कला और कलाकार के माध्यम से प्रारम्भ हुआ और जनता तक पहुँचा, इप्टा की कला लोगों के लिए है, इप्टा का रंगमंच लोक का रंगमंच है। भारतीय रंगमंच का इतिहास इप्टा के इतिहास के बगैर अधूरा है।’’ उपरोक्त विचार अखिल भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) की स्थापना के 70वें वर्ष एवं इप्टा के संस्थापक सदस्य व मशहूर फिल्म अभिनेता स्वर्गीय बलराज साहनी जी की जन्मशती के मौके पर भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) झाँसी इकाई के तत्वाधान में राजकीय संग्रहालय, झाँसी के सभागार में जनसंस्कृति दिवस के अवसर पर ‘‘इप्टा आन्दोलन के 70 वर्ष व भारतीय रंगमंच का वर्तमान’’ विषयक संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रुप में सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका व प्रगतिशील लेखक संघ झांसी की सचिव डॉ0 अनामिका रिछारिया ने व्यक्त किये।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता व वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी मोहन नेपाली ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्राचीन काल से ही भारत में रंगमंच विधा के माध्यम से नाटकों का मंचन होता रहा है। बुन्देलखण्ड में लोककला के माध्यम से जनजागरण का भी काम होता था। वृन्दावनलाल वर्मा के उपन्यास झांसी की रानी में तत्कालीन रंगमंच के दर्शन होता है, जिसका प्रमाण झांसी के किले में देखा जा सकता है। जिस समाज में साहित्यकारों व कलाकारों
की अनदेखी होती है, वह समाज संवेदनहीन हो जाता है, अतएव हमें कलाकारों की अनदेखी नहीं करनी चाहिये।

गोष्ठी को इप्टा झांसी के संरक्षक हरगोविन्द कुशवाहा तथा राजकीय संग्रहालय, झांसी के कार्यवाहक निदेशक गिरिराज प्रसाद व उमेश शुक्ला ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर इप्टा झाँसी द्वारा झाँसी शहर के रंगमंच के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने हेतु श्री नाथूराम साहू कक्का को इप्टा इकाई अध्यक्ष डॉ0 मोहम्मद इकबाल खान द्वारा, वयोवृद्ध रंगकर्मी राधाकृष्ण मिश्रा को इप्टा इकाई उपाध्यक्ष डॉ0 संदीप आर्य व इकाई संरक्षक हरगोविन्द कुशवाहा द्वारा, रंगकर्मी अभिलाषा सक्सेना को प्रलेस सचिव डॉ0 अनामिका रिछारिया तथा श्रीमती शशिप्रभा मिश्रा द्वारा तथा वरिष्ठ रंगकर्मी रामस्वरुप चक को प्रलेस संरक्षक दिनेश बैस व सन्तराम पेण्टर द्वारा जनसंस्कृति सम्मान से भी विभूषित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इप्टा झांसी इकाई के अध्यक्ष डॉ0 मोहम्मद इकबाल खान ने कहा कि इप्टा ने अपने जन्म से ही साफ कर दिया था कि कला सिर्फ कला के लिए नहीं, बल्कि जीवन के लिए हो, बंगाल का अकाल हो या आजादी की लडाई या मजदूर-किसानों का संघर्ष, इप्टा ने हमेशा आगे बढ़कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। इप्टा ने घोषणा की कि ‘‘कला की असली नायक जनता है।’’

कार्यक्रम का प्रारम्भ इप्टा रंगकर्मियों द्वारा इप्टा गीत ‘‘बजा नगाडा शान्ति का’’ से हुआ। तत्पश्चात महासचिव डॉ0 मुहम्मद नईम द्वारा इप्टा आन्दोलन के 70 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इप्टा की स्थापना 25 मई 1943 को बंगाल के अकाल की विभीषिका के बाद मुम्बई में हुआ, इसके पहले अध्यक्ष एन.एम.जोशी तथा महासचिव अनिल डी. सिल्वा थी। इप्टा यानि भारतीय जन नाट्य संघ नाम सुझाया देश के सुप्रसिद्ध परमाणु वैज्ञानिक डॉ0 होमी जहांगीर ने तथा इप्टा का निशान नगाडा बजाता हुआ आम आदमी, मशहूर चित्रकार चित्त प्रसाद बसु की पेंटिग ‘‘दि कॉल ऑफ द ड्रम्स’’ से लिया गया। इप्टा रंगकर्मियों तनीषा, अनुरुद्ध, तरुण द्वारा इप्टा सचिव देवदत्त बुधौलिया के निर्देशन में मूक नाटिका का भी मंचन किया गया, जिसके माध्यम से रंगकर्मियों समाज में व्याप्त नशा की समस्या के दुष्प्रभावों का संदेश देने का प्रयास किया। कार्यक्रम के अन्त में इप्टा झांसी इकाई के अध्यक्ष डॉ0 मो0 इकबाल खान व मुख्य अतिथि डॉ0 अनामिका रिछारिया द्वारा पन्द्रह दिवसीय ग्रीष्मकालीन द्वितीय निःशुल्क नाट्य कार्यशाला के उद्घाटन की घोषणा की। कार्यशाला प्रतिदिन सांयकाल 05 बजे से 07 बजे तक राजकीय संग्रहालय के प्रांगण में आयोजित की जायेगी।

कार्यक्रम का संयुक्त संचालन इप्टा झाँसी इकाई महासचिव डॉ0 मुहम्मद नईम व कोषाध्यक्ष अर्जुन सिंह चांद द्वारा तथा आभार देवदत्त बुधौलिया द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व सदस्या श्रीमती शशिप्रभा मिश्रा, मार्ग श्री संस्था के निदेशक ध्रुव सिंह यादव, कृषि वैज्ञानिक डॉ0 इकबाल हाशमी, अमीनउद्दीन, महमूद राही, सन्तोष गोयल, डॉ0 रमेश कुमार, नेहा मिश्रा, राधाकान्त, दिनेश बैस, मुकेश सिंघल, सुनील कुमार, आतिफ इमरोज, असगर रजा, वीरु वर्मा, धीरेन्द्र कुमार, मयंक श्रीवास्तव, आमिर अली, तलत खान, नावेद खान आदि साहित्यकार, रंगकर्मी, बुद्धिजीवी व कलाप्रेमी उपस्थित थे।

Saturday, May 26, 2012

अशोकनगर इप्टा के रंग शिविर का समापन

इप्टा के रंग शिविर का समापन, दो नाटक, नृत्य, जनगीत की प्रस्तुति और ‘‘बाल रंग संवाद’’ का विमोचन

अशोकनगर, 25 मई: भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) की अशोकनगर इकाई द्वारा आयोजित आठवें 25 दिवसीय ग्रीष्मकालीन बाल एवं किशोर रंग शिविर का समापन समारोह स्थानीय माधव भवन में 25 मई को हुआ। इस अवसर पर शिविर में भाग लेने वाले बच्चे दो नाटक ‘‘पार्टीशन’’ और ‘‘इंस्पेक्टर मातादीन चांद पर’’, दो लोकनृत्य ‘‘राई’’ और ‘‘दादरिया’’ की प्रस्तुति दी। 


साथ ही 25 दिन की गतिविधियों, इप्टा के इतिहास, बच्चों के रचनाकर्म और अन्य जानकारियों से पूर्ण 24 प्रष्ठीय अखबार ‘‘बाल रंग संवाद’’ का विमोचन हुआ। इसके अलावा जनगीत भी प्रस्तुत किए गए। एक मई से शुरू हुए इस शिविर में बच्चों ने व्यायाम, नृत्य, नाट्य कला, पत्रकारिता, चित्रकारी, क्राफ्ट समेत कई कलाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। सीमा राजोरिया के निर्देशन में स्वयं प्रकाश की कहानी ‘‘पार्टीशन’’ पर आधारित सत्येंद्र रघुवंशी का लिखा नाटक मंचित हुआ। 

दूसरा नाटक ‘‘इंस्पेक्टर मातादीन चांद पर’’ ख्यातिलब्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की कहानी पर आधारित था। इसका नाट्य रूपांतरण तपन बनर्जी ने किया है। नाटक का निर्देशन विनोद शर्मा और रामबाबू कुशवाह ने किया। समापन समारोह में इंद्र पांडे के मार्गदर्शन में दो लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सचिन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में शहर की समस्याओं, डायरी, चित्र और नाटक आदि पर आधारित 24 पेज का ‘‘बाल रंग संवाद’’ अखबार तैयार किया, उसका विमोचन भी हुआ। शिविर में रतनलाल पटेल और रामदुलारी शर्मा के मार्गदर्शन में तैयार जनगीतों की प्रस्तुति दी गई।

मेदिनीनगर : इप्टा की बाल नाट्य कार्यशाला


गर्मियों की छुटी में स्कूली बच्चे सीख रहे हैं रंगकर्म के गुर

मेदिनीनगर। भारतीय जन नाट्य संघ, ‘इप्टा’ की स्थापना 25 मई 1943 ई. को हुई थी। शुक्रवार को इप्टा के 70 वें स्थापना दिवस पर इप्टा डालटजगंज शाखा की बाल टीम का गटन किया गया। इप्टा कार्यालय में आयोजित एक सादे समारोह में छोटे-छोटे नन्हें कलाकारों ने इप्टा की सदस्यता ग्रहण की।


आज से गर्मियों की छुट्टी में इप्टा कार्यालय में बाल रंग कार्यशाला आयोजन किया जा रहा है। इसमें बाल कलाकारों को नाटक, गीत-संगीत एवं चित्रांकन का प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह प्रशिक्षण शिविर अगले दस दिनों तक चलेगा। इस दौरान बच्चों द्वारा दो नाटक  "देश आगे बढ़ाओ" और "सबसे सस्ता गोश्त" नाटक तैयार करवाया जा रहा है। नाटक तैयार होने के बाद इसकी प्रस्तुती विभिन्न नुक्कड़ों पर की जायेगी।

मौके पर उपस्थित इप्टा के महासचिव उपेन्द्र मिश्र ने बताया की बच्चों के अन्दर नाट्य कला के विकास के लिये इस नाट्य शिविर का आयोजन किया गया है। बच्चे इप्टा से जुड़ कर समाज में जगरूकता का काम नाटक और गीत के जरिये करेंगे। बाल कलाकारों को इप्टा के रंगकर्मी रविशंकर, राजीव रंजन, शशि विजेता संजू एवं अजित प्रशिक्षित कर रहे हैं।

इप्टा के बाल कलाकारों में पंकज, विशाल, सानू, सौरभ, समर, सोना, अंश, हरिओम, प्रांजल, अनुभव, छोटू अदि शामिल है। बाल कलाकारों का नेतृत्व पंकज एवं सानू कर रहे है। मौके पर इप्टा के शैलेन्द्र कुमार, शव्वीर अहमद, गौतम दा आदि उपस्थित थें।


Friday, May 25, 2012

इतनी बड़ी मृत्यु : भगवत रावत


वरिष्ठ हिंदी कवि और प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़े  एक मुख्य हस्ताक्षर भगवत रावत का आज भोपाल में निधन हो गया। 76 वर्षीय रावत जी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। 13 सितंबर 1939 को जन्मे भगवत रावत 1989 से 1994 तक मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष रहे तथा तथा उन्होंने "वसुधा" का संपादन भी किया। आपको मध्यप्रदेश साहित्य परिषद के "दुष्यंत कुमार सम्मान" तथा  मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन के "वागीश्वरी" सम्मान से भी नवाजा गया था। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि के साथ यहां प्रस्तुत हैं उनकी  कुछ कवितायें :

इतनी बड़ी मृत्यु


आजकल हर कोई, कहीं न कहीं जाने लगा है
हर एक को पकड़ना है चुपके से कोई ट्रेन
किसी को न हो कानों कान ख़बर
इस तरह पहुँचना है वहीं उड़कर

अकेले ही अकेले होता है अख़बार की ख़बर में
कि सूची में पहुँचना है, नीचे से सबसे ऊपर
किसी मैदान में घुड़दौड़ का होना है
पहला और आख़िरी सवार
इतनी अजीब घड़ी हैं
हर एक को कहीं न कहीं जाने की हड़बड़ी है
कोई कहीं से आ नहीं रहा
रोते हुए बच्चे तक के लिए रुक कर
कहीं कोई कुछ गा नहीं रहा
यह केवल एक दृश्य भर नहीं है
बुझकर, फेंका गया ऐसा जाल है
जिसमें हर एक दूसरे पर सवार
एक दूसरे का शिकार है
काट दिए गए हैं सबके पाँव
स्मृति भर में बचे हैं जैसे अपने घर
अपने गाँव,
ऐसी भागमभाग
कि इतनी तेज़ी से भागती दिखाई दी नहीं कभी उम्र
उम्र के आगे-आगे सब कुछ पीछे छूटते जाने का
भय भाग रहा है
जिनके साथ-साथ जीना-मरना था
हँस बोलकर जिनके साथ सार्थक होना था
उनसे मिलना मुहाल
संसार का ऐसा हाल तो पहले कभी नहीं हुआ
कि कोई किसी को
हाल चाल तक बतलाता नहीं
जिसे देखो वही मन ही मन कुछ बड़बड़ा रहा है
जिसे देखो वही
बेशर्मी से अपना झंडा फहराए जा रहा है
चेहरों पर जीवन की हँसी कही दिख नहीं रहीं
इतनी बड़ी मृत्यु
कोई रोता दिख नहीं रहा
कोई किसी को बतला नहीं पा रहा
आखिर
वह कहाँ जा रहा है.

बदलते हुए मौसम का मिजाज़

जब से भू मंडल नहीं रहा भौगोलिक
चढ़ गया है भूमंडलीकरण का बुखार
जब से ग़ायब होना शुरू हुई उदारता
फैला प्लेग की तरह
उदारतावाद
जब से उजड़ गए गाँवों, कस्बों और शहरों के खुले मैदानों के बाज़ार
घर-घर में घुस गया नकाबपोश
बाज़ारवाद
यह अकारण नहीं कि तभी से प्रकृति ने भी
ताक पर रखकर अपने नियम-धरम
बदल दिए हैं अपने आचार-विचार
अब यही देखिए कि पता ही नहीं लगता
कि खुश या नाराज़ हैं ये बझल
जो शेयर दलालों के उछाले गए सेंसेक्स की तरह
बरसे हैं मूसलाधार इस साल
जैसे कोई अकूत धनवान
इस तरह मारे अपनी दौलत की मार
कि भूखे भिखारियों को किसी एक दिन
जबरदस्ती ठूँस ठूँसकर तब तक खिलाए सारे पकवान
जब तक वे खा-खाकर मर न जाएं
जैसे कोई जलवाद केवल अपने अभ्यास के लिए
बेवजह मातहतों पर तब तक बरसाए
कोड़े पर कोड़े लगातार
जब तक स्वयं थक-हारकर सो न जाए
दूसरी तरफ देखिए यह दृश्य
कि ऐसी बरसात में, नशे में झूमतीं,
अपनी ही खुमारी में खड़ी हैं अविचलित
ऊँची-नीची पहाड़ियों
स्थित-प्रज्ञों की तरह अपने ही दंभ में खड़े हैं
ऊँचे-ऊँचे उठते मकान
और दुख से भी ज़्यादा दुख में
डूबी हुईं है सारी की सारी निचली बस्तियाँ
बह गए जिनके सारे छान-छप्पर-घर-बार
इन्हें ही मरना है, हव से, पानी से, आग से
बदलते हुए मौसम के मिजाज़ से
कभी प्यास से, कभी डूबकर
कभी गैस से
कभी आग से.

वे इसी पृथ्वी पर हैं

कहीं न कहीं कुछ न कुछ लोग हैं ज़रूर
जो इस पृथ्वी को अपनी पीठ पर
कच्छपों की तरह धारण किए हुए हैं
बचाए हुए हैं उसे
अपने ही नरक में डूबने से




वे लोग हैं और बेहद नामालूम घरों में रहते हैं
इतने नामालूम कि कोई उनका पता
ठीक-ठीक बता नहीं सकता
उनके अपने नाम हैं लेकिन वे
इतने साधारण और इतने आमफहम हैं
कि किसी को उनके नाम
सही-सही याद नहीं रहते
उनके अपने चेहरे हैं लेकिन वे
एक दूसरे में इतने घुले-मिले रहते हैं
कि कोई उन्हें देखते ही पहचान नहीं पाता
वे हैं, और इसी पृथ्वी पर हैं
और यह पृथ्वी उन्हीं की पीठ पर टिकी हुई है
और सबसे मज़ेदार बात तो यह है कि उन्हें
रत्ती भर यह अंदेशा नहीं
कि उन्हीं की पीठ पर
टिकी हुई यह पुथ्वी.

रेखांकन व कवितायें बीबीसी हिंदी से साभार

भिलाई इप्टा के बाल एवं तरुण नाट्य शिविर का समापन 25 एवं 26 मई को

भिलाई, इप्टा भिलाई द्वारा आयोजित 16 वें बाल एवं तरुण नाट्य शिविर का समापन 25 मई को राष्ट्रीय इप्टा के 70 वें स्थापना दिवस "जन संस्कृति दिवस "के अवसर पर नेहरु सांस्कृतिक भवन सेक्टर 1 में तथा 26 मई को पायोनियर्स मानयूमेंट सिविक सेंटर में संध्या 7.30 बजे सम्पन्न होगा. इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के उप महा प्रबंधक श्री मनोरंजन दास मुख्य अतिथि तथा श्री सुभाष मिश्र महा प्रबंधक छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे.


ज्ञातव्य है कि भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग के सहयोग से हर वर्ष इप्टा द्वारा 5 मई से 25 मई के बीच बाल एवं तरुण नाट्य शिविर का आयोजन किया जाता है इस वर्ष प्रसिद्ध रंगकर्मी,सिने कलाकार बलराज साहनी की जन्म शताब्दी को समर्पित इस नाट्य शिविर में कुल 155 बच्चों ने भागीदारी की जिन्हें खेल खेल में अरुण पंडा ने योग, प्राची ने ड्राइंग एवं हस्तकला, दीपेन्द्र हालदार ,मणिमय मुखर्जी ,भारत भूषन परगनिहा ने गायन,स्वेता सरकार,भावना सिंह,अदिति खरे,अर्चना ध्रुव ने नृत्य का तथा अशफाक खान, नितेश केडिया,सोनी सिंह,सतीश ,चारू श्रीवास्तव ने अभिनय का प्रशिक्षण दिया.

समय समय पर प्रशिक्षार्थियों की अलग अलग विधा के विशेषज्ञों से मुलाकात भी करवाई गई जिनमे पदम भूषण तीजन बाई, प्रभाकर चौबे, संजय श्याम,योगेन्द्र चोबे.विनोद दाढ़ी प्रमुख हैं. सघन प्रशिक्षण के बाद 25 मई को 4 जनगीत,5 नृत्य तथा 4 नाटकों का मंचन प्रमुख आकर्षण रहेगा.इस अवसर पर बच्चो द्वारा तैयार ड्राइंग तथा हस्तकला प्रदर्शनी भी आयोजित की जायेगी. समापन अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के उप महा प्रबंधक महमूद हसन,बशीर खान,प्रभंजय चतुर्वेदी,भाल चन्द्र,लोकबाबू,रवि श्रीवास्तव, अशोक सिंघई विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.

Thursday, May 24, 2012

अशोकनगर इप्टा के रंग शिविर के समापन की तैयारी


दो नाटक, चार नृत्य, जनगीत की प्रस्तुति और 
‘‘बाल रंग संवाद’’ का होगा विमोचन

अशोकनगर, 24 मई: भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) की अशोकनगर इकाई द्वारा आयोजित आठवें 25 दिवसीय ग्रीष्मकालीन बाल एवं किशोर रंग  शिविर  का समापन समारोह स्थानीय माधव भवन में 25 मई को शाम सात बजे होगा। इस अवसर पर  शिविर  में भाग लेने वाले बच्चे दो नाटक ‘‘पार्टीशन’’ और ‘‘इंस्पेक्टर मातादीन चांद पर’’, चार लोकनृत्य ‘‘राई’’, ‘‘पंथी’’, ‘‘दादरिया’’ और ‘‘कालबेलिया’’ की प्रस्तुति देंगे। साथ ही 25 दिन की गतिविधियों, इप्टा के इतिहास, बच्चों के रचनाकर्म और अन्य जानकारियों से पूर्ण 24 पृष्ठीय अखबार ‘‘बाल रंग संवाद’’ का विमोचन भी होगा। इसके अलावा जनगीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

 नृत्य निर्देशक इंद्र पांडे से प्रशिक्षण प्राप्त करते शिविरार्थी
एक मई से शुरू हुए इस  शिविर में बच्चों ने व्यायाम, नृत्य, नाट्य कला, पत्रकारिता, चित्रकारी, क्राफ्ट समेत कई कलाओं का प्रशिक्षण विशेषज्ञों द्वारा प्राप्त किया। इस दौरान बच्चों ने इप्टा  अशोकनगर  की अध्यक्ष सीमा राजोरिया के निर्देशन में स्वयं प्रकाश  की कहानी  ‘‘पार्टीशन’’  पर आधारित सत्येंद्र रघुवंशी का लिखा नाटक तैयार किया है, जिसका प्रदर्शन समापन समारोह में किया जाएगा। नाटक के बारे में सीमा राजोरिया ने बताया कि हिंदुस्तान का विभाजन एक खास तारीख को हुआ बताया जाता है, लेकिन समाज में यह बंटवारा आज भी जारी है। इसे कुछ पात्रों के माध्यम से स्वयं  प्रकाश  ने पकड़ा और सत्येंद्र  रघुवंशी  ने इसका विस्तृत नाट्य आलेख तैयार किया है। नाटक में कोई भी नायक या खलनायक नहीं है, बल्कि परिस्थितियां और घटनाएं ही इंसान-इंसान के बीच दूरी पैदा कर रही हैं, इस कथ्य को बच्चों ने खूबसूरती के साथ सामने रखा है। 

 बच्चों को आधुनिक कला की प्रायोगिक जानकारी देते चित्रकार मुकेश बिजौले
दूसरा नाटक ‘‘इंस्पेक्टर मातादीन चांद पर’’ है, जो ख्यातिलब्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की कहानी पर आधारित है, इसका नाट्य रूपांतरण तपन बनर्जी ने किया है। इस नाटक का निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी विनोद शर्मा ने किया है। नाटक के बारे में विनोद शर्मा ने बताया कि परसाई जी की इस कहानी में मातादीन नाम का एक इंस्पेक्टर चंद्रमा की पुलिस को प्रशिक्षित करने के लिए जाता है, और वहां वह एक ऐसी कार्यशैली विकसित करता है, जिससे पुलिस कमजोर, निर्दोष लोगों को सताने लगती है। व्यंग्य शैली का यह नुक्कड़ नाटक काफी प्रसिद्ध है और  अशोकनगर के दर्शकों के सामने यह इस नाटक की पहली प्रस्तुति है। 

समापन समारोह के अवसर पर बच्चे जाने माने लोक नृत्य निर्देशन इंद्र पांडे के मार्गदर्शन में तैयार चार लोकनृत्यों की प्रस्तुति भी देंगे। इंद्र पांडे ने बताया कि लोकनृत्य हमारी संस्कृति को तो दर्शाते ही हैं, साथ ही बच्चों में सामूहिक कार्य की भावना और जीवन की लय के साथ तालमेल का मुहावरा भी गढ़ते हैं। यह चारों नृत्य अपने आप में एक विचार हैं और इनमें संयोजन, शरीर संचालन, विश्वास और चेहरे के भावों का विशेष महत्व है। 

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा तैयार शहर की समस्याओं, डायरी, चित्र और नाटक आदि पर आधारित 24 पेज का ‘‘बाल रंग संवाद’’ अखबार का विमोचन भी होगा। यह अखबार बच्चों ने मेरठ से आए पत्रकार सचिन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में तैयार किया है। अखबार के बारे में सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि लोकतंत्र के तीन  स्तंभ के बारे में बच्चों को शुरुआत से ही जानकारी दी जाती है, लेकिन चौथे स्तंभ मीडिया के बारे में उनकी जानकारी अनुभव आधारित होती है। इसे प्रायोगिक ढंग से समझाकर पत्रकारिता के उद्देश्य और उसकी कार्यशैली से बच्चों को परिचित कराया गया है। यह लगातार तीसरा साल है, जब बच्चों ने उत्साह के साथ अखबार निकाला है। 

शिविर में रतनलाल पटेल और रामदुलारी शर्मा के मार्गदर्शन में तैयार जनगीत भी बच्चे प्रस्तुत करेंगे। इस संबंध में रतनलाल पटेल ने कहा कि शिविर में बच्चों को दस से अधिक ताल की जानकारी दी गई है। इस बीच बच्चों ने करीब 15 जनगीतों का अभ्यास किया है, और अशोकनगर के बच्चों में गायन की अनूठी प्रतिभा को इस माध्यम से उभारा जा सकता है।

कार्यक्रम के बारे में इप्टा के प्रदेश महासचिव हरिओम राजोरिया ने बताया कि 25 मई को इप्टा अपने गठन के 70वें साल में प्रवेश कर रही है और यह कार्यशला महान अभिनेता बलराज साहनी के कला अवदान को समर्पित थी। एक मई 1913 को जन्मे बलराज साहनी का यह शताब्दी वर्ष है। इस समय देश भर में इप्टा की 20 से अधिक बाल कार्यशालाएं चल रही हैं और अशोकनगर इकाई का कार्य पूरे देश में अलग से रेखांकित किया जा रहा है, यह पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है।

इप्टा मंडी का यादगारे कैफी

मंडी। इप्टा मंडी ने यादगारे कैफी मनाते हुए प्रसिद्ध गीतकार, कवि और रंगकर्मी कैफी आजमी को याद किया। कैफी आजमी इप्टा के 1985 से 2000 तक राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। इस अवसर पर कला प्रेमी, गायक, कवि और रंगकर्मी आर्यन बैंग्लो में एकत्र हुए। 




इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध कवि दीनू कश्यप ने की। इस अवसर पर प्रो. शुक्ला शर्मा, रूपेश्वरी शर्मा, भूपेन्द्र, जय कुमार, प्रवेश तथा ईप्टा के अन्य सदस्यों ने कैफी आजमी के गीतों और कव्वालियों को गाया और कविताओं का पाठ किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता रवि राणा शाहिन, एडवोकेट देशराज, एडवोकेट अमर चंद वर्मा ने भी कैफी आजमी के जीवन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन इंडियन पीपुल्स थियेटर एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक लवण ठाकुर ने किया।