Thursday, August 30, 2012

हंगल साहब की याद में रांची में होगा फिल्म महोत्सव


झारखण्ड इप्टा, भाकपा व माकपा ने दी हंगल साहब को श्रद्धांजलि,
झुकाया पार्टी कार्यालय का झंडा

रांची। इप्टा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह रंगमंच और फिल्मी जगत के वयोवृद्ध अभिनेता अवतार कृष्ण हंगल की याद में रांची इकाई द्वारा फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। उनके निधन पर इप्टा, रांची द्वारा आयोजित शोकसभा में यह फैसला लिया गया। इसके अलावा भाकपा कार्यालय में भी उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी और उनके सम्मान में पार्टी का झंडा झुका दिया गया है। इसी के साथ माकपा राज्य कार्यालय में भी उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी।

 इप्टा, रांची द्वारा आयोजित शोकसभा को संबोधित करते हुए इप्टा मुंबई के साथी सह पटकथा लेखक अतुल तिवारी ने उनके साथ अपने अनुभवों को साझा किया और कहा कि हमलोंगों की यह परंपरा बन गयी थी कि जब मुंबई में रहता तो उनसे जरूर मिलता। लेकिन इस बार जब उनसे मिलने गया तो वे सो रहे थे, काफी इंतजार करने के बाद भी वे नहीं उठे। यह हमारे लिये अफसोस रहेगा कि जब इस बार मुंबई लौटूंगा तो उन्हें देख नहीं पाऊंगा।

श्री तिवारी ने कहा कि हंगल साहब अभिनेता के साथ-साथ मजदूर नेता भी थे। आजादी के आंदोलन के दौरान उन्होंने संघर्ष किया था। उनकी राजनीति भगत सिंह की फाँसी के बाद शुरू हुए आंदोलन से हुई थी। वे अंतिम समय तक भाकपा के सदस्य थे व अतुल अंजान से उनका आत्मीय संबंध रहा। वे जब भी मुंबई जाते, हम उन्हें साथ लेकर हंगल साहब के पास जाते। श्री तिवारी ने कहा कि हम दोनों को साथ देखकर हंगल साहब हमेशा कहते कि आखिर कब तक तुम लोग अगल-अलग रहोगे, अब तो एक पार्टी में आ जाओ।

सभा को संबोधित करते हुए झारखण्ड इप्टा के अध्यक्ष श्यामल मल्लिक ने कहा कि कैफी आजमी के निधन के बाद उन्हें अध्यक्ष पद दिया गया था, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। श्री मल्लिक ने कहा कि उनके जाने से इप्टा में खालीपन पैदा हो गया है। शोकसभा में फैसला लिया गया कि उनकी स्मृति में आयोजित फिल्म समारोह का लक्ष्य होगा -आम अवाम को फिल्म के माध्यम से वर्तमान समय की चुनौतियों के प्रति रू-ब-रू कराना। इस महोत्सव में भारतीय उपमहाद्वीप में बन रही सर्वोतकृष्ट फिल्मों से रांची की जनता को अवगत कराया जायेगा। साथ ही कई विश्वस्तरीय फिल्में भी इस महोत्सव में देखी जा सकेंगी।

शोकसभा में इबरार अहमद, जयशंकर चौधरी, हिमांशु बोस, पंकज मित्र, विनय भूषण, अरूण वर्मा, उषा श्रीवास्तव, उमेश नजीर, ए.एस. राजन, सुधीर साह, अमित आर्यन, साकेत खत्री, सुमेधा मल्लिक, ब्रजेश कुमार सुभाष -आदि मौजूद थे।

वहीं भाकपा कार्यालय में सीपीआई, झारखण्ड के सहायक सचिव पी.के. गांगुली के नेतृत्व में हंगल साहब की याद में एक शोकसभा आयोजित हुई और पार्टी का झंडा झुका दिया गया। श्री गांगुली ने उन्हें प्रतिबद्ध और समर्पित पार्टी कार्यकर्ता बताया और कहा कि फिल्म जगत के अलावा उनकी एक और पहचान मजदूर नेता के रूप में भी रही है। वे लंबे समय तक पार्टी से जुड़े रहे और पार्टी के कार्यक्रमों बराबर दिलचस्पी दिखायी है। शोकसभा में अजय सिंह, पावेल कुमार, वीरेंन्द्र विश्वकर्मा, श्यामल चक्रवर्ती सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।

साथ ही माकपा राज्य कमेटी ने भी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। इसके लिये आयोजित शोकसभा की अध्यक्षता राजेन्द्र सिंह मुंगा ने की। इस अवसर पर गोपीकांत बख्शी, प्रकाश विप्लव, प्रफुल्ल लिंडा, आर.पी. सिंह व अमित राय उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment